पंजाब : 10 अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू, प्रदेशभर में 4000 खरीद केंद्र बने, 1975 रुपये एमएसपी तय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में 10 अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं खरीद की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसानों की सुविधा और कोरोना की वजह से खरीद केंद्रों की संख्या 1872 से बढ़ाकर 4000 की गई है। गेहूं खरीद का मूल्य 1975 रुपये तय कर दिया गया है। इस बार रबी के सीजन में 130 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद होने की संभावना है। सभी केंद्रों पर 31 मई तक गेहूं खरीद की प्रक्रिया जारी रहेगी।
पंजाब के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री भारत भूषण आशु ने बताया कि इस सीजन के दौरान भारत सरकार द्वारा गेहूं की तय न्यूनतम समर्थन मूल्य 1975 रुपये और समूह खरीद एजेंसियों समेत एफसीआई (भारतीय खाद्य निगम) गेहूं की खरीद करेगी। राज्य के कृषि और किसान कल्याण विभाग सूबे की मंडियों में 130 लाख मीट्रिक टन गेहूं आने की संभावना है।
इसमें से 8.50 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद पनग्रेन द्वारा बतौर नोडल एजेंसी, राज्य में स्मार्ट राशन कार्ड स्कीम के अधीन योग्य लाभार्थियों को बांटने के लिए और 121.5 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद सेंट्रल पूल के अधीन समूह एजेंसियों अर्थात पनग्रेन, मार्कफेड, पनसप, वेयरहाउस और एफसीआई द्वारा की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा रबी सीजन 2021-22 के दौरान सेंट्रल पूल के लिए गेहूं की खरीद करने संबंधी एजेंसियों द्वारा 50 किलो की क्षमता वाली नई जूट, एचडीपीई, पीपी बोरियों का अपेक्षित प्रबंध किया गया है। नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट के अंतर्गत बांटे जाने वाले गेहूं की भराई के लिए जरूरी 30 किलो क्षमता की बोरियों का प्रबंध पनग्रेन द्वारा किया गया है।
टोकन से मिलेगा बारदाना
राज्य सरकार ने निर्देश दिए हैं कि मंडी बोर्ड द्वारा मंडीवार, आढ़तीवार बारदाना मंडी में भेजते हुए संबंधी आढ़तियों को टोकन जारी किया जाएगा। भारत सरकार की हिदायतों के अनुसार गेहूं की बोरी और नीले रंग का छापा, लाल रंग के धागे के साथ सिलाई की जाएगी।
आठ घंटे होगी गेहूं की बोली
सीजन के दौरान सरकार द्वारा गेहूं की बोली का समय सुबह 10.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक का निर्धारित किया गया है। बोली लगाते समय उचित दूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। कोविड-19 के प्रभाव को रोकने के लिए लेबर, ढुलाई के ठेकेदार द्वारा लेबर को जरूरी मास्क मुहैया करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
ऑनलाइन पोर्टल से होगी अदायगी
रबी सीजन 2021-22 के दौरान खरीदे गए गेहूं की अदायगी ऑनलाइन विधि द्वारा अनाज खरीद पोर्टल के जरिए की जाएगी। राज्य सरकार द्वारा समस्त डिप्टी कमिश्नर, राज्य की मंडियों में गेहूं की खरीद के समूचे प्रबंध करने और सरकार द्वारा निश्चित समय के दौरान गेहूं की कटाई के लिए निर्देश दिए गए हैं।
खरीद केंद्रों पर 24 घंटे बिजली
चेयरमैन बिजली बोर्ड पंजाब को राज्य के घोषित किए गए 1872 खरीद केंद्रों और अतिरिक्त अलॉट किए गए राइस मिल-कम-मंडी यार्डां में 24 घंटे बिजली की सप्लाई जारी रखने को कहा गया है। साथ ही डीजीपी को इन खरीद केंद्रों में सुरक्षा प्रबंध करने के लिए लिखा जा चुका है, जिससे खरीद कार्य को सुचारु ढंग के साथ चलाया जा सके।