पंजाब में भूजल संकट से निपटने की तैयारी, विधानसभा अध्यक्ष ने कमेटी गठन का किया एलान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में भूजल के गिरते स्तर पर चिंता जाहिर करते हुए पंजाब विधानसभा ने गुरुवार को सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया। प्रस्ताव में पंजाब सरकार को राज्य में भूजल के संरक्षण के लिए तुरंत कदम उठाने की अपील की गई। विधानसभा अध्यक्ष राणा केपी सिंह ने जलस्तर में सुधार करने संबंधी तरीकों की समीक्षा करने के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी बनाने का एलान किया है।
राज्य में भूजल स्तर में आ रही गिरावट पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए विधायक कुलदीप सिंह वैद्य ने मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाने का सुझाव दिया था, जिसके बाद यह फैसला लिया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने तुरंत कमेटी गठन का एलान किया, जो तीन महीने में रिपोर्ट पेश करेगी। विधानसभा अध्यक्ष के एलान का पूरे सदन ने मेज थपथपा कर धन्यवाद किया।
राणा केपी सिंह ने पंजाब सरकार को कमेटी की सहायता के लिए जल स्रोत विभाग के प्रमुख सचिव को नियुक्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह कमेटी भूजल स्तर को रिचार्ज करने के तरीकों और साधनों संबंधी प्रस्ताव भी पेश करेगी। कैबिनेट मंत्रियों मनप्रीत सिंह बादल और तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने कहा कि राज्य सरकार आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी की बचत करने को वचनबद्ध है। इस नेक कार्य को पूरा करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इस मुद्दे पर चर्चा की शुरुआत विधायक हरमिंदर सिंह गिल ने की, जबकि विरोधी पक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा, विधायक राणा गुरजीत सिंह, हरिंदरपाल सिंह चंदूमाजरा, कुलदीप सिंह वैद्य, गुरप्रताप सिंह वडाला, अमन अरोड़ा, कंवर संधू ने भी चर्चा में हिस्सा लिया।
कंडी क्षेत्र के लिए मल्टी विलेज सरफेस वाटर प्रोजेक्ट तैयार
पंजाब के कंडी क्षेत्र में पानी की निर्बाध सप्लाई के लिए राज्य सरकार ने 221 करोड़ रुपये की लागत से मल्टी-विलेज सरफेस वाटर प्रोजेक्ट तैयार कर लिया है। यह डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट मंजूरी के लिए राजस्व विभाग को भेजा जा चुका है। यह जानकारी बजट सत्र के दौरान मंत्री रजिया सुल्ताना ने दी।
उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत ब्लाक तलवाड़ा, दसूहा, हाजीपुर और भुंगा के 197 गांवों को कवर किया जाएगा। प्रश्नकाल के दौरान विधायक अरुण डोगरा ने जानना चाहा था कि क्या कंडी एरिया के ब्लाक तलवाड़ा के गांवों में पानी की सप्लाई सही नहीं है और सरकार क्या कदम उठा रही है।
आप विधायक और नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा द्वारा जिला संगरूर के गांव खडियाल में पंचायती जमीन पर कब्जे को लेकर पूछे गए सवाल पर ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने कहा कि गांव खडियाल की 20 एकड़ 4 कनाल 11 मरले जमीन पर नाजायज कब्जा है और डिप्टी कमिश्नर संगरूर की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे कार्यवाही की जाएगी।
विधायक बलदेव सिंह कल्याण की ओर से उठाए सवाल का जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि कोरोना पॉजिटिव केसों के संपर्क दायरे में आए पारिवारिक सदस्यों और आसपास के कंटेनमेंट जोन में लोगों को मुफ्त कोविड टेस्टिंग मुहैया करवाई गई है और सभी मरीजों को कोविड संबंधी सेहत सेवाएं व जानकारी दी गई है।