{"_id":"573a24504f1c1bf815ac7f59","slug":"jbt-met-with-cm-khattar-will-be-protest-on-education-house","type":"story","status":"publish","title_hn":"मुख्यमंत्री से मिले जेबीटी, आज शिक्षा सदन का करेंगे घेराव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मुख्यमंत्री से मिले जेबीटी, आज शिक्षा सदन का करेंगे घेराव
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
Updated Tue, 17 May 2016 05:48 PM IST
विज्ञापन
सीएम मनोहर लाल खट्टर
- फोटो : फाइल फोटो
पिछले बीस महीनों से अपनी नियुक्ति का इंतजार कर रहे हरियाणा के नवचयनित जेबीटी अध्यापकों का तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिलने उनके आवास पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात पहले तो सीएम के ओएसडी भूपेश्वर दयाल से हुई। शाम को मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान सीएम ने कहा कि उन्हें अपना वादा याद है और सरकार जेबीटी को नियुक्ति देने के पक्ष में है। इसी बीच, पंचकूला के परेड ग्राउंड पर नवचयनित जेबीटी अध्यापकों का महापड़ाव दूसरे दिन जारी रहा। अध्यापकों ने महापड़ाव स्थल पर योगा किया। अध्यापक मंगलवार को शिक्षा सदन का घेराव करेंगे।
विज्ञापन
सोमवार दोपहर दो बजे सीएम आवास पहुंचे तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की ओएसडी भूपेश्वर दयाल से लंबी बातचीत हुई। दयाल ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही फोन से बात कर स्थिति की जानकारी ली और उन्होंने सीएफएसएल मधुबन के निदेशक से भी बात की। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि आगामी एक जुलाई तक सभी तरह की साइंटिफिक जांच पूरी कर ली जाएगी। प्रतिनिधिमंडल की ओर से मांग की गई कि हाईकोर्ट की ओर से लगाया स्टे हटने तक नियुक्ति संबंधी बाकी औपचारिकताएं मेरिट लिस्ट, जिला आवंटन, काउंसिलिंग का काम पूरा कर लिया जाए।
विज्ञापन
उधर, पंचकूला में सोमवार को नवचयनित जेबीटी अध्यापकों ने महापड़ाव स्थल पर योग कर अपना विरोध प्रदर्शन किया। चयनित अध्यापक संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि मंगलवार को शिक्षा सदन का घेराव किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 29 मार्च, 2015 को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नवचयनित जेबीटी को 77 दिन में नियुक्ति पत्र देने का वादा किया था।
विज्ञापन
मामला कोर्ट में होने के कारण यह प्रक्रिया चलती रही और 31 मार्च को हाईकोर्ट ने नियुक्ति पर लगी रोक हटा दी, लेकिन शिक्षा विभाग और राज्य सरकार ने करीब 40 दिन मिलने के बाद भी नियुक्ति प्रक्रिया के लिए कोई कदम नहीं उठाया। इस पर बीते 11 मई को हाईकोर्ट की डबल बेंच ने मामले में नियुक्ति पर फिर से 28 मई तक रोक लगा दी।