अमृतसर रेल हादसाः मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये मुआवजे का एलान, एसजीपीसी ने भी की बड़ी घोषणा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अमृतसर में दशहरे के दौरान हुए ट्रेन हादसे में मरने वालों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये देने का एलान किया है। इसके साथ ही हादसे में घायल लोगों के लिए सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में मुफ्त इलाज की व्यवस्था की है।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि जिला प्रशासन को इस हादसे के पीड़ितों को युद्धस्तर पर सहायता पहुंचाने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की घटना बहुत बड़ी त्रासदी है और वे कल खुद अमृतसर जाएंगे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार को पूरी तरह अलर्ट किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस आपात की स्थित में सभी प्राइवेट और सरकारी अस्पतालों को खोलने के निर्देश भी दिए हैं।
एसजीपीसी ने घायलों के मुफ्त इलाज का किया एलान
अमृतसर के जोड़ा फाटक पर हुए भयंकर रेल हादसे पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के प्रधान गोबिंद सिंह लोंगोवाल ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद दुखद और मानसिक पीड़ा देने वाला है। लोंगोवाल ने कहा कि एसजीपीसी इस रेल हादसे के मृतकों के परिवारों के दुख में शरीक है और घायलों के साथ भी संवेदना व्यक्त करती है। उन्होंने इस रेल हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
लोंगोवाल ने एलान किया कि एसजीपीसी रेल हादसे के घायलों का मुफ्त इलाज करेगी। इस दौरान एसजीपीसी के मुख्य सचिव डा. रूप सिंह ने कहा कि श्री गुरु रामदास चैरिटेबल अस्पताल में घायलों के मुफ्त इलाज की प्रबंध कर दिया गया है और उनके इलाज पर जितना भी खर्च आएगा, वह एसजीपीसी द्वारा किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए गुरु रामदास मेडिकल कालेज की एंबुलेंस भेजी गईं है और इमरजेंसी मेडिकल सेवाओं को तुरंत शुरू करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में घायलों के इलाज के लिए सभी पुख्ता प्रबंध कर दिए गए हैं।