Rain in Chandigarh: चंडीगढ़ में बदला मौसम, तेज हवाओं के साथ आई बारिश, पेड़ गिरने से कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त
सोमवार सुबह आई बारिश की वजह से शहरवासियों को सीजन की पहली ठंड भी महसूस हो रही है। लोगों ने गर्म कपड़े निकालना शुरू कर दिए हैं। काले बादलों और बरसात के चलते गाड़ियों की हेडलाइट भी ऑन करनी पड़ी। कुछ इलाकों में स्ट्रीट लाइट्स भी जल गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ में सोमवार सुबह तेज हवाएं चलने के साथ झमाझम बारिश हुई। कुछ ही घंटों में 12.6 एमएम बरसात हुई। साथ ही एक ही दिन में सात डिग्री सेल्सियस तापमान गिर गया। बारिश के बाद भी पूरे दिन बादल छाए रहे। इससे मौसम सुहाना हो गया। गुलाबी ठंड की दस्तक से लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं।
मौसम विभाग ने सोमवार को बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। सुबह सात बजे अचानक घने काले बादल छाने लगे। 7:30 बजे तक पूरे शहर में काले बादल छा गए। देखते ही देखते तेज हवाएं चलने लगीं। हवाओं की रफ्तार काफी ज्यादा थी। सुबह 8:00 बजे के करीब शहर में बारिश शुरू हुई जो करीब 10:40 बजे तक जारी रही। इस दौरान 12.6 एमएम बारिश हुई है।
रविवार और सोमवार को मिलाकर 18.8 एमएम बारिश हुई है। चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के सक्रिय होने की वजह से मौसम में बदलाव आया है। पिछले साल 11 अक्टूबर को 15.6 एमएम बारिश हुई थी।
बारिश से पहले चली आंधी, छा गया अंधेरा
बारिश से पहले चलीं तेज हवाओं की वजह से शहरवासी काफी प्रभावित हुए। तेज हवाएं करीब आधे घंटे तक चलती रहीं। इस दौरान लगभग पूरे शहर में अंधेरा छा गया था जो गाड़ियां सड़कों पर चल रहीं थीं, उन्हें अपनी हेडलाइट जलानी पड़ी। शहर के कुछ हिस्सों में स्ट्रीट लाइट भी जल पड़ी। यह सब कुछ सुबह 8:00 बजे के करीब हुआ, जब सामान्य तौर पर धूप निकल आती है लेकिन सोमवार को उस समय शहर भर में अंधेरा पसरा था। हवाओं की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि शहर के कई इलाकों में पेड़ गिरे।
यह भी पढ़ें: Punjab: बच्ची से यौन उत्पीड़न के आरोप में मेजर को पांच साल की कैद, सेवा से बर्खास्तगी की सिफारिश
अब तक 23.4 एमएम हुई बारिश, 18.6 डिग्री तक पहुंचा पारा
मौसम विभाग के अनुसार रविवार सुबह 8:30 बजे से लेकर सोमवार 8:30 बजे तक 6.2 एमएम पानी बरसा। इसके बाद सोमवार सुबह 8:30 बजे से लेकर शाम 5:30 बजे तक 12.6 एमएम बारिश हुई है। शहर में एक अक्तूबर से सोमवार शाम साढ़े पांच बजे तक कुल 23.4 एमएम बारिश हो चुकी है। ये सामान्य से छह फीसदी कम है। बारिश की वजह से सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा। दोपहर 12 बजे अधिकतम तापमान 22 डिग्री तक पहुंच गया था। इससे साफ नजर आ रहा है कि शहर का मौसम बदल चुका है। अब रात के साथ सुबह और दिन में भी हल्की ठंड महसूस होने लगी है। दुकानों पर सर्दियों के कपड़ों की बिक्री शुरू हो गई है।
आज ऐसा रहेगा मौसम
चंडीगढ़ मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि मंगलवार को भी बारिश की संभावना है। दिन में रुक-रुक कर बादल छा सकते हैं। बूंदाबांदी भी हो सकती है। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। हालांकि बुधवार से मौसम साफ रहेगा और दिन के समय में धूप निकलेगी।

गिरा विशालकाय पेड़, आधा दर्जन वाहन क्षतिग्रस्त
मध्य मार्ग पर सेक्टर- 8 की पार्किंग में एक विशालकाय पेड़ गिरने से लगभग आधा दर्जन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। पेड़ गिरने से गाड़ियों के शीशे टूट गए और छतें दब गईं। इनमें से तीन गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। वहीं, कुछ गाड़ियों पर स्क्रैच आए हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह से हुई तेज बारिश और उससे पहले चली आंधी से मध्य मार्ग पर सेक्टर-8सी में एक निजी बैंक के सामने पार्किंग क्षेत्र में करीब 11:30 बजे एक पुराना पेड़ अचानक जड़ समेत उखाड़ गया। पेड़ गिरने से यहां पर कुछ गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद चंडीगढ़ पुलिस की टीम पहुंची और हालात का जायजा लिया। वहीं बागवानी विभाग की टीम भी आ गई और पेड़ की शाखाओं को हटाने का काम शुरू किया गया।
जानकारी के मुताबिक सनराइज इंटरनेशनल की एक प्रबंधक रजनी की हुंडई वरना समेत हादसे में एचडीएफसी बैंक के कर्मियों की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। जब यह हादसा हुआ तो वहां पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा कोई बड़ी घटना भी घट सकती थी।