Punjab: केजरीवाल के समर्थन में पंजाब आप का सिंघु बॉर्डर पर धरना, पुलिस के लाठीचार्ज में मंत्री समेत कई घायल
पंजाब के मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा ने बताया कि हमें सिंघु बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने रोका। हमारे वालंटियर्स के सिर पर लाठियां मारी गईं। उस समय जो अफसर वहां मौजूद था, उसने पुलिसकर्मियों को लाठीचार्ज का आदेश दिया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अरविंद केजरीवाल के समर्थन में दिल्ली जा रहे हैं पंजाब के मंत्रियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने सिंघु बॉर्डर पर रोक लिया और उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए लाठीचार्ज किया। इस दौरान पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह समेत आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ता बुरी तरह जख्मी हो गए। मंत्री बलबीर सिंह और घायल कार्यकर्ताओं को राजा हरीश चंद्र अस्पताल नरेला में भर्ती कराया गया है।
पुलिस लाठीचार्ज में मंत्री और वर्करों के घायल होने के रोष स्वरूप पंजाब के मंत्री और विधायक, कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर ही बैठ गए और उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पंजाब के मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा ने बताया कि हमें सिंघु बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने रोका। हमारे वालंटियर्स के सिर पर लाठियां मारी गईं। उस समय जो अफसर वहां मौजूद था, उसने पुलिसकर्मियों को लाठीचार्ज का आदेश दिया था।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार आम आदमी पार्टी को रोकने के लिए पूरी तरह तानाशाही रवैया अपना रही है। मंत्री हरजोत बैंस ने कहा कि जब हमारा काफिला दिल्ली पहुंचा तो हमें बॉर्डर पर पुलिस ने रोका। जब हमने उनसे पूछा कि हमें क्यों रोका गया तो किसी भी अधिकारी ने हमें कोई भी कारण नहीं बताया। काफी जद्दोजहद के बाद भी जब हमें नहीं जाने दिया तो मैं गाड़ी बदलकर किसी तरह दिल्ली पहुंचा। बैंस ने कहा कि मोदी सरकार को याद रखना चाहिए कि इतिहास गवाह है, जब भी किसी क्रांति को रोका गया है तो वह और भी तेजी के साथ फैली है।
हरियाणा आप नेताओं का दिल्ली में प्रदर्शन
अरविंद केजरीवाल को सीबीआई के समन के विरोध में हरियाणा के आप नेताओं ने रविवार को दिल्ली में प्रदर्शन किया। समर्थकों ने अंधेरिया मोड़ और पीरागढ़ी चौक पर जाम लगा दिया और नारेबाजी की। इस दौरान आप नेता और वर्कर सड़क पर लेट गए लेकिन दिल्ली पुलिस उन्हें उठाकर ले गई। पुलिस ने हरियाणा के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता, अनुराग ढांडा, डॉ. अशोक तंवर, अंबाला से पूर्व मंत्री निर्मल सिंह, चित्रा सरवारा समेत अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
इससे पूर्व, हरियाणा प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता और अशोक तंवर को भी सैंकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ अंधेरिया मोड़ से गिरफ्तार कर दक्षिणी दिल्ली के फतेहपुर बेरी थाने ले जाया गया। पुलिस ने सीबीआई की पूछताछ चलने तक उन्हें अपनी हिरासत में ही रखा। अनुराग ढांडा, चौधरी निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं को मंगोलपुरी पुलिस स्टेशन और नकलोई पुलिस स्टेशन ले जाया गया। आप नेताओं ने दिल्ली के पीरागढ़ी चौक को तीन घंटे जाम कर दिया। प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि सरकार तानाशाही की तरफ बढ़ रही है, विकल्प के रूप में देश की जनता आम आदमी पार्टी को देख रही है।