टोक्यो ओलंपिक: महिला हॉकी टीम में शामिल हरियाणा की सभी खिलाड़ियों को मिलेंगे 50-50 लाख, सीएम ने किया एलान
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भारतीय टीम को टोक्यो ओलंपिक में प्रशंसनीय प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
विस्तार
राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड का नाम मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड रखने के पीछे भाजपा की कोई राजनीति नहीं है। यह कांग्रेस का एजेंडा जरूर था। खेलों व खिलाड़ियों को प्रेरणा देने के लिए किसी राजनीतिक नाम से प्रेरणा नहीं मिल सकती है। खेलों को आगे बढ़ाने के लिए हमारे महान खिलाड़ियों का नाम जोड़ना बेहतर है, इसका लाभ भी मिलेगा।
टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाली महिला हॉकी टीम में शामिल प्रदेश की 9 बेटियों को सरकार 50-50 लाख रुपये प्रोत्साहन राशि देगी। खेलों में चौथे स्थान पर आने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा। उक्त बातें मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कही। वे शुक्रवार को पीजीआईएमएस में उपचाराधीन अपने भाई गुलशन का कुशलक्षेम जानने आए थे।
सर्किट हाउस में बजरंग पूनिया का मैच देखने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों में प्रदेश के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। टोक्यो ओलंपिक में खिलाड़ी पदक ला रहे हैं। पहलवान बजरंग पूनिया ने भी अच्छा मुकाबला खेला। शनिवार को इस खिलाड़ी का कांस्य पदक के लिए मुकाबला होगा। अगले ओलंपिक में प्रदेश से और बेहतर खिलाड़ियों को भेजा जाएगा। इसके लिए उन्हें बेहतर सुविधा मुहैया कराकर ओलंपिक स्तर का खिलाड़ी बनाया जाएगा। इसके लिए खेलों व खेल सुविधाओं में सुधार किया जाएगा।
खिलाड़ियों को किसी तरह की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। खेल नर्सरियों की संख्या बढ़ाने के साथ इन्हें बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी। संस्थाओं व सरकारी स्कूलों में नर्सरी खोली जाएंगी। यहां कोच, डाइट, खेल सामान व अन्य सुविधा दी जाएंगी। ग्रामीण क्षेत्रों के 550 स्टेडियम की देखभाल की विशेष योजना बनाई गई है। हरियाणा को खेलों का हब बनाया जाएगा।
‘ओलंपिक में प्रदेश का 25 प्रतिशत योगदान’
सीएम ने कहा कि हम देश में भले ही आबादी के हिसाब से दो प्रतिशत हैं लेकिन ओलंपिक में प्रदेश का 25 प्रतिशत योगदान है। इस बार ओलंपिक में गए कुल 120 में से 25 प्रतिशत खिलाड़ी हरियाणा के हैं। यह हमारे लिए गौरव की बात है। प्रदेश सरकार प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्तर के खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते रही है।
चौथे स्थान के लिए अब तक कोई व्यवस्था नहीं थी। अब उनके लिए भी 50 लाख रुपये प्रोत्साहन राशि की व्यवस्था की जा रही है। पहली बार पुरस्कार जीतने वालों के अलावा ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा। खिलाड़ियों को खेल नीति के तहत आर्थिक मदद भी दी जाती है।
We will award Rs 50 lakhs each to the nine members of the Olympics women's hockey team who are from Haryana. I congratulate the Indian team for their praiseworthy performance at #TokyoOlympics: Haryana CM ML Khattar pic.twitter.com/Aa0J607YL3
— ANI (@ANI) August 6, 2021
जब सरकार थी तो खिलाड़ियों को इनाम दिए बगैर भाग गए थे विपक्षी: विज
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि विपक्ष का काम सदा मांगना है, यह करते तो कुछ भी नहीं है। जब इनकी सरकार थी, तब एशियाड के जो खिलाड़ी जीते थे उनको इनाम दिए बगैर छोड़कर भाग गए। उनको भी इनाम हमने आ कर दिए। आज ओलंपिक विजेता खिलाड़ी को गोल्ड मेडल के लिए पुरस्कार राशि 6 करोड़ रुपये उनके द्वारा ही करवाई गई है।
विज ने कहा कि पहली सरकारों में तो अवार्ड लेने में खिलाड़ियों की चप्पलें तक घिस जाती थीं लेकिन भाजपा सरकार ने रियो ओलंपिक विजेता खिलाड़ी साक्षी मलिक के जीतने पर हिंदुस्तान लौटते ही ढाई करोड़ रुपये का चेक उन्हें सौंप दिया था। गृह मंत्री ने टोक्यो ओलंपिक में हरियाणा के खिलाड़ियों के बारे में अपने अंदाज में कहा कि ‘हमारी छोरियां टोक्यो में डट कर लड़ी सैं, अब जीतो या हारो, यूं तो मैच में हुआ ही करै है।’ खूब लड़ी मर्दानी वे तो झांसी वाली रानी थी।