चंडीगढ़। जिंदगी की यही रीत है, हार के बाद ही जीत है... इसी संदेश के साथ एआर मेलोडीज ने शुक्रवार को टैगोर थिएटर में म्यूजिकल इवनिंग का आयोजन किया। कार्यक्रम का विषय ‘सुरीला सफर-कल आज और कल’ था। इसमें ट्राइसिटी के अलावा हरियाणा और पंजाब के40 कलाकारों ने प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में म्यूजिक अरेंज डॉ. अरुणकांत की ओर से किया गया।
कार्यक्रम में भागवीर कौर और अभिजीत ने सुनो कहो, कहा सुना.., सुचेता और सोनू ने कोरा कागज था ये मन मेरा, लिख दिया नाम इस पर तेरा... सुनाकर दर्शकों का मन जीत लिया। इसके बाद नमिता और वीरांची कौशिक ने ये रात भीगी भागी.., मीनू कुमारी और डॉ. अनिल शर्मा ने ये रातें ये मौसम... सुनाकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। इसके बाद अमित भाटिया ने चले थे साथ मिलके.., रंजीत सिंह और संचिता ने याद रहेगा प्यार का ये रंगीन.., रामपाल राघव ने जुबां पे दर्द भारी... सुनाकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके बाद आइशा खन्ना और विजय टिक्कू ने स्टेज संभाला। उन्होंने अच्छा तो हम चलते हैं... सुनाकर खूब तालियां बटोरी। चंद्रज्ञान ने गुलाबी आंखे.., रंजू प्रसाद ने तू क्या जाने वफा.., डॉ. एसएस प्रसाद ने इक दिन बिक जाएगा माटी के मोल... सुनाकर सबका दिल जीत लिया। जसप्रीत कौर जस्सल ने क्या जानू साजन.., अलोक निगम ने तुम पुकार लो.., अरुणकांत और जैसमीन ने हुस्न पहाड़ों का ओ साहिबा.... दर्शकों को पहाड़ों की सैर पर ले गए। कार्यक्रम के अंत में रोशनलाल ने तेरे कूचे में तेरा दिवाना... पेश किया।