काला कच्छा गिरोह ने परिवार को बंधक बना लूटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
काला कच्छा पहनकर आए डकैतों ने डंडे, रॉड और कट्टे से लैस होकर पिंजौर के गांव मानकपुर नानकचंद में आतंक मचाया। आरोपियों ने एक परिवार के पुरुषों और महिलाओं से मारपीट कर गहने और रुपये लूट लिए।
वारदात वीरवार रात करीब डेढ़ बजे हुई। वारदात में शेख बंगाली गैंग का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। सभी घायलों को पंचकूला के सेक्टर छह स्थित जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित गुरमीत सिंह ने बताया कि सभी आरोपी काला कच्छा पहने हुए थे। उनके चेहरे भी ढके हुए थे। सभी ने शरीर पर तेल जैसा कुछ चिकना पदार्थ लगाया हुआ था, ताकि उन्हें पकड़ा नहीं जा सके। कुछ दिन पहले बरवाला में भी आरोपी ऐसी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए थे।
यादविंद्रा गार्डन में नलकूप पर बतौर ऑपरेटर कार्यरत गांव मानकपुर नानकचंद निवासी गुरमीत सिंह का घर गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर है। वह वर्षों से खेतों में मकान बनाकर नलकूप के पास ही अपने परिवार के साथ रह रहा है। वीरवार रात करीब डेढ़ बजे लगातार पेट डॉग भौंक रहा था।
गुरमीत सिंह के बेटे धर्मेंद्र कुमार ने बाहर निकलकर देखा तो वहां कोई नहीं था। वह वापस कमरे में पहुंचता, इससे पहले ही तीन-चार लोग घर में घुसकर डंडे और रॉड से वार करने लगे। आरोपियों ने उसकी पत्नी की पिटाई शुरू कर दी और देसी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए पायल व बालियां उतरवा ली।
गुरमीत सिंह बेटे के बचाव के लिए आगे बढ़े तो लुटेरों ने उनके साथ भी मारपीट की। सिर पर चोट लगने से बेहोश होकर वह वहीं गिर गए।
शेख बंगाली गिरोह का हाथ होने की आशंका जताई
गिरोह के कुछ लुटेरे गुरमीत के दूसरे बेटे बलविंद्र सिंह के कमरे में लगे लोहे के दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसे और बलविंद्र सिंह व उसकी पत्नी अमनदीप कौर को भी जख्मी कर दिया।
घर में रखी ज्वैलरी लूटने के बाद सभी आरोपी जंगल की तरफ फरार हो गए। धर्मेंद्र ने बताया कि लुटेरे दर्जनभर से ज्यादा थे। इनमें दो काफी लंबे कद के थे और बिहार में बोली जाने वाली भाषा में बातचीत कर रहे थे। थाना प्रभारी महिंद्र सिंह ने बताया कि डकैती का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर डीसीपी पंचकूला हामिद अख्तर, एसीपी कालका धर्मवीर सिंह, थाना प्रभारी कालका व पिंजौर उम्मेद सिंह व महिंद्र कुमार, सीआईडी विभाग से चंदन कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे।
रात को पुलिस करेगी गश्त
ग्रामीण इलाकों में बढ़ते अपराध को देखते हुए पुलिस के आला अफसरों ने निर्देश दिए हैं कि पुलिस अपराध संभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए रखे। इसके लिए रात के वक्त गश्त पर पुलिसकर्मी और अफसरों को भी तैनात किया जाएगा। हैरत की बात यह है कि यह गिरोह वारदात के तुरंत बाद ठिकाना बदल लेता है।
गिरोह के सदस्य अपने साथ घोड़ा भी रखते हैं, ताकि फरार हो सकें। वारदात को अंजाम देने से पहले किसी अन्य प्रदेश की भाषा सीख लेते हैं, ताकि पुलिस को चकमा दे सकें। गिरोह के सदस्य बिहार की भाषा बोल रहे थे, लेकिन इनके किसी और प्रदेश के होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
ओपी सिंह, पुलिस आयुक्त, अंबाला-पंचकूला ने बताया कि पुलिस को आदेश दिए हैं कि सीमावर्ती इलाकों की कॉम्बिंग करें, ताकि ग्रामीण इलाकों में ऐसी घटनाओं पर शिकंजा कसा जा सके। इस घटना के पीछे शेख बंगाली गिरोह का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।