सोशल मीडिया पर पीएम, सीएम के लिए अभद्र टिप्पणी करना पड़ा भारी
नौबस्ता में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की फोटो से छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर एक युवक ने पोस्ट करके अभद्र टिप्पणी भी की। एडीजी अविनाश चंद के निर्देश पर पुलिस ने युवक के खिलाफ एक्शन लिया।
हिंदू समन्वय समिति के प्रदेश प्रभारी अभिषेक जोशी ने एडीजी से शिकायत दर्ज कराई थी कि संजय गांधी नगर, नौबस्ता के एके सोनी ने अपनी फेसबुक आईडी पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की फोटो से छेड़छाड़ करके अभद्र पोस्ट किए हैं। साथ ही उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी भी की है। उन्होंने आपत्ति जताई, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। उल्टा उन्हें ही धमकाना शुरू कर दिया। नौबस्ता इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह का कहना है कि एडीजी के निर्देश पर आरोपी एके सोनी के खिलाफ राष्ट्रद्रोह और आईटी एक्ट में कार्रवाई करके कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।