पंजाब: एसआई भर्ती पेपर लीक मामले में छह गिरफ्तार, सीएम ने दिया सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
इस परीक्षा में 787 पदों के लिए 75,544 उम्मीदवार परीक्षा देंगे। इसके बाद 25-26 सितंबर को कांस्टेबल (जिला और आर्म्ड काडर) के लिए परीक्षाएं होनी हैं, जिसमें 4358 पदों के लिए 4,70,775 उम्मीदवार परीक्षा देंगे। इसके बाद 2600 वर्दीधारी स्पेशलिस्टों की नियुक्ति के लिए अक्तूबर में एक और भर्ती मुहिम चलाई जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
22 अगस्त को सब-इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती पेपर लीक और धोखाधड़ी मामले में पंजाब पुलिस ने अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इसी के साथ मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने डीजीपी दिनकर गुप्ता को 12 सितंबर से होने वाली परीक्षाओं में नकल और धोखाधड़ी रोकने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का निर्देश दिया है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों में जैमर लगाए जा रहे हैं ताकि इंटरनेट और ब्लूटूथ का गलत उपयोग रोका जा सके।
डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि पंजाब पुलिस की विशाल भर्ती मुहिम छह भर्ती बोर्डों द्वारा चलाई जा रही है और प्रत्येक बोर्ड को एडीजीपी रैंक के अधिकारी के अधीन गठित किया गया है। अब तक सब-इंस्पेक्टरों (ज़िला, आर्म्ड, इंटेलिजेंस और इनवेस्टिगेशन काडर) और इंटेलिजेंस व इनवेस्टिगेशन काडर के कांस्टेबलों के पदों के लिए लिखित परीक्षा हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि गत 17 से 24 अगस्त तक चंडीगढ़ और पंजाब के विभिन्न जिलों में सब-इंस्पेक्टर पदों की लिखित परीक्षा के दौरान ब्लूटूथ के जरिए नकल करने के मामले में खन्ना पुलिस ने छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इनमें विकास निवासी खनौरी (संगरूर), रणबीर सिंह (जिला हिसार), अमृत निवासी सोनीपत, राजिंदर सिंह निवासी हिसार और सब इंस्पेक्टर भर्ती होने के इच्छुक नवजोत सिंह निवासी जींद शामिल हैं। उन्होंने बताया कि विकास के बताने पर नवजोत को शनिवार सुबह जींद (हरियाणा) में उसके गांव से गिरफ्तार किया गया। नवजोत ने माना था कि विकास 21 अगस्त को सेक्टर-19, चंडीगढ़ में उसे और उसके पिता से मिला था और परीक्षा में सही जवाब देने के लिए माईक्रो ईयरफोन और एक इलेक्ट्रॉनिक यंत्र ब्लूटूथ लिया था।
मुख्यमंत्री ने डीजीपी दिनकर गुप्ता को परीक्षा प्रक्रिया को पटरी से उतारने और कमज़ोर करने की कोशिशों संबंधी रिपोर्ट के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के यह निर्देश हेड कांस्टेबलों (इंवेस्टिगेशन काडर) की लिखित परीक्षा से पहले आए हैं। यह परीक्षा 12 से 19 सितंबर तक होनी है।
डीजीपी ने बताया कि आगामी परीक्षाओं को सुचारु और नकल रहित कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों में जैमर और अन्य विद्युत उपकरण लगाए जा रहे हैं, जिससे इंटरनेट या ब्लूटूथ के गलत इस्तेमाल को रोका जा सके। उन्होंने बताया कि पेपर लीक मामले में और गिरफ्तारियां होने की भी संभावना है।