कुरुक्षेत्र में दर्दनाक हादसाः ट्रक ने तीन बाइक सवारों को रौंदा, दो की मौके पर मौत, एक गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिपली जीटी रोड पर गांव रतनगढ़ के निकट तेज रफ्तार एक ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को रौंद कर फरार हो गया। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से जख्मी एक युवक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। वहीं घायलों की शनाख्त मूलरूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा और बहराइच जिले के निवासियों के रूप में हुई है। हादसा इतना भयानक था कि मृतक दोनों युवकों की पहचान कपड़ों से संभव हुई। हादसे का शिकार हुए तीनों युवक कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद कस्बे में रह रहे थे।
बताया गया है कि यह तीनों ठेकेदार के साथ शाहाबाद क्षेत्र के एक टिंबर पर काम करते थे, देर शाम को यह लोग छह बजे काम करके एक ही मोटर साइकिल पर सवार होकर निकले थे, अभी यह तीनों कुरुक्षेत्र-शाहाबाद के बीच जीटी रोड पर गांव रतनगढ़ के निकट पहुंचे ही थे कि पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रक ने इन्हें चपेट में ले लिया।
इस हादसे तुरंत बाद चालक ट्रक लेकर घटनास्थल से फरार हो गया। बताया गया है कि इस दौरान कुछ राहगीर यह हादसा देख घटनास्थल की ओर सहायता के लिये आगे आये थे लेकिन इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से लहूलुहान था।
राहगीरों ने इस हादसे की तत्काल सूचना पुलिस को दी और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को शाहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक घायल युवक की हालत बेहद नाजुक है।
टिंबर से काम करके जाते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम सात बजे उन्हें उक्त हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हादसे का शिकार हुए युवकों की तलाश के प्रयास शुरू किये, जिसमें मालूम हुआ कि तीनों युवक शाहाबाद क्षेत्र में महेंद्र नाम के व्यक्ति के टिंबर पर काम करते थे। टिंबर मालिक के जरिये पुलिस को ज्ञात हुआ है कि हादसे का शिकार हुए तीनों युवक उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे।
यूपी के गोंडा और बहराइच के है रहने वाले
पुलिस ने हादसे का शिकार हुए युवकों के परिचितों को बुलाकर इनके नाम पता जाना और परिजनों को सूचित किया। बताया गया है कि हादसे में मौत का शिकार हुए युवकों में गोंडा निवासी अर्जुन और हरिचंद शामिल हैं, जबकि इस दर्दनाक हादसे में बुरी तरह से जख्मी हुए युवक का नाम अखिलेश मिश्रा है, जोकि उत्तर प्रदेश के बहराइच का रहने वाला है।
जानकारी के मुताबिक तीनों व्यक्ति शाहाबाद में मजदूरी का काम करते हैं और गुरुवार को देर सायं करीब 6:00 बजे तीनों व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी काम से पिपली की ओर जा रहे थे लेकिन रास्ते में गांव रतनगढ़ के पास ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।