मल्टीलेवल पार्किंग में गाड़ी पार्क करने के लिए देनी होगी फीस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नगर निगम बेशक शहर की सभी पेड पार्किंग को फ्री करने की पालिसी बना रहा है लेकिन सेक्टर-17 की मल्टीलेवल पार्किंग में वाहन पार्क करने का शुल्क चार्ज करने का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। यह प्रस्ताव पास होने के लिए 22 अप्रैल को होने वाली वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक में चर्चा के लिए आ रहा है।
इसके तहत 4 घंटे के बाद वाहन पार्क होने पर हर घंटे के 5 रुपये का शुल्क बढ़ता जाएगा जबकि पहले चार घंटे के कार पार्क होने पर चालक को 5 रुपये ही अदा करना पड़ेगा। मल्टीलेवल पार्किंग का उद्घाटन नगर निगम इस माह के अंत में कर रहा है जबकि इस प्रोजेक्ट के उद्घाटन की पहले ही काम पूरा न होने के कारण नगर निगम तीन बार तारीख स्थगित कर चुका है।
नगर निगम ने माक इंफ्रा कंपनी को मल्टीलेवल पार्किंग चलाने के लिए अलॉट करने का निर्णय लिया है लेकिन अंतिम फैसला वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक में ही लिया जाएगा। मल्टीलेवल पार्किंग को अलॉट करने और उद्घाटन की तैयारियों पर कमिश्नर बी पुरुषार्था ने बैठक भी की। इससे पहले पिछले साल तत्कालिन कमिश्नर भावना गर्ग के कार्यकाल में यह निर्णय लिया गया था कि तीन माह तक मल्टीलेवल पार्किंग पूरी तरह से निशुल्क चलाई जाएगी ताकि लोगों में मल्टीलेवल पार्किंग में कार पार्क करने की आदत पैदा हो सके।
लेकिन अब ऐसा नहीं किया जा रहा है। एक बार यह भी विचार आया कि रोड विंग को ही मल्टीलेवल पार्किंग चलाने के लिए दी जाएगी लेकिन रोड विंग के अधिकारियों ने इसके लिए इंकार कर दिया जिसके बाद माक कंपनी को तीन माह के लिए मल्टीलेवल पार्किंग चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
मल्टीलेवल पार्किंग में 950 वाहन पार्क हो सकते हैं
अगर कोई 10 घंटे के लिए अपनी कार मल्टीलेवल पार्किंग में पार्क करता है तो उसे 35 रुपये अदा करने होंगे। शुरूआत के 4 घंटे के 5 रुपये के बाद अगले छह घंटे के लिए 30 रुपये अलग से अदा करने होंगे।
100 पेड़ों को काटा गया था: इस प्रोजेक्ट पर नगर निगम का 47 करोड़ रुपये का खर्च आया है। साल 2013 के 15 अक्तूबर में तत्कालीन मेयर सुभाष चावला के कार्यकाल में पूर्व प्रशासक शिवराज पाटिल ने मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया था। इस प्रोजेक्ट के निर्माण शुरू करने से पहले यहां से 100 हरे भरे पड़ों को भी काटा गया था। नगर निगम के अनुसार इस मल्टीलेवल पार्किंग में 950 वाहन पार्क हो सकते हैं।
इस मल्टीलेवल पार्किंग के खुलने का इंतजार सबसे ज्यादा यहां के उन व्यापारियों को है जिनके सामने यह पार्किंग बन रही है क्योंकि एक तरफ उनकी तरफ आने के लिए रास्ता दो साल से बंद है इसकी वजह से कारोबार भी प्रभावित हुआ है। सेक्टर-17 की प्रोग्रेसिव ट्रेडस एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव चढ्ढा का कहना है कि निर्माण स्थल के बाजार की तरफ टीन की शेड लगाई हुई है जिस कारण उनके यहां पर ग्राहकों को आने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस प्रोजेक्ट के कारण लाइटों से आरबीआई जाने वाली सड़क दो साल से बंद है।
पॉलिसी बनने तक चलेगी पेड पार्किंग: नगर निगम के अनुसार इस समय 15 पेड पार्किंग खाली पड़ी है जिन्हें फिर से शार्ट समय के लिए पुराने नियम एवं शर्तो पर नीलाम करने का भी प्रस्ताव तैयार किया गया है इस पर भी वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक में निर्णय लिया जाएगा। निगम के अनुसार ऐसा प्रस्ताव इसलिए तैयार किया जा रहा है ताकि इस समय जो लोगों को परेशानी आ रही है उसे रोका जा सके। नगर निगम के अनुसार शहर की सभी पेड पार्किंग और अतिरिक्त पेड पार्किंग को निशुल्क करने और कंपनियों को विज्ञापन की मंजूरी देकर चलाने की पॉलिसी लागू न होने तक पेड पार्किंग चलती रहेगी।