फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Amritsar News ›   People Died due to Drink Poisonous Wine at Amritsar and Taran Taran

पंजाब में जहरीली शराब पीने से दो दिन में 48 लोगों की मौत, 40 जगह छापे और आठ गिरफ्तार

Fri, 31 Jul 2020 03:26 PM IST
खुशबू गोयल अमर उजाला/संवाद न्यूज एजेंसी, अमृतसर/तरनतारन/बटाला (पंजाब)
अमर उजाला/संवाद न्यूज एजेंसी, अमृतसर/तरनतारन/बटाला (पंजाब) Published by: खुशबू गोयल Updated Fri, 31 Jul 2020 03:26 PM IST
सार

  • 40 स्थानों पर छापा मारकर आठ को किया गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में नकली शराब भी बरामद
  • तरनतारन में 30, अमृतसर में 10 और बटाला में आठ की मौत
  • मुख्यमंत्री ने जालंधर डिवीजन के कमिश्नर को सौंपा जांच का जिम्मा

विज्ञापन
People Died due to Drink Poisonous Wine at Amritsar and Taran Taran
पंजाब में जहरीली शराब से अब तक 28 लोगों की मौत।

विस्तार

नशे की समस्या से जूझ रहे पंजाब में जहरीली शराब पीने से दो दिन में 48 लोगों की मौत हो गई। इनमें शुक्रवार को 30 मौतें तरनतारन, आठ बटाला और चार अमृतसर में हुईं। अमृतसर में गुरुवार रात को भी जहरीली शराब पीकर छह लोगों ने दम तोड़ दिया था। वहीं, पुलिस 38 लोगों के मरने की पुष्टि कर रही है। इसका कारण यह है कि कई लोगों ने पुलिस को सूचना दिए बिना मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया। 

विज्ञापन


मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इस मामले में जालंधर डिवीजन के कमिश्नर को न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। वहीं तरनतारन, अमृतसर और बटाला में वरिष्ठ अफसरों की पांच टीमों ने 40 स्थानों पर छापा मारकर आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अमृतसर से बलविंदर कौर व मिट्ठू, बटाला से दर्शन रानी व रंजन और तरनतारन से कश्मीर सिंह, अंग्रेज सिंह, अमरजीत और बलजीत को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने पूछताछ में जहरीली शराब बेचने की बात कबूली है।
विज्ञापन


डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि इन छापों में बड़ी मात्रा में जहरीली शराब और इसे बनाने का सामान भी बरामद किया गया है। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार यह जांच डिवीजनल कमिश्नर जालंधर की तरफ से संयुक्त आबकारी एवं कर कमिश्नर पंजाब और संबंधित जिलों के एसपी (इन्वेस्टिगेशन) के साथ मिलकर की जाएगी। मुख्यमंत्री ने जांच को तेजी से पूरा करने के लिए डिवीजनल कमिश्नर जालंधर को कोई भी सिविल अफसर, पुलिस अफसर या किसी भी विशेषज्ञ की सेवाएं लेने के अधिकार दिए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने वादा किया कि इस मामले में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस को आदेश दिए कि सूबे में नकली शराब बनाने के काम पर शिकंजा कसते हुए तलाशी मुहिम शुरू की जाए।

एसएचओ निलंबित, एसएसपी दुग्गल ने ट्रांसफर से पहले चार सदस्यीय एसआईटी बनाई
जहरीली शराब से मौतों की घटना के बाद अमृतसर (देहाती) एसएसपी विक्रमजीत सिंह दुग्गल ने ट्रांसफर से पहले थाना तरसिका के एसचओ बिक्रमजीत सिंह को सस्पेंड कर दिया। मामले की जांच के लिए एसपी (डी) गौरव तुर्रा की अध्यक्षता में चार सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन कर दिया गया है। सब इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने बताया कि पुलिस पीड़ितों के बयान दर्ज कर रही है। वहीं, मृतकों के परिवारों ने आरोप लगाया कि गांव में अवैध शराब का धंधा पुलिस की मिलीभगत से चल रहा है। मरने वाले चार व्यक्तियों जसविंदर सिंह, कश्मीर सिंह, किरपाल सिंह और जसवंत सिंह का शुक्रवार को पोस्टमार्टम किया गया।

तरनतारन में जहरीली शराब से 30 की जान गई

तरनतारन में शुक्रवार को जहरीली शराब पीने से एक के बाद एक 30 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 9 लोगों का अंतिम संस्कार उनके परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम के ही करवा दिया। गुरु तेग बहादुर मोहल्ला, गांव भुल्लर और गांव बचड़े में जहरीली शराब से जान गंवाने वाले तीन युवकों अमरजीत सिंह, प्रकाश सिंह (42) और गुरमीत सिंह के परिजनों ने बताया कि इन तीनों ने देसी शराब का सेवन किया था जिसके चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई। केवल इन्हीं तीनों के परिजनों ने ही पुलिस को शिकायत दी कि जहरीली शराब के सेवन से उनके बच्चों की मौत हुई है। ऐसे में पुलिस ने भी तीन युवकों की ही जहरीली शराब के सेवन से मौत की अधिकारिक पुष्टि की है। 

