{"_id":"5bc8a07abdec226956571c53","slug":"nikay-chunav-2018-congress-and-bjp-candidate-announcement","type":"story","status":"publish","title_hn":"निकाय चुनाव 2018: कांग्रेस आज करेगी प्रत्याशियों का एलान, भाजपा की सूची पर मुहर का इंतजार ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
निकाय चुनाव 2018: कांग्रेस आज करेगी प्रत्याशियों का एलान, भाजपा की सूची पर मुहर का इंतजार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
Updated Fri, 19 Oct 2018 09:37 AM IST
विज्ञापन
pritam singh
- फोटो : rakesh khanduri amar ujala dehradun
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश कांग्रेस कमेटी निकाय चुनाव के प्रत्याशियों का आज एलान कर सकती है। शुक्रवार को ही प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होने की संभावना थी। लेकिन प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने ऐन वक्त पर इरादा बदल दिया। पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के निधन की सूचना को इसकी मुख्य वजह माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, वे वरिष्ठ नेताओं के साथ गुप्त स्थान पर संभावित दावेदारों के नामों पर मंथन कर रहे थे। देर शाम तक प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करने की भी तैयारी थी कि वयोवृद्ध नेता के निधन की खबर आ गई।
विज्ञापन
कांग्रेस भवन में जुटा दावेदारों का हुजूम
चूंकि निकाय चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया 20 अक्तूबर से आरंभ होनी है, इसलिए टिकट की दौड़ में शामिल दावेदारों ने भी जद्दोजहद तेज कर दी। इसका असर कांग्रेस भवन में भी दिखाई दिया। बृहस्पतिवार को सुबह से ही दावेदारों का कांग्रेस भवन में तांता लगना शुरू हो गया। इनमें देहरादून, विकासनगर, डोईवाला, ऋषिकेश, मसूरी, टिहरी, हरिद्वार, हल्द्वानी समेत प्रदेश भर से दावेदार अपने समर्थकों के साथ टिकट की पैरवी करने पहुंचे थे। कुछ दावेदार तो पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को अपने साथ टिकट की सिफारिश कराने आए थे।
विज्ञापन
खुला अध्यक्ष का दफ्तर, दावेदार करते रहे इंतजार
बड़ी संख्या में कांग्रेस भवन पहुंचे दावेदार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह का इंतजार करते रहे। चूंकि उनके दफ्तर का ताला खुला था, इसलिए सभी उनके आने की उम्मीद लगाए बैठे थे। कांग्रेस भवन में बैठे पदाधिकारी भी उनके आने की सूचना दे रहे थे। लेकिन शाम करीब चार बजे प्रीतम कांग्रेस भवन पहुंचे।
विज्ञापन
गुप्त स्थान पर होती रही मंत्रणा
कांग्रेस भवन में दावेदारों के जुटने की भनक लगने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने वहां आने का इरादा बदल दिया। कहीं गुप्त स्थान पर वरिष्ठ नेताओं के साथ वे दिन भर प्रत्याशियों की सूची पर माथापच्ची करते रहे। ज्यादातर नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं में प्रत्याशियों के नामों पर सहमति बनने के बाद इनकी सूची बृहस्पतिवार को ही जारी करने की तैयारी थी, लेकिन ऐन वक्त पर इसे टाल दिया गया।
दुख की घड़ी में नहीं हुई टिकट की बात
पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के निधन की खबर आ चुकी थी। इसलिए दावेदार चाहकर भी अपने टिकट की बात अध्यक्ष से नहीं कर सके। प्रदेश अध्यक्ष समेत तमाम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन में शोक सभा कर एनडी को श्रद्धांजलि अर्पित की। दावेदार और उनके समर्थक चाहकर भी टिकट की पैरवी नहीं कर सके।
मंत्री प्रसाद भी लौटे
टिकट की दौड़ में शामिल कुछ दावेदार अपने पक्ष में पूर्व कैबिनेट मंत्री नैथानी को लेकर भी पार्टी दफ्तर पहुंचे थे। लेकिन दफ्तर में कुछ समय बिताने के बाद जब अध्यक्ष पार्टी कार्यालय नहीं पहुंचे तो मंत्री प्रसाद लौट गए।
ये बात सही है कि टिकट की दौड़ में बहुत सारे लोग शामिल हैं। लेकिन टिकट तो एक ही व्यक्ति को दिया जा सकता है। टिकट तय करने का पार्टी का अपना एक पैमाना है। इस कसौटी पर जो लोग भी खरे उतरेंगे, उन्हें पार्टी उम्मीदवार बनाएगी। आज दिन भर दावेदारों के पैनल पर चर्चा हुई। कई नाम फाइनल हुए हैं। शुक्रवार तक प्रत्याशियों की एक सूची जारी की जा सकती है।
- प्रीतम सिंह, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस
भाजपा: सूची तैयार, बस मुहर का इंतजार
भाजपा ने अधिकांश निकायों के लिए प्रत्याशी तय करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। प्रत्याशियों के चयन का खाका तैयार है। पूर्व सीएम एनडी तिवारी के निधन के चलते गुरुवार को कोर कमेटी की बैठक टल गई, जिसके चलते सूची पर मुहर नहीं लग पाई। पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार सबसे बड़े नगर निगम देहरादून में मेयर पद के लिए खींचतान के बावजूद नाम लगभग तय हो चुका है।
भाजपा चुनाव समिति की बैठक पूर्व सीएम एनडी तिवारी की अंत्येष्टि के बाद होना संभावित है। नगर निगम, पालिका और पंचायतों के सभासदों के लिए प्रत्याशियों पैनल की छंटनी कर अंतिम तीन नाम तय हो चुके हैं। कई वार्डों में तो नाम तय भी हो चुके हैं। इन पर चुनाव समिति की मुहर लगना बाकी है। बैठक में पैनल और निकायों की सर्वेक्षण रिपोर्ट का मिलान करने के बाद सूची जारी कर दी जाएगी। असल मसला निगमों के मेयर और निकाय अध्यक्षों के पदों पर नाम फाइनल करने को लेकर है। कुछ निगमों में पूर्व मेयरों को दोबारा मौका देने पर लगभग सहमति बन चुकी है। देहरादून निगम में मेयर पद को लेकर ज्यादा खींचतान बताई जा रही थी, लेकिन नाम लगभग तय है। हालांकि समिति तीन नामों पर चर्चा करेगी।