Punjab: भगवंत मान ने की 'इंडिया' गठबंधन को मजबूत करने की अपील, पीएम मोदी और अमित शाह पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर तंज कसा और कहा कि जब बजने लगीं हार के खतरे की घंटियां तो मोदी और अमित शाह को याद आने लगी केजरीवाल की गारंटियां। उन्होंने कहा कि आम आदमी पर फ्रीबी और मुफ्त गारंटी देकर वोट बटोरने का आरोप लगाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह अब हार के डर से खुद भी जनता को विकास और मुफ्त सुविधाओं की गारंटी देने लगे हैं।
विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि देश को सांप्रदायिकता, भ्रष्टाचार नशा और महंगाई की अंधी खाई से निकालने के लिए जनता को आपसी मतभेद भुलाकर लोकसभा चुनाव में 'इंडिया' गठबंधन को मजबूत करना होगा ताकि भाजपा को सत्ता से बेदखल किया जा सके। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने की अपील की।
लुधियाना के मुल्लांपुर दाखा के समीप रकबा टोल प्लाजा पर स्थित महल मुबारक मैरिज पैलेस में आयोजित नव नियुक्त ब्लाक प्रधानों के शपथ ग्रहण समागम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी देश की नंबर वन अनुशासित पार्टी है। इसकी विदेश में भी मिसाल दी जाती है। आज के शपथ ग्रहण समागम में पंजाब के नवनियुक्त 1619 ब्लाक प्रधानों को भ्रष्टाचार नशा और अन्य बुराइयों के खिलाफ लड़ने और पार्टी के लिए निस्वार्थ होकर दिन रात मेहनत से काम करने की शपथ दिलाई गई। आम आदमी पार्टी के पंजाब कार्यकारी प्रधान और विधायक बुध राम ने ब्लाक प्रधानों को शपथ दिलाई और आने वाले नगर निगम व लोकसभा चुनाव में संगठित होकर काम शुरू करने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राजनीति और राजनेताओं की अच्छी और बुरी मंशा का सीधा असर आम जनता के घर जलने वाले चूल्हों पर पड़ता है। इसलिए जरूरी है कि देश और राज्य की सत्ता अच्छे और साफ सुथरे अक्स वाले राजनेताओं के हाथ में हो। आम आदमी पार्टी के साथ शुरू से जुड़े छोटे कार्यकर्त्ता भी आज विधायक और मंत्री पद पर विराजमान हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर पार्टी का कोई भी कार्यकर्त्ता बैठ सकता है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा पर तंज कसा और कहा कि जब बजने लगीं हार के खतरे की घंटियां तो मोदी और अमित शाह को याद आने लगी केजरीवाल की गारंटियां। उन्होंने कहा कि आम आदमी पर फ्रीबी और मुफ्त गारंटी देकर वोट बटोरने का आरोप लगाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह अब हार के डर से खुद भी जनता को विकास और मुफ्त सुविधाओं की गारंटी देने लगे हैं।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने कहा कि नवनियुक्त 1619 ब्लाक प्रधानों को ट्रेनिंग दी जाएगी। ब्लाक प्रधानों को ट्रेनिंग देने के बाद पंजाब के हर गांव के अंतिम घर का दरवाजा खटखटाया जाएगा। ब्लाक प्रधान हर घर के हर सदस्य को पार्टी की उपलब्धियां बताएंगे। इसके अलावा जो खामियां रह गई हैं, उन्हें सुधारने के लिए जनता से ही सुझाव लिए जाएंगे।
नवनियुक्त ब्लाक प्रधान पंजाब के हर गांव में पार्टी की 21 सदस्यीय कमेटी का गठन करेंगे। शपथ ग्रहण समागम में आने से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रायकोट के विधायक हाकम सिंह ठेकेदार के साथ एतिआणा में बन रहे अंतरराष्ट्रीय सिविल एयरपोर्ट का दौरा किया। उन्होंने निर्माण में जुटी कंपनियों के अधिकारीयों को जल्द से जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया।