बुर्का पहनकर बैंक पहुंची महिला, सिक्योरिटी गार्ड ने टोका- मैडम नकाब हटाकर अंदर आएं
बुर्का पहनकर पंजाब नेशनल बैंक में रुपये निकलवाने पहुंची महिला को सुरक्षा गार्ड द्वारा रोके जाने पर हंगामा हो गया। महिला का आरोप है कि सिक्योरिटी गार्ड और बैंक स्टाफ ने ऐसा करके उसके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई है। बहस के बाद महिला और उसका पति छछरौली थाने में पहुंच गए और बैंक स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई।
पुलिस को दी शिकायत में रहीमीया कॉलोनी निवासी शबनम ने बताया कि उसका पंजाब नेशनल बैंक में अकाउंट है। गुरुवार को वह कैश निकलवाने के लिए ब्रांच में गई थी। जैसे ही वह बैंक में दाखिल होने लगी तो सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोक लिया और कहा कि नकाब में चेहरा ढक कर बैंक में अंदर नहीं जा सकते। इस पर महिला ने कहा कि जब कैश काउंटर पर जाएगी तो वहां अपना नकाब हटा देगी।
इसको लेकर बहस बढ़ गई और दोनों मैनेजर के पास पहुंचे। महिला का आरोप है कि मैनेजर ने भी उसकी कोई बात नहीं सुनी और सिक्योरिटी गार्ड सुभाष का ही पक्ष लिया। ऐसा व्यवहार करके उसे अपमानित किया गया है और इससे उसके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचा है।
बहस के बाद शबनम अपने पति को साथ लेकर छछरौली थाने में गई और लिखित में शिकायत दी। इस मामले में शाखा प्रबंधक ने कहा कि महिला का आरोप बेबुनियाद है। पूरा स्टाफ सभी ग्राहकों के साथ सही बर्ताव करता है।
हमें आदेश है कि पर्दानशीं उपभोक्ता का लेनदेन आईडेंटिफिकेशन के बाद ही किया जाए। उन्हें केवल इतना ही कहा गया था कि नकाब हटाकर बैंक में अपना लेन-देन करें। महिला और उसका पति इसी बात पर भड़क गए। सुरक्षा के लिहाज से भी बैंक में नकाबपोश की एंट्री वर्जित है। - सूरजभान, ब्रांच मैनेजर
आरबीआई की साफ गाइडलाइन है कि पर्दानशीं का अकाउंट नहीं खोला जा सकता। लेने-देन के दौरान भी चेहरे से नकाब हटाना होगा। मैनेजर से इस मामले में बात की गई है। -सुनील चावला, लीड बैंक मैनेजर
महिला द्वारा बैंककर्मियों के खिलाफ शिकायत दी गई है। मामले की जांच की जाएगी। -मुकेश, छछरौली थाना प्रभारी