Punjab: 165 क्विंटल गेहूं किया गायब, बाकी बोरियों में पानी डाल बढ़ाया वजन, विजिलेंस ने तीन कर्मियों को दबोचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने बठिंडा जिले के रामपुरा फूल के एफसीआई गोदाम पर गुरुवार को छापा मार कर कार्रवाई की। विजिलेंस को शिकायत मिली थी यहां गेहूं के स्टॉक में धांधली और गेहूं का वजन बढ़ाने के लिए बोरियों में पानी डाला जाता है। इस शिकायत पर विजिलेंस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपी कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ने ग्लोब्स वेयर हाउसिंग एंड ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का मैनेजर जसपाल कुमार, सुखजिंदर सिंह गोदाम क्लर्क और बलजिंदर सिंह गोदाम इंचार्ज को गिरफ्तार किया है।
किसी अन्य अधिकारी व कर्मचारी की भूमिका सामने आती है तो उसको मुकदमे की जांच में शामिल किया जाएगा। विजिलेंस ने पनग्रेन और एफसीआई रामपुरा फूल के अधिकारियों और कर्मचारियों और कस्टोडियन कंपनी ग्लोब्स वेयर हाउसिंग प्राइवेट लिमिटेड दिल्ली के कर्मचारियों की हाजिरी में रामपुरा फूल के गोदाम की अचानक जांच की। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के अंतर्गत केस दर्ज किया है।
चेकिंग के दौरान पाया गया कि एफसीआई द्वारा ग्लोब्स वेयर हाउसिंग एंड ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड दिल्ली की ओर से बठिंडा में पनग्रेन की ओर से गेहूं स्टोर करने के लिए करीब 18 गोदाम किराए पर लिए हुए हैं। इनमें से गांव गिल्ल कलां के गोदाम में मई 2023 के दौरान गेहूं की 2,33,374 बोरियां वजन 116429.99880 क्विंटल स्टोर की थीं। यहां एफसीआई की ओर से अलग-अलग राज्यों में गेहूं भेजने के बाद 1,57,151 बोरियां गेहूं (वजन 78348.38780 क्विंटल) बकाया बचती थीं।
जांच में पता लगा कि ग्लोब्स कंपनी ने पहले ही करीब 165 क्विंटल गेहूं उक्त स्टोर में से निकाल कर खुर्द-बुर्द कर दिया। जिसकी अंदाजन कीमत 4,50,000 रुपये बनती है। आरोपियों ने इसको पूरा करने के लिए और अन्य गेहूं खुर्द-बुर्द करने के इरादे से मिलीभगत करके गेहूं पर पानी डाल कर उसका वजन करीब 875 ग्राम प्रति क्विंटल बढ़ा दिया।
इस तरह इन आरोपियों ने करीब 685 क्विंटल गेहूं का वजन बढ़ा कर उसको भी खुर्द-बुर्द करना था, जिससे सरकार का करीब 19 लाख रुपये का घाटा होना तय था। ऐसा करके लोगों की सेहत के साथ भी खिलवाड़ किया जाना था। इस चेकिंग के दौरान गेहूं की बोरियों पर पानी डालने का वीडियो फुटेज भी प्राप्त हुआ। जिस कारण इन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया है।