लुधियाना: कृषि विधेयक के खिलाफ उतरे कांग्रेसी, विधायक ने तले पकौड़े और बनाई चाय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्र के कृषि विधेयक के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस ने सुबह 10 से 11 बजे तक पंजाब की 117 विधानसभा इलाकों में प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायकों ने विरोध में पकोड़े तले और चाय बनाई। इस दौरान सभी विधायकों ने केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया। विधायक कुलदीप सिंह वैद फुल्लावाल चौक पहुंचे तो विधायक सुरिंदर डावर बाबा थान सिंह चौक में कार्यकर्ता के साथ मौजूद थे। जबकि मेयर बलकार सिंह संधू हैबोवाल और विधायक संजय तलवाड़ अपने इलाके में प्रदर्शन कर रहे थे।
पंजाब कांग्रेस ने सुबह दस से 11 बजे तक 117 विधानसभा इलाकों में केंद्र के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसमें विधायक और हलका इंचार्जों की ड्यूटी लगाई गई थी। सभी विधायक और हलका इंचार्ज सुबह ही कार्यकर्ता के साथ प्रदर्शन के लिए पहुंच गए। विधायक वैद फुल्लावाल मेन चौक में कार्यकर्ता के साथ पहुंचे और पकौड़े तैयार कर चाय बनाई। इस दौरान विधायक कुलदीप वैद ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ खूब भड़ास निकाली और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल को भी आड़े हाथ लिया।
उन्होंने कहा कि एक तरफ पूर्व केंद्रीय मंत्री इस्तीफा देकर किसानों की हिमायती बनने की कोशिश में है और दूसरी तरफ खुद विधेयक पर दस्तखत कर सरकार का साथ देती हैं। अब भी उन्होंने सिर्फ भाजपा कैबिनेट से इस्तीफा दिया है, भाजपा का साथ नहीं छोड़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार किया है।
अगर यही हाल रहा तो पंजाब के युवा पकौड़े और चाय बनाने लायक ही रह जाएंगे। उधर, विधायक सुरिंदर डावर की अगुवाई में बाबा थान सिंह चौक में प्रदर्शन किया गया। सोशल डिस्टेंस के हिसाब से रखे गए प्रदर्शन में केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। विधायक सुरिंदर डावर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार हिटलर जैसा काम कर रही है।
अपने फैसले लोगों पर थोपे जा रहे है। जब केंद्र कैबिनेट की मीटिंग के दौरान यह बिल तैयार हो रहा था, उस समय हरसिमरत बादल भी वहां मौजूद थीं। अगर वह सही किसानों की हिमायती थी तो उसी समय इस्तीफा देतीं। अब उन्हें लगा कि पंजाब का किसान उन्हें गांवों में घुसने नहीं देंगे तो वह दोगली राजनीति का खेल रही हैं।