Chandigarh Rose Festival: तीन दिन रहेगी धूम, म्यूजिकल नाइट में आ रहे ये सिंगर, यहां देंखे कार्यक्रम का शेड्यूल
53वां रोज फेस्टिवल 21 से 23 फरवरी तक सेक्टर-16 स्थित जाकिर हुसैन रोज गार्डन में भव्य तरीके से आयोजित होगा। वीकेंड पर आयोजित होने वाले रोज फेस्टिवल में तीन दिन खासी भीड़ रहेगी। इसके अलावा रात को म्यूजिकल नाइट का भी लोग लुत्फ उठाएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ का 53वां तीन दिवसीय रोज फेस्टिवल 21 फरवरी से शुरू हो रहा है। शुक्रवार, शनिवार और रविवार तीन दिन सेक्टर-16 के रोज गार्डन और सेक्टर-10 लेजर वैली में रोज फेस्टिवल की धूम रहेगी। तीनों दिन रात को म्यूजिकल नाइट का आयोजन भी किया जा रहा है। जिसमें पहाड़ी नाटी किंग कुलदीप शर्मा, बॉलीवुड सिंगर मोनाली ठाकुर और पंजाबी गायक गुरदास मान आ रहे हैं।
लोग न केवल रंग-बिरंगे गुलाबों की खूबसूरती का आनंद लेंगे, बल्कि क्यूआर कोड स्कैन कर उनके बारे में जानकारी भी हासिल कर सकेंगे। फेस्टिवल का उद्घाटन पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया करेंगे। हालांकि, वित्तीय संकट के चलते इस बार न तो प्रतियोगिताओं में कैश पुरस्कार दिए जाएंगे और न ही हेलिकॉप्टर राइड व लाइट एंड साउंड शो होगा।
निगम के अधिकारियों का कहना है कि इस बार खास बात यह है कि यह जीरो बजट फेस्टिवल होगा, जिसमें सभी कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं को पहली बार प्रायोजकों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज, बैंड की धुनों और विभिन्न राज्यों के लोक नृत्यों के साथ सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। फूलों की सजावट भी मुख्य आकर्षण का केंद्र होगी। फेस्ट में तीन सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रमुख कलाकारों की ओर से मनोरंजक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। निगम के सूचनात्मक स्टॉल, सेल्फ हेल्प ग्रुप्स के स्टॉल, गेम जोन, फूड कोर्ट, ओपन मार्केट और ग्राउंड परफॉर्मेंस भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे। आयुक्त अमित कुमार ने कहा कि इस बार भी पिछले वर्षों की तरह विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कट फ्लावर अरेंजमेंट और बोनसाई डिस्प्ले भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
पहले दिन कुलदीप शर्मा और आखिरी दिन गुरदास मान की परफार्मेंस
चंडीगढ़ टूरिज्म डिपार्टमेंट की तरफ से तीनों दिन म्यूजिकल नाइट का आयोजन किया जा रहा है। पहले दिन यानी शुक्रवार को हिमाचल के प्रसिद्ध पहाड़ी गायक नाटी किंग कुलदीप शर्मा की लाइव परफॉर्मेंस होगी। वहीं दूसरे दिन शनिवार को बॉलीवुड सिंगर मोनाली ठाकुर प्रस्तुति देंगी। वहीं आखिरी दिन पंजाब के प्रसिद्ध गायक गुरदास मान लोगों को मनोरंजन करेंगे। पर्यटन विभाग की तरफ से सेक्टर-10 स्थित म्यूजियम व आर्ट गैलरी के पीछे ओपन ग्राउंड में यह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मोबाइल पर मिलेगी गुलाब की जानकारी
निगम ने रोज गार्डन के अंदर मौजूद सभी गुलाब के फूलों के पास क्यूआर कोड स्थापित किए गए हैं। इससे लोगों को उस गुलाब की पूरी जानकारी उनके मोबाइल पर मिल जाएगी। क्यूआर कोड को स्कैन करते ही गुलाब की फोटो और उसके बारे में पूरी जानकारी मोबाइल पर आ जाएगी। इससे लोगों को फूलों के किस्मों के बारे में अच्छे से जानने का मौका मिलेगा।
रोज फेस्टिवल के पहले दिन के कार्यक्रम
- 21 फरवरी को सुबह 11:00 बजे प्रशासक गुलाबचंद कटारिया उद्घाटन करेंगे
- 11:10 बजे ब्रास और पाइप बैंड शो
- 12:30 बजे लोक नृत्य प्रतियोगिता
- 4:30 बजे चंडीगढ़ निरोल सवाचार अकादमी द्वारा पंजाबी भंगड़ा
- 5:00 बजे कलाकार सुखी बराड़ और ग्रुप द्वारा पंजाबी म्यूजिकल संध्या
- 6:30 बजे हिमाचल के नाटी किंग कुलदीप शर्मा की लाइव परफॉर्मेंस
दूसरे दिन के कार्यक्रम
- 22 फरवरी को सुबह 9:00 बजे रोज प्रिंस और रोज प्रिंसेस प्रतियोगिता
- 10:00 बजे पतंगबाजी शो
- 10:30 बजे फोटोग्राफी प्रतियोगिता
- 11:00 बजे गतका प्रदर्शन
- 3:30 बजे मिस्टर रोज और मिस रोज प्रतियोगिता
- 4:30 बजे बलबीर और ग्रुप का सूफियाना गायन
- 6:30 बजे: लोपोके ब्रदर्स की परफॉर्मेंस
- 6:30 बजे बॉलीवुड सिंगर मानोली ठाकुर की लाइव परफॉर्मेंस
तीसरे दिन के कार्यक्रम
- 23 फरवरी को सुबह 10:00 बजे बंगाली कलाकारों का प्रदर्शन
- 10:30 बजे ऑन द स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता
- 11:00 बजे अंताक्षरी प्रतियोगिता
- दोपहर 3:00 बजे समापन समारोह और पुरस्कार वितरण
- 5:00 बजे अतुल दुबे और ग्रुप की तरफ से गीत और गजल
- 6:30 बजे नवीन नीर का कवि सम्मेलन
- 6:30 बजे पंजाबी गायक गुरदास मान की लाइव परफॉर्मेंस