कुर्सी पर बैठे सिद्धू: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने दोबारा पदभार संभाला, कार्यक्रम में नहीं पहुंचे सीएम चन्नी
चन्नी सरकार में एजी और डीजीपी पदों पर नियुक्तियों से नाराज नवजोत सिद्धू ने पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद इस्तीफा वापस लेने के समय उन्होंने एलान किया था कि एजी को पद से हटाए जाने तक वह दोबारा पदभार नहीं संभालेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लंबे समय तक प्रदेश के एडवोकेट जनरल और डीजीपी को बदलने की मांग पर अड़े रहे पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने मंगलवार को आखिरकार अध्यक्ष पद का कामकाज संभाल लिया। सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी ने सिद्धू को आसन ग्रहण कराया। इस मौके पर मुख्यमंत्री चन्नी तो नहीं पहुंच सके लेकिन करीब एक घंटे की देरी से पहुंचकर चन्नी ने सिद्धू को बधाई दी।
मुख्यमंत्री चन्नी द्वारा प्रदेश के एडवोकेट जनरल और डीजीपी के पद पर अपने पसंदीदा अफसरों की नियुक्ति किए जाने के विरोध में नवजोत सिद्धू ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद सिद्धू और चन्नी में विवाद भी गहराया लेकिन हाईकमान के हस्तक्षेप के बाद सिद्धू ने इस शर्त पर अपना इस्तीफा तो वापस ले लिया था कि प्रदेश के एजी और डीजीपी बदले जाएंगे। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री चन्नी को भी हाईकमान के आगे झुकना पड़ा और उन्होंने एजी देयोल का इस्तीफा स्वीकार कर लिया जबकि डीजीपी पद के लिए केंद्र से पैनल मिलने के बाद मौजूदा कार्यकारी डीजीपी इकबाल प्रीत सिंह सहोता को भी बदल दिए जाने पर सहमति बनी है।
मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिद्धू से पूछा गया कि पद संभालने के लिए उन्होंने जो दो शर्तें लगाई थीं, वह अब तक पूरी नहीं हुई हैं, इस पर सिद्धू ने साफ तौर पर इंकार कर दिया कि उन्होंने कोई शर्त लगाई थी।
चन्नी ने सिद्धू को बयानबाजी न करने के लिए मनाया
सूत्रों के मुताबिक पदग्रहण के बाद सिद्धू और चन्नी व हरीश चौधरी के बीच हुई बैठक में चन्नी ने सिद्धू को सरकार के खिलाफ बयानबाजी से गुरेज करने और मिलजुल कर काम करने के लिए मना लिया है। हालांकि बैठक के बाद सिद्धू ने फिर चन्नी सरकार की आर्थिक स्थिति का मुद्दा उठा दिया लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि बेअदबी, बीएसएफ के मुद्दों को छोड़कर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त है। सिद्धू ने कह कि ज्यादातर मुद्दे सरकार की आय से संबंधित हैं, जिसे लेकर योजना तैयार कर ली गई है, जिसका खुलासा भी आगे किया जाएगा।
करतारपुर कॉरिडोर खोलने का किया स्वागत
इससे पहले, कांग्रेस भवन पहुंचने पर सिद्धू ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान करतारपुर कॉरिडोर खोले जाने के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि डेरा बाबा नानक में श्रद्धालुओं के लिए प्लेटफार्म बनाया जाना चाहिए ताकि जो श्रद्धालु श्री करतारपुर साहिब नहीं जा सकते, वह इस प्लेटफार्म से गुरुद्वारा साहिब के दर्शन कर सकें। सिद्धू ने प्लेटफार्म के आकार का भी जिक्र किया और कहा कि यह प्लेटफार्म 100 फुट चौड़ा और 60 फुट ऊंचा होना चाहिए, जहां से गुरुद्वारा साहिब साफ दिखाई देता है।