चंडीगढ़ में हादसा: लंच कर रहीं 40-50 छात्राओं पर गिरा 250 साल पुराना पेड़, एक की मौत...अगले आदेश तक स्कूल बंद
पुलिस ने अनुसार जिस समय हादसा हुआ, उस समय कुछ बच्चे पेड़ के नीचे खाना खा रहे थे। इस दौरान पीपल का पेड़ उनके ऊपर गिर गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ के सेक्टर-9 स्थित कार्मल कान्वेंट स्कूल में सुबह 11 बजे दीमक से खोखला हो चुका 250 साल पुराना पेड़ बिना हवा चले ही गिर गया। इससे नीचे बैठकर लंच कर रही 16 वर्षीय हीराक्षी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य 16 छात्राएं व एक महिला अटेंडेट घायल हो गई। जिस समय पेड़ गिरा, उस समय करीब 40-50 छात्राएं लंच कर रही थीं। शनिवार को मृत छात्रा का पोस्टमार्टम होगा। अगले आदेश तक स्कूल बंद कर दिया गया है।
सेक्टर-3 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ गैर इरादतन हत्या (304ए) और घायल (336) के तहत केस दर्ज कर लिया है। हादसा सुबह 11 बजे हुआ। स्कूल के ड्राइवर एरिक ने बताया कि वह स्कूल के बाहर गया हुआ था। करीब 11 बजे वह स्कूल के अंदर आया तो उसे जोरदार आवाज आई। जब वह स्कूल के गेट नंबर दो के पास पहुंचा तो देखा पेड़ गिरा हुआ है। इसके बाद स्कूल की टीचर और स्कूल के बाहर से पब्लिक आ गई।
एरिक ने बताया कि उसने सबसे पहले महिला कंडक्टर शीला को निकाला, क्योंकि वह पूरी तरह से पेड़ के नीचे दबी हुई थी। उसके मुंह, नाक और चेहरे से खून आ रहा था। लगभग पांच मिनट में बच्चों को पेड़ के नीचे से हटाकर निकाल लिया गया। हादसे की सूचना के बाद एक के बाद एंबुलेंस, पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचने लगीं लेकिन स्कूल की पार्किंग भरी हुई थी। इसके बाद महिला टीचरों ने तुरंत गाड़ियां हटाईं और एंबुलेंस से बच्चों को अस्पताल ले जाया गया। कुछ गाड़ियों को घूमकर गेट नंबर दो से जाना पड़ा।
वन विभाग को कई बार आगाह कर चुका था स्कूल
पेड़ को वन विभाग ने हेरिटेज का दर्जा दे रखा है, इसलिए पेड़ की कटाई और छंटाई का जिम्मा भी विभाग के पास ही है। अन्य कोई भी इन हेरिटेज पेड़ों के साथ छेड़छाड़ नहीं कर सकता है। अगस्त 2018 में भी इस पेड़ की एक टहनी गिर गई थी, तब से स्कूल की तरफ से विभाग को आगाह किया जा रहा था लेकिन परिजनों का आरोप है कि हेरिटेज का स्टेटस देने के बाद कभी उन्होंने सुध नहीं ली। जिसकी वजह से स्कूल में ये हादसा हुआ है। पेड़ की जड़े पूरी तरह से खोखली हो चुकी थी। लोगों का आरोप है कि अगर वन विभाग ने कुछ काम किया होता तो छात्रा की जान नहीं जाती।
पेड़ गिरता देख भागने लगे थे छात्र
एक घायल छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की कमर में चोट लगी है। पेड़ जब गिरने लगा तो नीचे लंच कर रहे छात्र व छात्राएं भागने लगे। इस दौरान कई छात्र भाग कर दूर निकल गए लेकिन कई इसकी चपेट में आ गए। व्यक्ति ने बताया कि उनकी बेटी जब भाग रही थी तो उसी दौरान पेड़ की एक डाल उसकी कमर पर आ गिरी। बच्चे अभी लंच भी नहीं कर पाए थे कि ये हादसा हो गया। पेड़ के नीचे बच्चों के टिफिन पड़े देख स्कूल के टीचर और महिला कर्मचारी रोने लगी।
पीसीआर से अस्पताल पहुंचाने वाले एएसआई की बेटी भी हुई घायल
एएसआई सरवन सिंह की सेक्टर-9 के एरिया में पीसीआर पर ड्यूटी थी। सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली कि स्कूल में बच्चों पर पेड़ गिर गया है। उनकी बेटी भी कार्मल कान्वेंट स्कूल में पढ़ती है। जैसे ही उन्हें जानकारी मिली तो वह तुरंत स्कूल पहुंचे। जब वह स्कूल पहुंचे तो पता चला कि उनकी बेटी की भी डिस्क में चोट आई है। इसके बाद तुरंत वह घायल छात्राओं को सेक्टर-16 अस्पताल लेकर गए। कार्मल कान्वेंट स्कूल में कई पुलिसकर्मियों के बच्चे पढ़ते हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी अपनी बेटियों को देखने स्कूल पहुंचे और साथ लेकर गए।
प्रिंसिपल रोते हुए बोलीं- मेरे बच्चों के साथ बुरा हुआ
प्रिंसिपल सुप्रीता हादसा देखने के बाद भावुक होकर रोने लगीं। सुप्रीता ने कहा- बहुत गलत हुआ मेरे बच्चों के साथ। मेरे बच्चों से भी बढ़कर थे यह बच्चे। वहीं स्कूल के बच्चे, टीचर और कर्मचारी जोर-जोर से रोने लगे। स्कूल में हादसे के बाद हड़कंप मच गया। सभी टीचर, सुरक्षा कर्मियों, ड्राइवर और बच्चों ने मिलकर घायल बच्चों को पेड़ के नीचे निकाला। हादसे में घायल 9वीं की ज्योति, 8वीं की गुरबानी ओबेरॉय, छठी की सानवी और हुनर को फोर्टिस अस्पताल में ले जाया गया। वहीं चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल मुकुट में 8वीं की जन्नत गुप्ता और 5वीं की अमरीन को भर्ती करवाया गया।
स्कूल को बंद किया है
ये हादसा दुखदायी है। हम सभी छात्रों के जल्दी ठीक होने की कामना करते हैं। अगले आदेश तक स्कूल को बंद कर दिया गया है। - सुप्रीता, प्रिंसिपल, कार्मल कान्वेंट
जांच के बाद करेंगे कार्रवाई
ये हादसा बहुत दुखद है। हम मामले की जांच करा रहे हैं। एक हफ्ते में जांच रिपोर्ट आएगी, इसमें जो कोई भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - धर्मपाल, सलाहकार, यूटी प्रशासक
भगवंत मान ने जताया दुख
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ के निजी स्कूल में शुक्रवार को एक पेड़ गिरने के कारण 16 वर्षीय छात्रा की मौत होने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। भगवंत मान ने ट्वीट किया कि चंडीगढ़ के निजी स्कूल में पेड़ गिरने के कारण बड़ा हादसा हुआ है, जिसमें एक मासूम छात्रा की मौत की दुखदायी खबर मिली और कई बच्चे घायल हैं। मैं परमात्मा के आगे घायल बच्चों के जल्द स्वस्थ होने और जिस बच्चे की मौत हुई है, उसकी आत्मिक शांति व माता-पिता को यह दुख सहन करने की ताकत देने की प्रार्थना करता हूं।