सुनील जाखड़ बोले- सुखबीर बादल की सुरक्षा का जिम्मा सरकार पर, उन्हें कानून सजा देगा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अकाली-भाजपाई उपचुनाव में हार मान चुके हैं। हार को देखते हुए अब बहाने तलाश रहे हैं। इसीलिए रोज कभी एसडीएम, कभी एसएचओ की शिकायतें कर रहे हैं। यह बातें पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहीं। जाखड़ निजी काम के चलते पठानकोट पहुंचे थे। रणजीत सागर डैम के कमेटी हाल में कांग्रेसी वर्करों से मुलाकात की। जाखड़ ने मीडिया के सवालों के खुलकर जवाब दिए।
बातचीत में उन्होंने पूर्व अकाली-भाजपा गठबंधन और केंद्र सरकार को जम कर कोसा। लुधियाना के दाखा उपचुनाव पर कहा कि अकाली दल और भाजपा अपनी हार कबूल कर चुके हैं। बार-बार अफसरों की शिकायतें कर वह भागने के लिए चोर गली ढूंढ रहे हैं।
2007 से अकाली दल का गढ़ बनी जलालाबाद सीट पर प्रतिष्ठा के सवाल पर जाखड़ ने कहा कि केवल जलालाबाद का मसला नहीं, गठबंधन ने पंजाब की जवानी और किसानी को बर्बाद किया। 25 साल राज करने के दावे करने वाले अकाली विपक्ष में बैठने के लायक भी नहीं बचे, इस बार भी लोग कांग्रेसी प्रत्याशियों को जिताएंगे।
उन्होंने कहा खुद को पंथ के रखवाले और पंथक पार्टी कहाने वालों के राज में पावन ग्रंथ की बेअदबी हुई, निहत्थे सिंहों पर साजिश के तहत गोलियां चलवाई गईं। लोगों को सब पता है, जिसका जवाब लोग उपचुनाव में देंगे। श्वेत मलिक की ओर से कहा गया था कि कुछ कांग्रेसी उनके संपर्क में हैं और वह घुटन महसूस करते हैं के जवाब में जाखड़ ने कहा कि उनकी खुद की सरकार को दो ही लोग चला रहे हैं।
लोकतंत्र का नामोनिशान नहीं, पीएम मोदी और अमित शाह का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि 2 लोगों के सिवाय किसी नेता, मंत्री या अफसर की हिम्मत नहीं कि कोई फैसला ले पाएं। उनको घुटन वाले शब्द नहीं बोलने चाहिए।
सुखबीर बादल को मिल रही धमकियों पर सुनील जाखड़ ने कहा कि जब तक बेअदबी और गोलीकांड की जांच पूरी नहीं हो जाती, सुखबीर की सुरक्षा का जिम्मा सरकार का है। उन्हें कानून सजा देगा।
राजनीतिक मतभेद कितना भी क्यों न हो, सुखबीर ने कितना भी बड़ा अपराध क्यों न किया हो, लेकिन कानून की सजा मिलने तक प्रदेश सरकार उनकी सुरक्षा के लिए जवाबदेह है। कैप्टन सरकार की उपलब्धियां बताते जाखड़ ने कहा कि कैप्टन सरकार ने पंजाब में जंगलराज को खत्म किया है।
10 लाख नौजवानों को अभी तक रोजगार दिया जा चुका है। पेंशन में भी बढ़ोतरी की गई है। 5 लाख से ज्यादा किसानों के कर्ज माफ किए हैं। कैप्टन सरकार के यह सारे काम जीत हासिल करने के लिए काफी हैं।