तरनतारन में शुक्रवार सुबह जहरीली शराब से मरने का पहला मामला सामने आया। मृतक के परिजनों के अनुसार, वह बीमार था और शराब पीने का आदी था। परिजनों के पुष्टि न करने पर इस मृत्यु को हार्ट अटैक का नाम दे दिया गया। बाद दोपहर एक ही मोहल्ले के छह लोगों को एक जैसे लक्षणों के कारण सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। इनमें से चार की मौत के बाद हड़कंप मच गया। उसके बाद जिले के अलग-अलग अस्पतालों में एक ही जैसे लक्षणों से पांच और लोगों की मौत हो गई। सिविल

सभी के सांसें फूल रही थीं : एसएमओ 
अस्पताल तरनतारन के एसएमओ डॉक्टर रोहित गुप्ता ने बताया कि उनके पास ऐसे छह मरीज इलाज के लिए लाए गए थे जिनमें एक से लक्षण दिखाई दे रहे थे। सभी के सांसें फूूल रही थीं और सभी को दौरा पड़ा था। जांच में पता चला कि उन्होंने किसी जहरीली चीज का सेवन किया था। बाद में परिजनों ने बताया कि सभी ने शराब पी थी। हालांकि किसी भी अधिकारी ने मरने वाले लोगों की संख्या की अधिकारिक पुष्टि नहीं की। 

पुलिस ने इन्हें संदिग्ध मृत्यु की श्रेणी में रखा है। मृतकों में सुखचैन सिंह निवासी जोधपुर गांव (45), सुच्चा सिंह निवासी पंडोरी गोलां (80), निरवैल सिंह निवासी जवदां कलां (50) और वरिंदर सिंह निवासी कक्का कंडियाला (25) की पहचान हो पाई है। हालांकि इन लोगों के परिजनों ने शिकायत नहीं दी तो इनकी मौत को शराब के सेवन से मरने वालों में नहीं गिना गया। 

श्मशान घाट में जगह कम पड़ गई 
मुख्य श्मशान घाट के कर्मचारी राकेश कुमार ने बताया कि नौ लोगों का अंतिम संस्कार बिना पोस्टमार्टम के किया गया है। श्मशान घाट में एक साथ आए इन शवों के कारण एक बार तो स्थान तक कम पड़ गया था। 

सभी थाना प्रभारियों को जांच के आदेश
एसपी इन्वेस्टिगेशन जगजीत सिंह वालिया ने कहा कि पहले किसी ने भी पुलिस के पास शराब के सेवन से मौत होने के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। मीडिया के माध्यम से पुलिस को इसका पता चला। इसके बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में बारीकी से जांच करने के आदेश जारी किए। जिन भी क्षेत्रों में शराब के सेवन से लोगों की मृत्यु हुई है, उसकी जांच की जा रही है। किन लोगों ने शराब बेची, कहां से शराब खरीदी और समय पर पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिल पाई, इन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। मामले में जो भी आरोपी पाया गया, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अमृतसर में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या 10 हुई  

अमृतसर के थाना तरसिका के गांव मुछल में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या 10 हो गई है। गांव में गुरुवार रात तक छह लोग जहरीली शराब पीने से मौत के आगोश में समा गए थे। कुछ लोग गंभीर हालत में बाबा बकाला सिविल अस्पताल व डेरा ब्यास अस्पताल में दाखिल थे। शुक्रवार सुबह यहां चार और लोगों की मौत हो गई। आईजी बॉर्डर रेंज एसपीएस परमार ने दस लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में गांव मुछल के मंगल सिंह, बलविंदर सिंह, दलबीर सिंह, गुरप्रीत सिंह, कश्मीर सिंह, काका सिंह, कृपाल सिंह, जसवंत सिंह, जोगा सिंह के अलावा टांगरा गांव का बलदेव सिंह भी शामिल हैं। 

आईजी के अनुसार अवैध शराब के धंधे में लिप्त महिला बलविंदर कौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह गांव मुछल की रहने वाली है। इसके साथ ही अवैध शराब बेचने के धंधे में शामिल एक व्यक्ति को नामजद कर लिया गया है। हालांकि पुलिस इस बारे में अभी कुछ भी नहीं बता रही है। वहीं इस घटना के बाद अमृतसर (देहात) एसएसपी विक्रमजीत सिंह दुग्गल ने ट्रांसफर से पहले थाना प्रभारी बिक्रमजीत सिंह को सस्पेंड कर दिया। मामले की जांच के लिए एसपी (देहात) गौरव तुर्रा की अध्यक्षता में चार सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन कर दिया गया है। सब इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने बताया कि पुलिस पीड़ितों के बयान दर्ज कर रही है।

