हरियाणा: कांग्रेस में प्रदेशाध्यक्ष को लेकर घमासान, नहीं बन रही सहमति, विवेक बंसल व कुलदीप बिश्नोई की वेणुगोपाल से मुलाकात
इस पूरे प्रकरण में देखने वाली बात यह है कि कुलदीप बिश्नोई इस बार बहुत सधी हुई चाल चल रहे हैं। बिना किसी अनर्गल बयानबाजी के अनुशासन में रह कर अपनी बात कह रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा कांग्रेस में प्रदेशाध्यक्ष पद को लेकर घमासान छिड़ गया है। मंगलवार दोपहर भी कांग्रेस के पदाधिकारियों की आलाकमान के सामने मंत्रणा हुई लेकिन बात नहीं बन सकी। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा प्रदेश अध्यक्ष का पद अपने नजदीकी को दिलवाना चाहते हैं जबकि कुलदीप बिश्नोई खुद इस पद पर काबिज होना चाह रहे हैं।
वर्तमान प्रेदश अध्यक्ष कुमारी सैलजा और किरण चौधरी कभी यह नहीं चाहेंगीं कि प्रदेश अध्यक्ष हुड्डा गुट से बने। हुड्डा गुट ने पंजाब कांग्रेस में की गई मनमानी का उदाहरण पेश कर आलाकमान पर दबाव बना रखा है। मंगलवार को संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल और कांग्रेस विधायक कुलदीप बिश्नोई की अलग-अलग बैठकें हुईं।
प्रदेशाध्यक्ष बनने के तलबगार नेता दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं और शीर्ष नेताओं से लगातार बैठकें कर रहे हैं। इस बीच कुलदीप ने एकाएक सक्रियता बढ़ा दी है। वह गैर जाट नेता को प्रदेशाध्यक्ष पद देने की पैरवी आलाकमान के समक्ष मजबूती से कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समर्थक हुड्डा के हाथ में कमान चाह रहे हैं।
समर्थक विधायक व अन्य नेता चाहते हैं कि नेता प्रतिपक्ष हुड्डा रहें और प्रदेशाध्यक्ष भी उनकी पसंद का हो ताकि 2024 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को सत्ता में ला सकें। इस फार्मूले पर सहमति नहीं बन पा रही। आलाकमान भी प्रदेश में सभी दिग्गज नेताओं को संतुष्ट कर आगे बढ़ना चाहता है। ऐसे में कोई घोषणा नहीं हो पा रही।
मंगलवार को भी पूरा दिन प्रदेशाध्यक्ष व अन्य पदों पर होने वाली नियुक्तियों को लेकर अटकलें जारी रहीं। देर रात तक कोई फैसला नहीं हो पाया। प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने अंतिम निर्णय आलाकमान पर छोड़ दिया है। अब सबकी निगाहें इस पर टिकी हुई हैं कि प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए किसके नाम पर मुहर लगती है। अनेक नेताओं के नाम की अटकलें लगाई जा रही हैं।
तकरार बढ़ी: हुड्डा इस बात पर अड़ गए हैं कि कांग्रेस को हरियाणा में सरकार बनाने के लिए पूरी तरह उन भरोसा जताना होगा। इस बात का उदाहरण भी उन्होंने आलाकमान के सामने पेश किया है। यह भी कहा है कि 2019 चुनाव में टिकट बंटवारे में पूरी तरह चली होती तो कांग्रेस सरकार बनाती। दूसरे धड़े से आलाकमान का टकराव इस बात को लेकर भी हुआ कि नेता प्रतिपक्ष के साथ प्रदेश अध्यक्ष का पद हुड्डा खेमे को क्यों दिया जाए।
सधी हुई चाल चल रहे कुलदीप: इस पूरे प्रकरण में देखने वाली बात यह है कि कुलदीप बिश्नोई इस बार बहुत सधी हुई चाल चल रहे हैं। बिना किसी अनर्गल बयानबाजी के अनुशासन में रह कर अपनी बात कह रहे हैं। अपने पिता दिवंगत भजनलाल के समय की कार्यप्रणाली को आगे रख कर आलाकमान को यह बता रहे हैं कि छत्तीस बिरादरी के लिए उनका चेहरा पार्टी में उपयुक्त होगा।