कैबिनेट : चार विभागों के पुनर्गठन को हरी झंडी, मैक्स को मिलेगी मोहाली सिविल अस्पताल की 0.92 एकड़ भूमि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आबकारी व कराधान, नगर एवं ग्राम योजना, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान और ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग के कामकाज में और ज्यादा कार्यकुशलता लाने के लिए पंजाब मंत्रिमंडल ने सोमवार को इन चार विभागों की पुनर्गठन को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही ज्यादा राजस्व जुटाने के उद्देश्य से आबकारी व कराधान विभाग के कराधान कमिश्नरेट में 110 नए पद और आबकारी कमिश्नरेट में 59 नए पदों के सृजन को भी मंजूरी दी गई है।
उल्लेखनीय है कि जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) लागू होने से ये सेवाएं भी विभाग के दायरे में आईं हैं और ऑडिट का नया कामकाज भी विभाग द्वारा देखा जाने वाला है, जिसमें जीएसटी रजिस्टर्ड लोगों के रिकॉर्ड, रिटर्न और अन्य दस्तावेजों की जांच शामिल है। इसी तरह आबकारी राजस्व में भी आबकारी व कराधान विभाग का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। 1990 -91 में राज्य का आबकारी राजस्व 435.79 करोड़ रुपये था, जो 2020 -21 (प्रस्तावित आंकड़ों) में बढ़कर 5794 करोड़ हो गया है। वहीं 2021-22 में 7000 करोड़ रुपये होने की संभावना है।
नगर व ग्राम योजना विभाग में निदेशक का अलग पद होगा
मंत्रिमंडल ने नगर और ग्राम योजना निदेशालय के पुनर्गठन को भी मंजूरी दी है। अब निदेशक नगर और ग्राम योजना का अलग पद होगा, जो योजना के साथ राज्य में लाइसेंसिंग, रेगुलेटरी और एनफोर्समेंट के कामकाज का भी प्रमुख होगा। पहले यह मुख्य प्रशासक के अधीन आता था। इसी तरह डायरेक्टर नगर और ग्राम योजना की बनावट में दो ग्राम और नगर योजनाकार (सीटीपी), 13 सीनियर नगर योजनाकार (एसटीपी), 37 डिप्टी नगर योजनाकार (डीटीपी), 84 सहायक नगर योजनाकार (एटीपी) योजना, लाइसेंसिंग, रेगुलेटरी और एनफोर्समेंट के काम के लिए होंगे। सभी जिलों में जिला स्तरीय अधिकारी होंगे।
मेडिकल कॉलेज अस्पतालों के लिए नए पदों का सृजन
कैबिनेट ने नए सृजित और खाली पद भरने के अलावा 101 गैर जरूरी पदों की जगह पर विभाग में 175 नए और और ज्यादा तर्कसंगत पदों की भी मंजूरी दे दी है। सरकारी मेडिकल कॉलेज पटियाला और अमृतसर व इनसे जुड़े अस्पतालों और सरकारी नर्सिंग कॉलेजों के अलावा सरकारी डेंटल कॉलेज पटियाला और अमृतसर व सरकारी आयुर्वेदिक कॉलेज/अस्पताल/फार्मेसी पटियाला में अलग-अलग वर्गों की भर्ती के लिए 1154 नए पदों का सृजन किया गया है, जबकि पुनर्गठन के अंतर्गत 606 पद खत्म कर दिए हैं।
मोहाली सिविल अस्पताल की 0.92 एकड़ भूमि मैक्स अस्पताल को मिलेगी
मैक्स हेल्थकेयर ग्रुप की विनती को मंजूर करते हुए पंजाब मंत्रिमंडल ने स्वास्थ्य विभाग की 0.92 एकड़ जमीन 200 बेडों की क्षमता वाले मैक्स अस्पताल मोहाली को देने की मंजूरी दी है। इससे मैक्स अस्पताल की क्षमता में 100 औ बेडों का इजाफा होगा। मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि मंत्रिमंडल की तरफ से यह फैसला वित्त विभाग की कुछ शर्तों के अधीन लिया गया है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की तरफ से सिविल अस्पताल मोहाली की उक्त जमीन को ट्रांसफर करने के लिए मैक्स हेल्थकेयर के साथ रियायती समझौता किया गया है। इस जमीन की 389.57 लाख रुपये फीस के साथ सरकार को कुल राजस्व का पांच प्रतिशत अतिरिक्त राजस्व हासिल होगा, जो मैक्स की तरफ से 100 बेड शामिल करने से हासिल किया जाएगा।