Punjab News: राज्यपाल ने किया सीमावर्ती गांवों का दौरा, पंचों और सरपंचों संग की सुरक्षा पर चर्चा
राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने इससे पहले सुरक्षा बलों और पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के साथ पंजाब में पाकिस्तान से सटी सीमा की सुरक्षा बाबत जानकारी ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बुधवार को पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने अमृतसर और गुरदासपुर में सीमांत गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। अमृतसर और तरनतारन के सीमांत गांवों के पंचों, सरपंचों और मोहतबर लोगों से गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के सिंडीकेट हाल में बैठक कर उन्हें सरहदी क्षेत्रों में चौकसी बनाए रखने को प्रेरित किया।
राज्यपाल के दौरे का मकसद सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेना, मौजूदा सुरक्षा का मूल्यांकन करना, खतरे को समझना और लोगों का मनोबल बढ़ाना है। इस अवसर पर पंजाब सरकार के मुख्य सचिव वीके जंजुआ, डीजीपी गौरव यादव और प्रभारी सचिव रमेश कुमार गैंटा भी मौजूद रहे।
राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने इससे पहले सुरक्षा बलों और पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के साथ पंजाब में पाकिस्तान से सटी सीमा की सुरक्षा बाबत जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि पंजाब ने देश के अनाज भंडार को खुशहाल किया है। सीमांत इलाके के बहादुर लोगों ने हमेशा ही पड़ोसी देश के बुरे इरादों को नाकाम किया। उन्होंने पंचों और सरपंचों से कहा कि वे चौकस रहें और सुरक्षा बलों के आंख-कान बनकर आसपास हो रही संदिग्ध गतिविधियों बाबत उन्हें चौकस करें।
उन्होंने कहा कि सभी फोर्स मिलकर काम कर रहीं हैं और लगातार दुश्मन की ओर से भेजे जा रहे ड्रोनों को मार गिराया जा रहा है। हमें अपनी नई पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए लिए राष्ट्र की सुरक्षा में अहम योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि अगर गांव में कोई व्यक्ति नशा बेचता है तो उसका मुकम्मल बायकाट करें। अगर गांव मजबूत होगा तो हमारा देश मजबूत बनेगा।
राज्यपाल ने कहा कि गांवों में विलेज डिफेंस कमेटियां बनाई जानी चाहिए। इन कमेटियों की ओर से लगातार तालमेल कर सूचना साझी करनी चाहिए। ताकि बुरे तत्वों का पता चल सके। मुख्य सचिव वीके जंजुआ ने युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से शिक्षा और पुलिस विभाग में हर साल भर्ती किए जाने की बात कही। अन्य विभागों में भी 29 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं। वहीं सरकार जल्द ही कच्चे मुलाजिमों को रेगुलर करने जा रही है।
गुरदासपुर में गांव धर्मकोट रंधावा का किया दौरा
राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने जिला गुरदासपुर में डेरा बाबा नानक के पास सीमावर्ती गांव धरमकोट रंधावा का दौरा किया। यात्रा का उद्देश्य मौजूदा सुरक्षा उपायों का आकलन करना और सीमावर्ती गांवों में रहने वाले लोगों का मनोबल बढ़ाना था। डीसी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने जिला गुरदासपुर आने पर राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित और वरिष्ठ अधिकारियों का धन्यवाद किया। इस मौके पर सरहदी क्षेत्र के नेताओं ने भी अपने विचार रखे और पंजाब के राज्यपाल को आश्वासन दिया कि वे सुरक्षा एजेंसियों को हर संभव सहयोग देंगे।
जिला प्रशासन ने गांव धर्मकोट रंधावा में मिशन आबाद के तहत विशेष कैंप भी लगाया। इसमें लोगों को विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। बनवारी लाल पुरोहित ने भी आबाद शिविर के दौरान लोगों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।