डाक सहायक ने डकारे लोगों के 19 लाख, मामला दर्ज, विभाग ने किया निलंबित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला शिमला के मशोबरा उप डाकघर में तैनात डाक सहायक पर लोगों के जमा कराए 19 लाख रुपये के गबन के आरोप में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। शिमला डिवीजन के वरिष्ठ डाक अधीक्षक बली राम की शिकायत पर ढली पुलिस ने कार्रवाई की है।
उधर, डाक विभाग ने जांच के बाद आरोपी को सस्पेंड कर दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में अभी भी कई खुलासे हो सकते हैं। आरोपी खेमराज जिला मंडी के तहसील करसोग के शाकरा गांव का निवासी है।
डाक विभाग के मुताबिक पिछले कुछ महीने से आरोपी दैनिक लेन-देन का ब्योरा शिमला मालरोड स्थित जीपीओ कार्यालय को नियमित नहीं भेज रहा था। चेतावनी पर भी ब्योरा न दिया तो विभागीय स्तर पर जांच की। निरीक्षण प्राधिकरण ने पाया गया कि रिकॉर्ड और पैसा मेल नहीं खा रहा।
विभाग खंगाल रहा पिछला रिकॉर्ड
आरोपी ने पोस्टल खाते से पैसा इधर से उधर किया है। पुख्ता सबूत मिलने के बाद विभाग ने आरोपी को सस्पेंड कर दिया है। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। हालांकि, विभागीय जांच अभी भी जारी है। इसमें अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता भी देखी जा रही है। उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर प्रमोद शुक्ला ने बताया कि वरिष्ठ डाक अधीक्षक की शिकायत पर डाक सहायक पर मामला दर्ज किया है।
मामले की तफ्तीश जारी है। डाक विभाग मशोबरा सब पोस्ट ऑफिस के पिछले कई महीने के लेन-देन के रिकॉर्ड को खंगाल रहा है। इसके अलावा विभाग रसीदों और पासबुकों के रिकॉर्ड का आपस में मिलान करने में जुटा है। इससे पता लगाया जाएगा कि कहीं आरोपी ने किसी ग्राहक के खाते से हेराफेरी तो नहीं की है।