स्टेट गोल्ड मेडलिस्ट पहलवान की गोली मारकर हत्या, हमलावरों को ग्रामीणों ने दबोचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गांव जुआं में खेल विभाग की ओर से कराई जा रही जिला कुमार व केसरी दंगल प्रतियोगिता में भाग लेने गए पहलवान की तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पहलवान स्टेट लेवल की अखाड़ा प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता रह चुका है। वारदात के बाद हमलावर ईंख के खेत में घुस गए, जहां से पहलवानों व ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। हमलावरों को भी खानपुर अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। हत्या एक हमलावर के साथ कॉलेज में हुए झगड़े की रंजिश में की गई बताई जा रही है।
गांव गढ़ मिरकपुर निवासी केशव (21) शुक्रवार को गांव जुआं में आयोजित जिला केसरी व कुमार अखाड़ा कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेने गया था। 61 किलोग्राम भारवर्ग का पहलवान दोपहर को अपनी तीन कुश्तियां जीतने के बाद स्टेडियम में रखे बेंच पर बैठा था। उसका फाइनल मुकाबला शनिवार को होना था। केशव व अन्य लोग कुश्तियां देख रहे थे कि इसी दौरान तीन युवक केशव के पास आए और उसके सिर में सटाकर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर वह वहां से भाग गए।
अचानक हुए घटनाक्रम के बाद केशव को तुरंत खानपुर अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं ग्रामीणों व पहलवानों को जब हमले का पता लगा तो उन्होंने हमलावरों का पीछा करना शुरू कर दिया। भागकर हमलावर ईंख में पहुंच गए। जहां से पहलवानों व ग्रामीणों ने तीनों को पकड़ लिया। उनकी जमकर पिटाई कर दी।
उसके बाद उन्हें मोहाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। हमलावरों की पहचान गांव जुआं निवासी दिनेश, जींद के गांव करसौल निवासी शाहिल व तीसरे की पहचान करेवड़ी निवासी के रूप में हुई है। करेवड़ी निवासी आरोपी की आयु 17 वर्ष बताई गई है। पुलिस तीनों हमलावरों को घायल होने के चलते खानपुर अस्पताल में उपचार दिलवा रही है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दिनेश व केशव सोनीपत में एक साथ कॉलेज में पढ़ते थे। करीब एक साल पहले उनका किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। जिसकी रंजिश में ही वारदात को अंजाम दिया गया है।
गांव जुआं में अखाड़ा प्रतियोगिता में भाग लेने आए पहलवान की गोली मारकर हत्या की गई है। तीन हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एक आरोपी नाबालिग बताया गया है। हत्या का कारण कॉलेज में हुआ झगड़ा बताया गया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। -डा.रवींद्र कुमार, डीएसपी मोहाना।