सीएम चन्नी की प्रेस कॉन्फ्रेंस: राज्यपाल को फिर भेजी 36000 मुलाजिमों से जुड़ी फाइल, मंजूर नहीं हुई तो कैबिनेट राजभवन के बाहर देगी धरना
पंजाब सरकार ने राज्य की सभी गौशालाओं के बिजली बिल माफ करने का फैसला किया है। सभी गौशालाओं को बिजली के लिए सोलर सिस्टम लगाने के लिए पांच-पांच लाख रुपये भी दिए जाएंगे। बुधवार को यह एलान सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने किया। इसके अलावा भी उन्होंने कई अन्य घोषणाएं कीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि सरकारी विभागों के 36000 कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने संबंधी फाइल में अपेक्षित सुधार कर राज्यपाल के पास फिर से भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगर राज्यपाल ने यह फाइल बुधवार तक क्लीयर नहीं की तो गुरुवार को राजभवन के बाहर धरना दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री चन्नी ने मंगलवार देर रात पंजाब भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि राज्यपाल को राजनीति नहीं करनी चाहिए। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। उल्लेखनीय है कि बीते शनिवार को मुख्यमंत्री ने जब राज्यपाल पर 36000 मुलाजिमों को पक्का करने संबंधी प्रस्ताव की फाइल रोके जाने का आरोप लगाया तो अगले ही दिन राज्यपाल ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि सरकार की तरफ से भेजे प्रस्ताव में कई त्रुटियां थीं और इस बारे में जानकारी की मांग करते हुए फाइल मुख्यमंत्री को लौटा दी गई है। मंगलवार को पत्रकारों ने इस संबंध में सवाल किया तो मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल ने जो भी जानकारी मांगी थी, दोबारा भेजी गई फाइल में उपलब्ध करा दी गई है। इसके बाद भी अगर इसे मंजूरी नहीं दी गई तो वह और उनकी कैबिनेट राजभवन के बाहर धरना देंगे।
नए मुख्यमंत्री को पहले नौकरियां देनी होंगी
मुख्यमंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हर साल 12वीं पास विद्यार्थियों को एक लाख नौकरियां दी जाएंगी। इसके अलावा नौजवानों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त प्रशिक्षण व कोचिंग मुहैया कराई जाएगी। मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि चुनाव के बाद जो भी नए मुख्यमंत्री आएंगे, उन्हें आते ही सबसे पहले इस साल एक लाख नौकरियां देने का काम शुरु करना होगा क्योंकि उनकी सरकार ने इस बारे में कानून बना दिया है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी नौकरियों के अलावा जो नौजवान निजी क्षेत्र में नौकरी चाहते होंगे, उनके लिए सरकार व्यवस्था करने में मदद करेगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विदेश जाने के इच्छुक नौजवानों को अब राज्य सरकार विदेश भेजने का प्रबंध करेगी। इस तरह धोखेबाज ट्रैवल एजेंटों से नौजवानों को बचाया जा सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि विदेश जाने वाले नौजवानों को भी सरकार द्वारा प्रशिक्षण मुहैया कराया जाएगा। इसके अलावा जो विद्यार्थी पढ़ाई के लिए विदेश जाना चाहते हैं, राज्य सरकार उन्हें कर्ज की सुविधा मुहैया कराएगी।
मोदी के समक्ष रखेंगे किसानों और औद्योगिक पैकेज की मांग
मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि बुधवार को फिरोजपुर पहुंच रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राज्य सरकार स्वागत करेगी और इसके लिए वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल विशेष तौर पर वहां उपस्थित रहेंगे। विधायक पिंकी भी वहीं मौजूद रहेंगे। चन्नी ने कहा कि वह स्वयं भी प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए जाना चाहते थे लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय में दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्होंने अपना कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के समक्ष किसानों की बकाया मांगों के साथ ही पंजाब के लिए औद्योगिक पैकेज की मांग रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने की यह घोषणाएं
- मुख्यमंत्री ने एलान किया कि राज्य की प्रत्येक गौशाला को सोलर पावर प्लांट लगाने के लिए पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि गौशालाओं के बकाया बिजली बिल माफ कर दिए गए हैं।
- उच्च शिक्षा विभाग में प्रत्येक विद्यार्थी को 2000 रुपये इंटरनेट/ऑनलाइन भत्ते के रूप में दिए जाएंगे। इस कार्यक्रम के तहत 867000 विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
- मिड-डे मील वर्करों का कमिशन 2200 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये कर दिया गया है।
- आंगनबाड़ी वर्करों के वेतन में भी बढ़ोतरी की गई है।
- आशा वर्करों को 2500 रुपये प्रति महीना मानदेय दिया जाएगा।
- किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों के 407 परिवारों में से 295 परिवारों को नौकरियां देने की भी मंजूरी दे दी गई है। जैसे ही बाकी शहीदों की सूची मिलेगी, उनके परिवारों को भी घोषित सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।