फिर विवादों में सिमरनजीत मान: अब जनेऊ पर उठाया सवाल, विमान में कृपाण पर रोक पर जताया एतराज
पंजाब भाजपा के प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता ने सांसद सिमरनजीत सिंह मान द्वारा बार-बार देश व राष्ट्रीय ध्वज विरोधी विवादित बयान दिए जाने पर कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने कहा कि सिमरनजीत मान को राष्ट्रीय ध्वज से इतनी नफरत है तो उन्होंने तिरंगे के समक्ष हिंदुस्तान के संविधान की शपथ क्यों ली?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शहीद-ए-आजम भगत सिंह पर विवादित बयान देकर सुर्खियों में रहे संगरूर से शिअद (अमृतसर) के सांसद सिमरनजीत सिंह मान ने एक बार फिर नया विवाद छेड़ दिया है। सिखों को कृपाण लेकर विमान में सफर करने की आज्ञा नहीं दिए जाने पर एतराज जताते हुए सिमरनजीत मान ने कहा है कि विमान में हिंदू भी जनेऊ पहनकर जाते हैं और उससे भी किसी का गला काटा जा सकता है।
हिंदुओं के जनेऊ पहनकर विमान यात्रा करने पर रोक लगाने की मांग करते हुए सिमरनजीत मान ने कहा कि जनेऊ से किसी को भी घायल किया जा सकता है और इससे डराया भी जा सकता है। चंडीगढ़ से शुक्रवार देर रात जारी बयान में उन्होंने कहा कि जिसने शरारत करनी है, वह जनेऊ की जगह चीन का धागा पहनकर जाए और धमकी दे कि गर्दन उड़ा दूंगा और प्लेन को हाईजैक भी कर सकता है। मान ने कहा कि सांसद होने के तौर पर मुझे यह मंजूर नहीं है। अगर सिखों की कृपाण पर रोक लगानी है तो फिर हिंदुओं का जनेऊ भी साथ ही उतरेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले सिमरनजीत मान ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह को आतंकवादी कहा था। उनका तर्क था कि भगत सिंह ने नेशनल असेंबली में बम फेंका था और अंग्रेज अफसर को मारा था। इस हालात में भगत सिंह को आतंकवादी नहीं कहेंगे तो क्या कहेंगे?
भाजपा ने सिमरनजीत के बयान की कड़ी निंदा की
पंजाब भाजपा के प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता ने सांसद सिमरनजीत सिंह मान द्वारा बार-बार देश व राष्ट्रीय ध्वज विरोधी विवादित बयान दिए जाने पर कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने कहा कि सिमरनजीत मान को राष्ट्रीय ध्वज से इतनी नफरत है तो उन्होंने तिरंगे के समक्ष हिंदुस्तान के संविधान की शपथ क्यों ली? गुप्ता ने कहा कि सिमरनजीत मान ने हिंदुस्तान के संविधान के अनुसार चुनाव लड़ा और हिंदुस्तान की जनता ने अपने वोट की ताकत से उन्हें चुनकर संसद में भेजा है और उन्होंने हिंदुस्तान के राष्ट्रीय संविधान के अनुसार तिरंगे के समक्ष शपथ ग्रहण की है।
उन्होंने कहा कि सिमरनजीत मान द्वारा शहीद-ए-आजम भगत सिंह का अपमान करते हुए उन्हें आतंकवादी कहा जा रहा है, तो मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सिमरनजीत मान के खिलाफ अभी तक कार्रवाई क्यों नहीं की। मान द्वारा विमान में जनेऊ पहनकर यात्रा करने के उठाए गए सवाल पर जीवन गुप्ता ने कहा कि मान ने जनेऊ को आधार बनाकर सीधे-सीधे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं पर हमला किया है। मान ऐसी बयानबाजी करके पंजाब में हिंदुओं और सिखों में दरार डालने की कोशिश कर रहे हैं।