फर्जी लोन एप से ब्लैकमेलिंग: चीन में बैठे जेफरी झू तक पहुंचने में मददगार बनेगा इंटरपोल
एसपी केतन बंसल ने बताया कि सीबीआई के जरिए जल्द ही इंटरपोल को सारी डिटेल भेज दी जाएगी। रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद आरोपी हवाई यात्रा करेगा तो पकड़ा जाएगा। वहीं इस मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे तीन आरोपियों से पूछताछ जारी है।
विस्तार
फर्जी लोन एप से लोगों को कर्ज देकर ब्लैकमेलिंग और ठगने के मामले में चंडीगढ़ साइबर सेल चीन में बैठे शातिर जेफरी झू तक पहुंचने के लिए इंटरपोल की मदद लेगी। साइबर सेल इंटरपोल के जरिए जेफरी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाएगी। जेफरी की गिरफ्तारी के बाद कई खुलासे हो सकते हैं। एसपी केतन बंसल ने बताया कि सीबीआई के जरिए जल्द ही इंटरपोल को सारी डिटेल भेज दी जाएगी। रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद आरोपी हवाई यात्रा करेगा तो पकड़ा जाएगा। वहीं इस मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे तीन आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जेफरी के कहने पर ही अंशुल ने पिछले दो साल में 100 करोड़ चीन भेजे हैं। जेफरी दो साल पहले भारत में ही था।
दूसरे देश में बैठे आरोपी के खिलाफ जारी होता है रेड कॉर्नर नोटिस
रेड कॉर्नर नोटिस किसी देश से भागे हुए ऐसे शख्स को ढूंढने के लिए जारी किया जाता है, जिसके ऊपर कोई आपराधिक मामला दर्ज हो। सीबीआई के माध्यम से ही इंटरपोल को केस भेजा जा सकता है। इंटरपोल आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद सीबीआई को सूचना देती है।
दो आरोपी भेजे जेल, तीन आरोपी तीन दिन के रिमांड पर
पुलिस ने रिमांड खत्म होने के बाद मास्टरमाइंड चीन के नागरिक वान चेंघुआ (34), नोएडा के सेक्टर-49 निवासी अंशुल कुमार (25), झारखंड के रांची निवासी परवाज आलम उर्फ सोनू भडाना (32), अर्जुन और राजीव को शुक्रवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने राजीव और अर्जुन को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जबकि मास्टरमाइंड वान चेंघुआ, अंशुल और परवाज आलम को 19 सितंबर तक दोबारा पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ करनी है कि वह रुपये कैसे और किसके जरिए कहां ट्रांसफर करते थे। इसके अलावा पुलिस को एक और आरोपी को गिरफ्तार करना है।
अंतरराष्ट्रीय गिरोह को पकड़ने वाली टीम सम्मानित
डीजीपी प्रवीर रंजन ने पांच राज्यों से 21 ठगों को गिरफ्तार करने के लिए एसपी केतन बंसल, डीएसपी वेंकटेश, साइबर सेल थाना प्रभारी रणजीत सिंह, एसआई केडी सिंह, परमिंदर सिंह, एएसआई बलवान सिंह, हवलदार राजेंद्र सिंह, बहादुर लाल, बलविंदर सिंह, सुनीत, रामपाल, गुरमीत सिंह, विकास बस्ताडा, वरिष्ठ सिपाही सचिन, सिपाही परमजीत, विकास दहिया, सोनित, बलजीत, सरविंद, वीर दविंदर, अशोक, दिनेश, ओमबीर, महिला सिपाही मनप्रीत और कविता को 75 हजार रुपये और फर्स्ट क्लास सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। इस मौके पर आईजी राज कुमार सिंह और डीएसपी रामगोपाल और डीएसपी गुरमुख सिंह भी मौजूद रहे।