'केंद्र, राज्य सरकार की नाकामी से हुआ पठानकोट आतंकी हमला'
पठानकोट में आतंकी हमला केंद्र और राज्य सरकार के खुफिया तंत्र पूरी तरह से फेल होने का नतीजा है। यह आरोप पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्ठल ने लगाए।
भट्ठल ने कहा कि दीना नगर हमले के बाद भी केंद्र सरकार और राज्य सरकार दोनों ही सतर्क नहीं हुई। केंद्र सरकार इस मामले में कुछ कहती है तो पंजाब के उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री सुखबीर सिंह बादल हर बार कुछ करने की बजाए केंद्र सरकार पर आरोप लगा अपना पल्ला झाड़ लेते है।
उन्होंने कहा कि दोनों सरकार इसका जिम्मा एक दूसरे पर फेंक रही है, लेकिन असलियत यह है कि दोनों सरकारों की नाकामी है। एक छोटा सा देश हमें घर में आकर मार रहा है। यह काफी दुख की बात है। भारत पाकिस्तान के बीच बातचीत पर उन्होंने कहा कि बिना बात के तो कोई बात नहीं बनेगी। बात होनी चाहिए।
सत्तारूढ़ पार्टी की गुटबाजी भुगत रही जनता
बीबी राजिंदर कौर भट्ठल ने कहा कि राज्य के लोग अमन शांति पसंद है, लेकिन प्रदेश सरकार की सुरक्षा के प्रति लापरवाही के कारण राज्य में आतंकी हमले बढ़ रहे हैं।
पार्टी के अंदर गुटबाजी के सवार पर भट्ठल ने कहा कि कांग्रेसियों में कोई गुटबाजी नहीं है। एक परिवार के एक सदस्य को टिकट देने के मुद्दे पर बीबी भट्ठल ने कहा कि उन्होंने तो पहले ही इसकी वकालत की थी।
उन्होने साफ किया कि कांग्रेस पार्टी को इस बारे में विचार करना चाहिए। उन्होंने आम आदमी पार्टी के बारे में कहा कि लोकसभा में चुनाव में पंजाब सरकार के खिलाफ लोगों का गुस्सा था। महागठबंधन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वह इसके हक में है। सेकुलर विचारधारा वाली पार्टियों के साथ गठबंधन करना चाहिए।