वायरस ने पकड़ी रफ्तार : ट्राइसिटी में कोरोना ने ली पांच की और जान, 268 नए पॉजिटिव मिले
ट्राइसिटी में कोरोना से जहां सोमवार को पांच मरीजों ने और दम तोड़ा दिया तो वहीं 268 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। इनमें चंडीगढ़ के 115, मोहाली 88 और पंचकूला के 65 नए मरीज शामिल हैं। वहीं पांच मृतकों में तीन चंडीगढ़ और दो मोहाली के थे।
चंडीगढ़ में फिर बढ़ा कोरोना का प्रकोप
चंडीगढ़ में सोमवार को कोरोना से जहां तीन लोगों की मौत की पुष्टि की गई, वहीं 115 नए मरीज मिले। इनमें पुरुषों की संख्या 67 और महिलाओं की संख्या 48 है।
चिंता की बात यह है कि मनीमाजरा में सबसे ज्यादा पॉजिटिव केस आ रहे हैं। सोमवार को भी वहां सबसे ज्यादा 18 नए मरीज मिले। त्योहारी सीजन में संक्रमण की रफ्तार बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
सोमवार को जिन तीन मरीजों की मौत की पुष्टि की गई, उनमें से सेक्टर-21 निवासी 82 वर्षीय वृद्ध ने मोहाली स्थित निजी अस्पताल में सोमवार को दम तोड़ दिया। वहीं, सेक्टर-46 निवासी 72 वर्षीय वृद्ध की जीएमसीएच-32 में सोमवार को मौत हो गई।
वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही हाइपरटेंशन और किडनी की बीमारी से ग्रस्त थे जबकि सेक्टर-63 निवासी 59 साल के पुरुष की मोहाली स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई। वह शुगर की बीमारी से पीड़ित थे।
दूसरी तरफ स्वस्थ होने पर 86 मरीजों को छुट्टी दे दी गई। बता दें कि कोरोना के मरीजों की संख्या बीते कुछ दिन से लगातार बढ़ रही है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने स्क्रीनिंग की संख्या बढ़ा दी है।
स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि अगर जरूरत पड़ी तो मोबाइल जांच टीम की संख्या और बढ़ाई जाएगी। इसका निर्धारण मांग के आधार पर किया जाएगा।
इसके साथ ही जीएमएसएच-16 की ओपीडी में आने वाले ज्यादा से ज्यादा मरीजों की स्क्रीनिंग का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए अस्पताल में मौजूदा समय में चार अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। अगर वहां भीड़ बढ़ी तो काउंटर की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
मोहाली में कोरोना से दो लोगों की मौत, 88 नए संक्रमित मिले
मोहाली में कोरोना संक्रमण के चलते दो लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही जिले में संक्रमण के कारण होने वाली मौतों का आंकड़ा 248 पहुंच गया है। सोमवार को 88 नए कोरोना संक्रमित सामने आए, जबकि 35 संक्रमितों ने कोरोना के खिलाफ जंग जीत ली है।
इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 12985 हो गई है। जिले में कोरोना संक्रमण से ठीक होने वाले लोगों की कुल संख्या 11990 हो गई है।
इसके बाद अब जिले में सक्रिय केसों की संख्या 747 है। सोमवार को जो 88 नए संक्रमण के मामले सामने आए हैं, उनमें सबसे ज्यादा 85 मामले मोहाली शहर के हैं। जबकि घडुआं से एक और लालड़ू से दो केस हैं।
पंचकूला में 65 नए पॉजिटिव
पंचकूला में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 65 नए मामले सामने आए हैं। इसमें सोमवार को 58 लोग संक्रमित मिले हैं। रविवार को ट्रेस किए सात अन्य लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। अब कोरोना संक्रमण से ठीक होने वालों का रिकवरी रेट घटकर 93.2 फीसदी पर आ गया है। 17 दिन से लगातार रिकवरी रेट में कमी आ रही है।
जिले में कोरोना संक्रमण से अब तक 117 लोगों की मौत हो चुकी है। पंचकूला की सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि पंचकूला में स्वास्थ्य विभाग के सर्वे में कोरोना संक्रमितों की संख्या घटी है। प्रतिदिन पांच सौ से ज्यादा टेस्ट किए जा रहे हैं।
डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि अमरावती इनक्लेव में एक, गरही कोटाह में एक, कालका में एक, मारनवाला में एक, पिंजौर में आठ, रायपुररानी में एक, सेक्टर-10 में चार, सेक्टर-11 में दो, सेक्टर-12ए में दो, सेक्टर-14 में तीन, सेक्टर-15 में चार, सेक्टर-16 में एक, सेक्टर-17 में चार, सेक्टर-19 में पांच, सेक्टर-20 में एक, सेक्टर-21 में एक, सेक्टर-23 में एक, सेक्टर-26 में एक, सेक्टर-27 में दो, सेक्टर-29 में एक, सेक्टर-4 में नौ, सेक्टर-6 में चार, सेक्टर-7 में तीन, सेक्टर-8 में दो, सेक्टर-9 में तीन मामले सामने आए हैं।