राजकुमार सैनी ने बसपा के कई नेताओं पर टिकट बेचने का लगाया आरोप, बीएसपी ने किया पलटवार
लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद पूर्व सांसद राजकुमार सैनी की पार्टी लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी और मायावती की बहुजन समाजवादी पार्टी के बीच सियासी खींचतान जारी है। परिवर्तन एवं जागरूकता रथ यात्रा लेकर मंगलवार को रोहतक पहुंचे पूर्व सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी में प्रदेश के कई नेता स्वार्थ की राजनीति कर टिकटों को बेचना चाहते हैं और पैसे की मांग करते हैं।
उधर, जवाब में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश भारती का कहना है कि राजकुमार सैनी भाजपा के एजेंट हैं। लोकसभा चुनाव में यह साबित हो चुका है। इसलिए बेबुनियाद आरोप लगाकर लोगों का ध्यान भटकाना चाहते हैं। मंगलवार सुबह सुखपुरा चौक के नजदीक मीडिया से बातचीत करते हुए राजकुमार सैनी ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद का नारा देकर अपने स्वार्थों की पूर्ति कर रही है। जिन लोगों ने प्रदेश को जलाने का काम किया आज उन्हीं लोगों को भाजपा अपनी पार्टी में शामिल कर रही है।
इससे साफ है कि प्रदेश में जो हिंसा हुई थी उसमें सरकार की भूमिका थी। सैनी ने दलितों व पिछड़ों को एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा ने मोदी को भी पिछड़ा वर्ग के नेता के रूप में प्रचारित करने पर ही सत्ता हासिल कर पाई है। इसके उलट हिस्सेदारी की बात की जाए तो महत्वपूर्ण क्षेत्र में समाज की अनदेखी की जाती रही है।
एक सवाल के जवाब में सैनी ने कहा कि बसपा के प्रति लोगों का मोहभंग हो चुका है। क्योंकि पार्टी के अंदर कई नेता अपने स्वार्थों की पूर्ति के लिए टिकट बेचना चाह रहे हैं। ऐसे लोगों को अब जनता मुंह नहीं लगाती। इस मौके पर जिला अध्यक्ष जोगिंदर पंवार, बलवान फौजी, बिजेंदर सैनी, राकेश पहलवान, लोकसभा अध्यक्ष किशन पांचाल, अरविंद जोगी, दीपक सैनी व विनोद कुमार भी मौजूद रहे।
कांग्रेस मर चुकी है
पूर्व सांसद ने बस से नीचे उतरने की बजाए अंदर से ही माइक से समर्थकों को संबोधित किया। पूर्व सांसद ने कहा कि कांग्रेस मर चुकी है। उसका कोई जनाधार नहीं बचा। भाजपा ने झूठ की राजनीति की है। गरीब, किसान व अन्य वर्ग के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसी से गठबंधन नहीं करेगी।
लोकसभा चुनाव में राजकुमार सैनी की असलियत उजागर हो चुकी है। सैनी व उनके समर्थक भाजपा एजेंटे के तौर पर काम करते हैं। लोकसभा चुनाव में उनके समर्थक सोशल मीडिया पर एक बार फिर मोदी सरकार का नारा दे रहे थे। ऐसे में समाज के लोगों ने उनको नकार दिया। अब बसपा के नेताओं पर बेबुनियाद आरोप लगाकर अपना लोगों को गुमराह करना चाहते हैं, लेकिन समाज के लोग उनकी बातों में नहीं आएंगे। -प्रकाश भारती, प्रदेश अध्यक्ष बसपा