{"_id":"5f43f4388ebc3e3cb75e594f","slug":"tenzing-norgay-national-award-to-sub-inspector-anita-kundu","type":"story","status":"publish","title_hn":"सब-इंस्पेक्टर अनिता कुंडू को तेनजिंग नोर्गे नेशनल अवार्ड, हरियाणा के डीजीपी ने दी बधाई","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सब-इंस्पेक्टर अनिता कुंडू को तेनजिंग नोर्गे नेशनल अवार्ड, हरियाणा के डीजीपी ने दी बधाई
Mon, 24 Aug 2020 10:43 PM IST
ajay kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: ajay kumar
Updated Mon, 24 Aug 2020 10:43 PM IST
सार
- ‘लैंड एडवेंचर‘ श्रेणी में इस अवार्ड के लिए अनिता को चुना गया
- खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने को सरकार तैयार कर रही है योजनाएं
- कई खिलाड़ियों को उपलब्धियों के बूते विभिन्न अवार्ड के लिए चुना गया
विज्ञापन
सब इंस्पेक्टर अनिता कुंडू
- फोटो : फाइल फोटो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर अनिता कुंडू को ‘तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवार्ड 2019’ से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें यह अवार्ड ‘लैंड एडवेंचर श्रेणी‘ में दिया जाएगा। अनिता की इस उपलब्धि पर हरियाणा पुलिस को नाज है। बधाई देते हुए डीजीपी मनोज यादव ने कहा कि हमारे पुलिस अधिकारियों व जवानों ने विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर राज्य पुलिस बल का नाम रोशन किया है।
विज्ञापन
उल्लेखनीय है कि पर्वतारोही अनिता कुंडू ने नेपाल और चीन दोनों ओर से माउंट एवरेस्ट को फतह किया है। इसके अतिरिक्त उन्होंने दुनिया भर में पर्वतारोहण के कई अन्य सफल अभियान भी किए हैं। तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवार्ड को एडवेंचर स्पोर्ट्स का भारत का सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार माना जाता है। एडवेंचर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों वाले खिलाड़ियों को यह पुरस्कार प्रतिवर्ष प्रदान किया जाता है।
विज्ञापन
अवार्ड झटकने में छाए हरियाणा के खिलाड़ी, सरकार गदगद
अपनी उपलब्धियों के बूते विभिन्न पुरस्कार झटकने में हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपना दम दिखाया है। उनकी इस उपलब्धियों से सरकार गदगद है। अब सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं तैयार कर रही है। हरियाणा के खेल एवं युवा मामले के राज्य मंत्री सरदार संदीप सिंह ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए चयन होने पर हरियाणा के प्रतिभावान खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों को बधाई दी है।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि भारतीय हाकी की पूर्व कप्तान रानी रामपाल व पहलवान विनेश फोगाट को आगामी खेल दिवस पर राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसी प्रकार, शूटर मनु भाकर, हॉकी खिलाड़ी दीपिका ठाकुर, मुक्केबाज मनीष कौशिक, पैराशूटर मनीष नरवाल, कबड्डी खिलाड़ी दीपक निवास हुड्डा, पैरा एथलीट संदीप चौधरी को अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि द्रोणाचार्य अवार्ड से कबड्डी के प्रशिक्षक श्रीकृष्ण कुमार तथा पहलवान ओम प्रकाश दहिया को सम्मानित किया जाएगा। इसी प्रकार, कबड्डी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह व पहलवान नेत्रपाल हुड्डा को ध्यान चंद अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश में ही नहीं विदेश में भी अपने देश का नाम गौरवान्वित किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य में लागू ‘हरियाणा खेल एवं शारीरिक गतिविधियां नीति-2015’ ने खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ‘हरियाणा खेल एवं शारीरिक गतिविधियां नीति-2015’ के तहत खिलाड़ियों को नकद प्रोत्साहन राशि और नौकरियों में आरक्षण जैसी अनेक सुविधाएं मिलती हैं। बेहतरीन खेल नीति के चलते हरियाणा देश में एक अग्रणी स्पोर्ट्स हब के रूप में उभर रहा है।