पंजाब में बड़ी साजिश की फिराक में ISI, हथियारों की तस्करी, कहीं वारदात का मकसद तो नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब की सीमा का इस्तेमाल कर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई बड़ी साजिश रच रही है। ऐसे इनपुट मिल रहे हैं कि सीमा से दाखिल होकर पाकिस्तानी घुसपैठिये पंजाब में बड़ी वारदात कर सकते हैं। पंजाब के पठानकोट के बमियाल सेक्टर से घुसपैठ कर पाकिस्तानी आतंकी एयरफोर्स स्टेशन पर हमला कर चुके हैं और दीनानगर में पंजाब पुलिस के थाने पर कब्जा कर एसपी बलजीत सिंह को शहीद कर चुके हैं। इतना ही नहीं पाक लगातार दो वर्षों से पंजाब की सीमा को हथियारों के लिए इस्तेमाल कर रहा है।
आईबी की सूचना पर जालंधर पुलिस ने अवंतीपोरा श्रीनगर के जादि गुलजार, पुलवामा के मोहम्मद इदरीश शाह और पुलवामा के नूरपोरा निवासी युसूफ रफीक को सीटी इंस्टीट्यूट से काबू किया गया था। इनके पास से इटैलियन पिस्टल, 2 मैगजीन, एक एके-47 के अलावा लगभग एक किलो आरडीएक्स बरामद किया था। ये सभी जाकिर मूसा से जुड़े थे। इनको हथियार पाक की तरफ से भेजे गए थे और आशंका है कि इस दौरान भी पंजाब के साथ लगती सीमा का इस्तेमाल किया गया था।
जालंधर के मकसूदां थाने में भी कश्मीरी आतंकियों ने ही हमला किया था। पाकिस्तान की तरफ से पिछले साल 10 बार ड्रोन के जरिये हथियारों को पंजाब भेजा गया था। मामले की जांच एनआईए कर रही है। तरनतारन के चोहला साहिब से खालिस्तानी समर्थक 4 आतंकियों को गिरफ्तार किया था। ये आतंकी खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स से निकले और इनको पाकिस्तान और जर्मनी के आतंकवादी संगठनों ने मदद की थी।
इनके पास से 5 एके-47 और 16 मैगजीन, 4 पिस्टल, 8 मैगजीन, 9 हैंड ग्रनेड, 5 सैटेलाइट फोन और 10 लाख के जाली भारतीय नोट मिले थे। जिसे ड्रोन के जरिए भेजा गया था। लखनपुर में पकड़ी चार एके-47 भी पंजाब बार्डर से ही क्रास करवाई गई थी, जिसे आगे जम्मू-कश्मीर भेजा जा रहा था। हालिया घटनाक्रम में 11 जून को गुप्त रूप से किए गए बड़े ऑपरेशन के तहत पंजाब पुलिस ने श्रीनगर के शोपियां के गांव हफसारमाल के मूल बाशिंदे आमिर हुसैन वानी और इसी जिले के गांव शरमाल के रहने वाले वसीम हसल वानी को हिरासत में लिया था।
पंजाब पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता ने घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि हथियारों की सप्लाई पाकिस्तान से अमृतसर बॉर्डर पर हुई। हथियार कश्मीर घाटी ले जाने थे। आतंकियों से पूछताछ में सामने आया था कि जम्मू कश्मीर पुलिस के पूर्व कांस्टेबल इश्फाक अहमद डार बशीर अहमद खान ने पठानकोट में गिरफ्तार आरोपियों को पंजाब से इन हथियारों की खेप ले जाने के लिए कहा था।