नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे की रिपोर्ट में खुलासा: चंडीगढ़ की महिलाओं में बढ़ी तंबाकू सेवन की लत, पुरुषों की इच्छा हुई कम
चंडीगढ़ में महिलाओं में तंबाकू सेवन की लत बढ़ी है। वहीं तंबाकू का सेवन करे वाले पुरुषों की संख्या में कमी आई है। यह खुलासा नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे की रिपोर्ट में हुआ है। चंडीगढ़ में 9.4 प्रतिशत लोग तंबाकू का सेवन करते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ के पुरुष सेहत को लेकर सतर्क हैं, जबकि महिलाओं में नशे की लत बढ़ी है। इसकी पुष्टि नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे की रिपोर्ट से हो रही है। रिपोर्ट में शहर में धूम्रपान करने वाले पुरुषों की संख्या में तो गिरावट आई है लेकिन महिलाओं की संख्या बढ़ी है। विशेषज्ञों के अनुसार यह चिंता का विषय है, क्योंकि पुरुषों की तुलना में महिलाओं में तंबाकू सेवन का दुष्प्रभाव ज्यादा घातक है।
पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य निदेशक डॉ. राकेश गुप्ता का कहना है कि तंबाकू सेवन करने वाले पुरुषों की संख्या कम होना खुशी की बात है लेकिन महिलाओं की संख्या का बढ़ना खतरे की ओर संकेत कर रहा है। डॉ. राकेश का कहना है कि चंडीगढ़ में 2007 के बाद से कोई व्यापक अभियान नहीं चलाया गया, जिसका नतीजा इस रूप में सामने आ रहा है।
वहीं, पीजीआई के कम्युनिटी मेडिसिन एंड स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के प्रो. सोनू गोयल ने बताया ग्लोबल एडल्ट टोबैको सर्वे इंडिया 2020-21 की रिपोर्ट के अनुसार पंजाब से ज्यादा हरियाणा और चंडीगढ़ में तंबाकू का सेवन होता है। पंजाब में 7.3 प्रतिशत लोग तंबाकू (सिगरेट, बीड़ी और हुक्का) का सेवन करते हैं, जबकि हरियाणा में 19.7 प्रतिशत और चंडीगढ़ में 9.4 प्रतिशत लोग तंबाकू का सेवन करते हैं।
15 साल की उम्र के बाद लग रही लत
डॉ. सोनू ने बताया कि देश में 15 साल से ऊपर के 27 करोड़ लोग तंबाकू (सिगरेट, बीड़ी और हुक्का) का सेवन करते हैं। इससे लोगों में ब्रेन स्ट्रोक, दिल की बीमारियां और कैंसर का खतरा बढ़ रहा है। एक सिगरेट व्यक्ति के जिंदगी के 15 मिनट खत्म कर देती है। डॉ. सोनू गोयल ने बताया कि युवाओं में हुक्का पीने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। चंडीगढ़ देश की पहली स्मोकिग फ्री सिटी घोषित की गई है लेकिन यहां सेवन अब भी धड़ल्ले से जारी है। डॉ. सोनू ने बताया कि हुक्के का एक सेशन लेकर लोग आधे घंटे में तीन डिब्बी सिगरेट पीने जितना धूम्रपान कर रहे हैं।
ये नुस्खा आजमाएं
आयुर्वेदाचार्य डॉ. राजीव कपिला ने बताया कि नींबू हमारे शरीर को कई फायदे देता है, जिसमें से एक यह कि धूम्रपान से दूरी बनाने में हमारी मदद करता है। रोजाना सुबह सबसे पहले एक गिलास गुनगुने पानी में नींबू का रस व शहद मिलाकर सेवन करें। इससे सिगरेट की लत छूट सकती है। इसके अलावा धूम्रपान से छुटकारा पाने के लिए सेतुबंधासन, भुजंगासन, बालासन करना चाहिए।
नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे की रिपोर्ट (धूम्रपान)
वर्ग 2015-16 2020-21
पुरुष 18.3 प्रतिशत 12.1 प्रतिशत
महिला 0.4 प्रतिशत 0.6 प्रतिशत
(शराब के सेवन में)
वर्ग 2015-16 2020-21
पुरुष 34.6 प्रतिशत 18.6 प्रतिशत
महिला 0.6 प्रतिशत 0.3 प्रतिशत