विधानसभा में विज-हुड्डा की तीखी नोकझोंक, कांग्रेसियों का हंगामा, मनोहर लाल ने मोर्चा संभाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा विधानसभा के शून्यकाल में उस वक्त जमकर हंगामा हो गया, जब कांग्रेस विधायक किरण चौधरी ने हरियाणा औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों की बहाली का मुद्दा उठाया। इसी मुद्दे पर भाजपा-कांग्रेस के विधायकों में बहस इस कदर हंगामे में तबदील हुई कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और गृहमंत्री अनिल विज की तीखी नोकझोंक हो गई। अन्य कांग्रेसी विधायक भी खड़े हो गए और बवाल करने लगे।
अंतत: सीएम मनोहर लाल को मोर्चा संभालना पड़ा और उन्होंने इस मसले पर जवाब देकर विपक्ष को शांत करवाया। उल्लेखनीय है कि पूर्व की ओपी चौटाला सरकार में बिना अप्रूवड पॉलिसी के इन जवानों को नौकरी पर रखा गया था। बाद में पूर्व हुड्डा सरकार में इन जवानों को नौकरी से हटा दिया था। मनोहर सरकार ने इन जवानों को वर्ष 2016 से अनुबंध पर रखा हुआ है।
सदन में यूं विधायकों की बहस हंगामे में बदली
किरण चौधरी: आज हरियाणा औद्योगिक सुरक्षा बलों के रोजगार पर तलवार लटक रही है, हरियाणा सरकार इन जवानों का रोजगार को सुनिश्चित करें।
अभय यादव तंज कसते हुए: मैडम, सदन को ये तो बता दो कि आखिरकार इन जवानों को किसकी सरकार में रोजगार मुक्त किया गया था।
अनिल विज तंज कसते हुए: कांग्रेसी विधायक ये मुद्दा उठाते हुए ये बात कहने की भी हिम्मत करें कि इन जवानों के साथ आपकी ही हुड्डा सरकार ने कितना गलत किया था। हमने इनका रोजगार नहीं छीना, बल्कि हमने तो इन जवानों को फिर नौकरी पर रखा है। कहो न, पूर्व सीएम हुड्डा साहब से गलतियां हुई हैं।
किरण चौधरी: स्पीकर महोदय, ये गलत बात है, मैं उन जवानों का मुद्दा उठा रही हूं और मिस्टर विज राजनीति कर रह हैं।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा: मुझे तो दिख रहा है, जब से विज गृह मंत्री बना है, इनका चेहरा-मोहरा दोनों ही बदल गया है। यदि हमारी सरकार में जवान हटे थे, तब तो आप नहीं बोले, कोई मुद्दा नहीं उठाया?
अनिल विज: मैंने उस वक्त उठाया था ये मुद्दा, सब जानते हैं मैं बोलता था तो मुझे उठाकर सदन से बाहर करवा दिया जाता था। आप तो सदन में तानाशाह रवैया रखते थे (इस शब्द पर कांग्रेसियों ने खूब हंगामा किया)। खासकर, मुझे तो बोलने ही नहीं देते थे।
हंगामा बड़ा तो बोले स्पीकर ज्ञानचंद चंद: देखिए दोनों तरफ विधायक आराम से सीट पर बैठ जाइए, इस तरह सदन नहीं चलता, सदन की गरिमा बनाए रखें, यूं हंगामा न करें...आप बोलिए किरण जी।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा: उस वक्त का रिकॉर्ड निकालकर देख लो, पता चल जाएगा कि विज इस मुद्दे पर क्या बोले थे, ये क्यों निकालेंगे रिकॉर्ड, इन्हें तो सब मालूम हैं। अगर जवान हट गए, तो आप बताओ, आपने उनके बारे में क्या किया।
किरण चौधरी: स्पीकर साहब उन जवानों के रोजगार पर तलवार लटक रही है, मैं उनकी आवाज उठा रही हूं और मुझे जानबूझकर बोलने नहीं दिया जा रहा है
उठे मनोहर, जबाब दे शांत कराया हंगामा
इस हंगामे के बीच सीएम मनोहर लाल ने मोर्चा संभाला और इस मामले में जवाब देते हुए सभी को शांत करवाया। सीएम ने कहा कि इस मामले में राजनीति करना बहुत शर्मनाक है। कांग्रेस यदि इतनी ही फिक्रमंद थी, तो उन जवानों को पक्का करने की हिम्मत करती। कांग्रेस जानती थी कि उन जवानों को बिना नीति पक्का करना संभव नहीं था। इसलिए उन्हें हटा दिया गया।
वे जानते हैं कि ये जवान पक्के नहीं हो सकते, फिर भी इस मसले पर राजनीति कर रहे हैं। लगता है ऐसा कर कांग्रेसी उन जवानों की सहानुभूति बटोरना चाहते हैं। हमारी सरकार कभी झूठा वादा नहीं करती, जो संभव होता है, हम वे जरूर करते हैं।