मुछल गांव की जागीर कौर ने बताया कि उसका बेटा गुरप्रीत सिंह पिछले तीन साल से शराब पी रहा था। बुधवार को उसने काफी शराब पी। देर रात उसकी तबीयत बिगड़ गई। गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया। जहरीली शराब पीने से मारे गए मंगल सिंह, दलबीर सिंह, बलदेव सिंह और बलविंदर सिंह के परिजनों ने बताया कि चारों ने बुधवार को गांव में ही शराब पी थी। सभी की मौत गुरुवार को हुई। पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया कि गांव में अवैध शराब का धंधा पुलिस की मिलीभगत से चल रहा है।

बटाला में जहरीली शराब पीने से आठ की मौत

People Died due to Drink Poisonous Wine at Amritsar and Taran Taran
बटाला में एडीसी गुरदासपुर तजिंदरपाल सिंह संधू मृतकों के पारिवारिक सदस्यों से जानकारी लेते हुए। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

बटाला के विभिन्न मोहल्लों के आठ लोगों की शुक्रवार को संदिग्ध हालत में मौत हो गई। दो लोगों का अमृतसर में इलाज चल रहा है। मृतकों के परिजनों का दावा है कि मौत जहरीली शराब पीने की वजह से हुई है। वहीं प्रशासन अभी इस मामले में कोई भी बयान नहीं दे रहा। शुक्रवार सुबह तीन लोगों का दाह संस्कार कर दिया गया है। 

मृतकों के परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात को ये लोग बाहर से शराब पीकर घर आए थे। कुछ समय बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। तीन लोगों को रात को ही अमृतसर रेफर कर दिया गया जहां गुरुवार देर रात उनकी मौत हो गई जबकि तीन लोगों ने शुक्रवार सुबह बटाला में दम तोड़ा। बटाला सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. संजीव भल्ला ने बताया कि उनके पास सिर्फ एक ही शव का पोस्टमार्टम करवाने को लाया गया था, जिसका उन्होंने पोस्टमार्टम कर दिया है। 

मौत के कारण के बारे में पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। वहीं अचानक आठ लोगों की मौत की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया और एडीसी गुरदासपुर तजिंदरपाल सिंह संधू और आबकारी विभाग की सहायक कमिश्नर राजविंदर कौर बाजवा मृतकों के मोहल्लों में पहुंचे और जानकारी ली।
  
इस दौरान मृतकों के परिजनों ने नशे पर लगाम कसने की बात तो रखी लेकिन किसी पर आरोप नहीं लगाया। रिश्तेदारों ने बताया कि उनके परिजनों की मौत जहरीली शराब पीने की वजह से हुई है। गुरुवार को शराब पीने के बाद उल्टियां आने के बाद उनकी हालत बिगड़ती गई और देर रात से ही मौतों का सिलसिला शुरू हो गया।

एडीसी तंजिंदरपाल संधू ने सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही वह बटाला पहुंचे हैं। मृतकों के पारिवारिक सदस्य जैसा बयान देंगे, उसके आधार पर ही पुलिस मामला दर्ज करेगी। आबकारी विभाग की सहायक कमिश्नर राजविंदर कौर बाजवा ने बताया कि सूचना मिलने पर वह यहां पहुंची हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही और जांच में ही पता चलेगा कि उक्त लोगों की मौत का कारण क्या था।

मृतकों के नाम

अमृतसर के मृतकों में गांव मुछल के मंगल सिंह, बलविंदर सिंह, दलबीर सिंह, गुरप्रीत सिंह, कश्मीर सिंह, काका सिंह, कृपाल सिंह, जसवंत सिंह, जोगा सिंह के अलावा टांगरा गांव का बलदेव सिंह भी शामिल हैं। 

तरनतारन के मृतकों में सुखचैन सिंह निवासी जोधपुर गांव (45), सुच्चा सिंह निवासी पंडोरी गोलां (80), निरवैल सिंह निवासी जवदां कलां (50) और वरिंदर सिंह निवासी कक्का कंडियाला (25) की पहचान हो पाई है। गुरु तेग बहादुर मोहल्ला, गांव भुल्लर और गांव बचड़े में जहरीली शराब से जान गंवाने वाले तीन युवकों अमरजीत सिंह, प्रकाश सिंह (42) और गुरमीत सिंह हैं।

बटाला मृतकों के नाम

  • तोती उर्फ बूटा राम निवासी काजी मोरी
  • भूपिंदर कुमार निवासी कोट गली हाथी गेट
  • जतिंदर कुमार उर्फ जोहन निवासी हाथी गेट
  • बिट्टा निवासी हाथी गेट
  • बिट्टू नाई निवासी कपूरी गेट
  • कालू निवासी हाथी गेट
  • जस निवासी ठठियारी गेट
  • लाडी महाजन निवासी ठठियारी गेट 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed