Punjab Cabinet: मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना लॉन्च, ओटीएस योजना और जंगी विधवाओं की पेंशन बढ़ाने पर मुहर
पंजाब की आप सरकार प्रदेश के बुजुर्गों को नांदेड़ साहिब, वाराणसी, तलवंडी साबो, ज्वालाजी, नैना देवी और चिंतपूर्णी की यात्रा करवाएगी। इसके लिए एक कमेटी बनाई गई। इस यात्रा के लिए 40 करोड़ रुपये का फंड रखा गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में व्यापारियों को दिवाली का तोहफा देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में कैबिनेट ने सोमवार को जीएसटी लागू होने से पहले की बकाया टैक्स राशि का एकमुश्त निपटारा करने के उद्देश्य से वनटाइम सेटलमेंट स्कीम (ओटीएस) को हरी झंडी दे दी। कैबिनेट ने पंजाबवासियों को देश के विभिन्न भागों में प्रतिष्ठित तीर्थस्थलों की मुफ्त यात्रा कराने के लिए ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा स्कीम’ को भी मंजूरी दे दी।
पंजाब सिविल सचिवालय में सोमवार सुबह हुई कैबिनेट की बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। बैठक के बाद वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि जीएसटी लागू होने से पहले के बकाया टैक्स का निपटारा करने के लिए ‘रिकवरी ऑफ आउटस्टैंडिंग ड्यूज स्कीम-2023’ को लागू किया गया है, जिससे कानूनी मामलों का बोझ कम होगा।
ओटीएस स्कीम 15 नवंबर से लागू होगी। यह अगले साल 15 मार्च तक लागू रहेगी। ऐसे व्यापारी जिनका बकाया टैक्स, ब्याज व जुर्माना 31 मार्च 2023 तक कुल मिलाकर एक करोड़ रुपये तक बनता, को ओटीएस के तहत टैक्स राशि में 50 फीसदी, ब्याज व जुर्माना राशि में सौ फीसदी की छूट दी जाएगी।
इनके अलावा जिन व्यापारियों का बकाया टैक्स, ब्याज व जुर्माना राशि 31 मार्च 2023 तक कुल मिलाकर एक लाख रुपये से अधिक नहीं बनता, उन्हें 100 फीसदी छूट प्रदान की जाएगी। चीमा ने बताया कि एक लाख रुपये तक बकाया की श्रेणी में आ रहे 39787 व्यापारियों और एक करोड़ रुपये तक बकाया की श्रेणी में आ रहे लगभग 19361 व्यापारियों को इस स्कीम से बड़ी राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें: Twitter War: ट्विटर पर भिड़े दिल्ली-हरियाणा के सीएम, 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' पर चले शब्दों के तीर
उन्होंने बताया कि कैबिनेट ने 27 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मौके पर राज्य में ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा स्कीम’ शुरू करने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। इससे देश भर में विभिन्न तीर्थ स्थलों के दर्शनों को जाने के इच्छुक पंजाबवासियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। प्रत्येक व्यक्ति की इच्छा होती है कि वह पवित्र स्थलों- श्री हजूर साहिब (नांदेड़), श्री पटना साहिब (बिहार), वाराणसी मंदिर, अयोध्या और वृंदावन धाम (उत्तर प्रदेश), श्री अजमेर शरीफ (राजस्थान) के अलावा पंजाब में श्री आनंदपुर साहिब, श्री अमृतसर साहिब, राजस्थान में सालासर धाम, हिमाचल प्रदेश में माता चिंतपूर्णी, माता ज्वाला जी, माता नैना देवी और जम्मू में माता वैष्णो देवी जैसे तीर्थ स्थलों की यात्रा करे।
वित्त मंत्री ने बताया कि उक्त योजना के तहत, तीर्थ यात्रा पर जाने के लिए दो तरह के साधन होंगे। लंबी दूरी के धार्मिक स्थानों की यात्रा रेलगाड़ी द्वारा और कम दूरी की यात्रा का साधन सड़क के रास्ते बसों के जरिये होगा।
कैबिनेट ने इन प्रस्तावों पर भी लगाई मुहर
- सैनिकों के परिवारों के लिए जंगी जागीर राशि दोगुना की
- पटवारियों और कानूनगो का प्रांतीय काडर बनाने की मंजूरी
- दिव्यांग सैनिकों के लिए एक्सग्रेशिया राशि हुई दोगुना
जंगी विधवाओं की सालाना पेंशन बढ़ी
राज्य की जंगी विधवाओं की पेंशन बढ़ाई गई। उन्हें पहले दस हजार पेंशन सालाना मिलती थी। उसे बढाकर 20 हजार रुपये कर दिया है।
दिव्यांग फौजियों को दोगुनी राशि देगी सरकार
इसी तरह पैरा मिलिट्री फोर्सेस में दिव्यांग होने पर दी जाने वाली राशि बढ़ाई गई है। युद्धों में 76 से 100 फीसदी दिव्यांग होने वालों को 20 लाख से 40 लाख की राशि दी जाएगी। 51 फीसदी से 75 फीसदी दिव्यांग होने वालों को अब दस लाख से 20 लाख तक की राशि मिलेगी। 25 से 50 फीसदी दिव्यांग होने वालों को अब 5 लाख की जगह दस लाख की राशि दी जाएगी। इसमें विभिन्न युद्धों में भाग लेने वाले लोग शामिल हैं।
केजरीवाल ने दी बधाई
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सरकार को बधाई दी। केजरीवाल ने एक्स पर लिखा-दिल्ली के बाद अब पंजाब में भी मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना लागू होगी। आना-जाना, रहना-खाना एकदम फ्री होगा। दिल्ली में हम अब तक 75 हजार से ज्यादा लोगों को तीर्थ यात्रा करा चुके हैं। अपने बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन कराना पुण्य का काम होता है, मुझे खुशी है कि अब पंजाब की जनता की भी इस पुण्य में भागीदारी होगी। इस शानदार फैसले के लिए भगवंत मान और पंजाब की जनता को बहुत-बहुत बधाई।