महिला ने लूटे थे 40 लाख, 20 लाख जुए और शॉपिंग में किए खर्च, गरीबों को भी किया दान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डलहौजी रोड निवासी व्यक्ति को 10 दिन पहले जूस पिलाकर 40 लाख लूटकर फरार हुई महिला को थाना 2 की पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया है। महिला लूट के 40 लाख में से लगभग 20 लाख रुपये कैसिनो पर जुए में हारी और शॉपिंग की। कुछ पैसे गरीबों को दान दिए। पुलिस ने महिला से 20.40 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं।
पुलिस की गिरफ्त में आई महिला की पहचान उत्तराखंड के गांव पीपल पोखर, तहसील हल्द्वानी जिला नैनीताल निवासी संगीता गोस्वामी के रूप में हुई है। एसपी (डी) पीएस विर्क ने बताया कि 12 जून को गांव बरोटा निवासी रमेश्वर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 2 महीने पहले धर्मशाला के एक होटल में उसकी मुलाकात संगीता गोस्वामी से हुई।
संगीता ने खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताया और धर्मशाला में ही 4.10 कनाल भूमि बेचने का सौदा किया। प्रापर्टी की कीमत 98 लाख बताई गई, जिसका 30 लाख बयाना दे दिया गया और बाकी राशि रजिस्ट्री के समय देना तय हुआ था। इसी दौरान 9 जून को उक्त महिला का फोन आया कि प्रॉपर्टी मालिक को 40 लाख रुपये देने है, जिसके बाद वह 11 जून को अपने 2 साथियों के साथ उसके डलहौजी रोड स्थित मकान में आई।
शाम को पेमेंट देने का करार हुआ। दोपहर 2 बजे संगीता ने रामेश्वर को जूस में नशीला पदार्थ पिलाया और रुपये लेकर अपने साथियों सहित फरार हो गई। थाना 2 में शिकायत के बाद पुलिस ने हिमाचल में कई जगह रेड की लेकिन संगीता नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस के टेक्निकल सेल ने मोबाइल ट्रेस किए और संगीता को उत्तराखंड के जिला चंपावत से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में संगीता ने माना कि चोरी किए पैसों से उसने शॉपिंग की और नेपाल बॉर्डर पर कैसिनो में हार गई। उसके बाद कुछ पैसे दान किए। संगीता ने बताया कि जून 2017 में वह अपने बेटे के साथ उत्तराखंड से कांगड़ा शिफ्ट हुई थी। उसने स्टेशनरी का बिजनेस किया और बाद में प्रॉपर्टी डीलर का काम शुरू किया। इसी दौरान उसकी मुलाकात रामेश्वर से हुई। एसएचओ अवतार सिंह ने बताया कि संगीता से पूछताछ जारी है।