पुलिसवाले की करतूत कैमरे में कैद, सरेआम मांग रहा था रिश्वत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चीका पुलिस थाने में कार्यरत एक पुलिस कर्मचारी की ओर से मारपीट के मामले में कार्रवाई के लिए एक हजार रुपये रिश्वत लेने का वीडियो वायरल हो गया। कर्मचारी पीड़ितों से रिश्वत लेते दिखाई दे रहा है।
साथ ही एसएचओ के नाम से और एक हजार रुपये की मांग कर रहा है। वीडियो वायरल होने पर एसपी ने कुरुक्षेत्र स्थानांतरित हो चुके इस पुलिस कर्मचारी के खिलाफ विभागीय जांच के लिए एसपी कुरुक्षेत्र को लिख दिया है।
साथ ही इस मामले की जांच डीएसपी सतीश गौतम को सौंप दी है। दो मिनट 11 सेकेंड के वीडियो में एक युवक पुलिस थाने के अंदर जाता हुआ दिख रहा है। उसके साथ-साथ चल रहे युवक ने वीडियो बनाया।
वे सीट पर बैठे हुए पुलिस कर्मचारी के साथ जाकर बातचीत शुरू करते हैं। मारपीट के एक मामले में कार्रवाई की बात से शुरू होकर युवक ने एक हजार रुपये की रिश्वत राशि देने की पेशकश की।
कुरुक्षेत्र हो चुका है कर्मचारी का तबादला
कर्मचारी ने पूछा कि कितने हैं.. युवक ने कहा हजार हैं साहब..। इस पर कर्मचारी उसे कहता है कि वापस रख लो। इसके बाद युवक मिन्नते करते हुए कहता है कि जनाब हम गरीब आदमी आं..दिहाड़ीदार आदमी आं..मान्ने करो।
इस पर कर्मचारी ने कहा कि मेरी बात सुन ले..इतने दिन हो गए दरखास दे रखी हे। मैं कार्रवाई करूं तो चालान काट कर कार्रवाई कर देता। युवक ने कहा कि वे गरीब आदमी हैं।
हम के भाज्जां थारते, ना थाम भाजण देंदे, ना हाम भाजदे। हजार लो, काल फेर हजार फेर दे देंगे। इसके बाद कर्मचारी कहता है कि फेर के दे दैगा.दे दे इब्बै....हजार रुपये और दे।
बीच में युवक फिर से मिन्नते करता है। तो कर्मचारी अंत में कह रहा है कि चाहे या बी बाद में दे दियो...पर दे दियो जरूर..। वीडियो में कर्मचारी एक बार एसएचओ के नाम से भी पैसे मांगते हुए दिख रहा है।
एसपी कैथल सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि जिस कर्मचारी का वीडियो सामने आया है। वह इस समय कुरुक्षेत्र स्थानांतरित हो चुका है। शिकायतकर्ता सामने आता है तो मामले में केस भी दर्ज कर लिया जाएगा।