Haryana: भारत जोड़ो यात्रा की बैठक में नहीं पहुंचे रणदीप, सैलजा और किरण, 22 जिलों में समन्वयक नियुक्त
हरियाणा में यात्रा दो चरणों में होगी। 21 दिसंबर को फिरोजपुर झिरका से यह हरियाणा में दाखिल होकर सोहना, बड़खल, फरीदाबाद होते हुए 24 दिसंबर को उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगी। पहले दिन रात्रि ठहराव नूंह के गांव अकेड़ा, 22 दिसंबर को सोहना के खालूवास और तीसरे दिन फरीदाबाद जिले में होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के हरियाणा में प्रवेश की तैयारियों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को अंतिम रूप दिया। प्रदेश मुख्यालय में बुलाई गई बैठक में राज्यसभा सांसद और एआईसीसी महासचिव रणदीप सुरजेवाला, छत्तीसगढ़ की प्रभारी कुमारी सैलजा और विधायक किरण चौधरी गैरहाजिर रहीं। इन्होंने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में व्यस्त होने का तर्क दिया है।
प्रदेश कांग्रेस के नए प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल का पहली ही बैठक में कड़ा रुख रहा। गोहिल ने पार्टी नेताओं को साफ कर दिया कि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी नेता पार्टी प्लेटफार्म पर अपनी बात रखें। उन्होंने 2024 में कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, डेलिगेट को एकता का पाठ भी पढ़ाया।
यात्रा के लिए 22 जिलों में समन्वयक नियुक्त करने के साथ ही 14 आयोजन समितियां भी बनाई गई हैं। गोहिल ने सिर्फ कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो देश और प्रदेशहित में काम कर सकती है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार ने हरियाणा में जो ऐतिहासिक कार्य किए, आज भी देशभर में उनका उदाहरण दिया जाता है।
गोहिल ने दीपेंद्र हुड्डा की तारीफ करते हुए कहा कि वो मजबूती के साथ संसद में किसान, जवान और हर वर्ग की आवाज उठाते हैं। उन्होंने सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं से भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक सकारात्मक संदेश लेकर यात्रा पर निकले हैं।
हरियाणा में यात्रा का आगमन और इससे लोगों का जुड़ाव ऐतिहासिक होगा। लाखों की तादाद में हरियाणवी यात्रा का हिस्सा बनेंगे। बैठक में पहुंचने पर नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी का पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सभी कार्यकारी प्रदेश अध्यक्षों, पार्टी विधायकों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
ये रहेगा यात्रा का रूट
हरियाणा में यात्रा दो चरणों में होगी। 21 दिसंबर को फिरोजपुर झिरका से यह हरियाणा में दाखिल होकर सोहना, बड़खल, फरीदाबाद होते हुए 24 दिसंबर को उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगी। पहले दिन रात्रि ठहराव नूंह के गांव अकेड़ा, 22 दिसंबर को सोहना के खालूवास और तीसरे दिन फरीदाबाद जिले में होगा। दूसरे चरण की यात्रा का रूट प्लान अभी तय नहीं किया गया है। दोनों चरण की यात्रा के जरिये कांग्रेस दक्षिण हरियाणा और जीटी रोड बेल्ट को साधने की तैयारी में है।
उदयभान, दीपेंद्र करेंगे जिला स्तरीय बैठकें
तैयारियों को अमलीजामा पहनाने के लिए कांग्रेस उदयभान और दीपेंद्र हुड्डा जिला स्तर पर बैठकें करेंगे। दीपेंद्र ने कहा कि भाजपा ने राहुल गांधी की छवि बिगाड़ने के लिए लगातार षड्यंत्र रचे लेकिन फिर भी वह सकारात्मक उदेश्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। भारत जोड़ने की उनकी कोशिश जरूर सफल होगी। अमीर-गरीब और जात-धर्म के नाम पर जो खाई खोदी गई है, यह यात्रा उस खाई को पाटने का काम करेगी।