दिवाली पर बड़ी साजिश नाकाम: पंजाब के फिरोजपुर में टिफिन बम मिलने से हड़कंप, जलालाबाद धमाके से जुड़े तार
मुस्तैद पंजाब पुलिस ने फिरोजपुर में बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। यहां पुलिस ने टिफिन बम बरामद किया है। शरारती तत्व दिवाली पर बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में एक और आतंकवादी हमले को नाकाम करते हुए राज्य पुलिस ने दिवाली की पूर्व संध्या पर जिला फिरोजपुर में भारत-पाक सरहद के निकट स्थित गांव अलीके के खेत से एक और टिफिन बम बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया। डीजीपी इकबाल प्रीत सिंह सहोता ने बताया कि लुधियाना ग्रामीण पुलिस ने सोमवार को दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान जसवंत सिंह उर्फ शिंदा बाबा निवासी गांव झुग्गे निहंग वाला फिरोजपुर और बलवंत सिंह निवासी गांव वलीपुर खुर्द लुधियाना के रूप में हुई है। इसके अलावा आरोपियों को पनाह देने के आरोप में रणजीत सिंह उर्फ गोरा को भी गिरफ्तार किया गया है।
बताया जा रहा है कि रणजीत के पकड़े जाने पर और टिफिन बम मिल सकते हैं। जलालाबाद ब्लास्ट में मारा गया आरोपी बलविंदर सिंह गांव निहंगे वाले झुग्गे का रहने वाला था। इस गिरोह के दो आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा निवासी सीमांत गांव चांदी वाला जिला फिरोजपुर व प्रवीन कुमार निवासी गांव धर्मूवाला जलालाबाद को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जो जेल में बंद हैं। जलालाबाद बम धमाके की जांच एनआईए कर रही है।
डीजीपी ने बताया कि जांच में यह बात सामने आई है कि दो आरोपियों के पास एक टिफिन बम था, जो खेत में छिपाकर रखा था। आरोपियों के खुलासे के बाद काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर व लुधियाना और सीआईए जगरांव की टीमों ने बुधवार को फिरोजपुर के गांव अलीके में एक साझा सर्च ऑपरेशन चलाया और टिफिन बम बरामद किया। एडीजीपी (आंतरिक सुरक्षा) आरएन ढोके ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। इससे पहले पिछले कुछ महीनों के दौरान अमृतसर ग्रामीण, कपूरथला, फाजिल्का और तरनतारन से टिफिन बम बरामद किए जा चुके हैं।
कैप्टन ने गृह मंत्री रंधावा पर साधा निशाना
फिरोजपुर के गांव में टिफिन बम की बरामदगी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री सुखजिंदर रंधावा पर निशाना साधते हुए कहा कि मुझे उम्मीद है कि पंजाब सरकार और खासकर गृह मंत्री डिनायल मोड (न मानने की जिद) से बाहर आएंगे और इस खतरे को गंभीरता से लेंगे। कैप्टन ने ट्वीट किया कि सीमा पार से पंजाब में लगातार खेप भेजी जा रही हैं। इसके लिए हमें अतिरिक्त सतर्कता बरतने के साथ विस्तृत एक्शन प्लान तैयार करना चाहिए, ताकि हम इस खतरे से मजबूती से लड़ सकें।