अमृतसरः अंतरराष्ट्रीय नगर कीर्तन में शामिल होंगे 550 श्रद्धालु, पाकिस्तान ने जारी किया वीजा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब पाकिस्तान से एक अगस्त को निकाले जाने वाले अंतरराष्ट्रीय नगर कीर्तन में शामिल होने वाले 550 श्रद्धालुओं के वीजा जारी कर दिए गए हैं। श्रद्धालुओं का जत्था 30 जुलाई को अटारी सड़क सीमा के रास्ते पाकिस्तान रवाना होगा।
इस नगर कीर्तन में 550 गणमान्य सिख शामिल होंगे। इसमें सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी, श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सहित सभी तख्तों के जत्थेदार, एसजीपीसी के अध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य, एसजीपीसी सदस्य और कई सिख संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। एसजीपीसी अध्यक्ष भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने यह जानकारी दी।
भाई लौंगोवाल ने नगर कीर्तन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए एसजीपीसी अधिकारियों के साथ एक बैठक का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि नगर कीर्तन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा श्री ननकाना साहिब में की जा रही तैयारियों के साथ तालमेल बढ़ाने के लिए एसजीपीसी का एक विशेष दल 27 जुलाई को पाकिस्तान रवाना होगा।
इस दल में एसजीपीसी सदस्य भाई राजिंदर सिंह मेहता, गुरमीत सिंह बुह, एसजीपीसी के चीफ सेक्रेटरी डॉ रूप सिंह और अतिरिक्त मैनेजर राजिंदर सिंह रूबी शामिल हैं। इस नगर कीर्तन में शामिल होने के लिए एसजीपीसी ने पाकिस्तान प्रधानमंत्री इमरान खान को भी न्योता भेजा हुआ है। हालांकि अभी उनके आने की पुष्टि नहीं हुई है।
संभावना है कि पाकिस्तान पंजाब के गवर्नर और मुख्यमंत्री के साथ-साथ पाकिस्तान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के नवनियुक्त प्रधान जसवंत सिंह और कार्यकारिणी के सदस्य भी शामिल होंगे। भाई लौंगोवाल के अनुसार इस नगर कीर्तन में दोनों देशों की संगत शामिल होकर एक नया अध्याय लिखेंगे। गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब में 30 जुलाई को श्री अखंड साहिब के पाठ का शुभारंभ होगा। भोग के बाद एक अगस्त को नगर कीर्तन शुरू होगा।
स्कूल और कॉलेज प्रिंसिपलों के साथ तीन अगस्त को तलवंडी साबो में बैठक
एसजीपीसी द्वारा श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित स्कूलों और कॉलेजों में करवाए जाने वाले समागमों के लिए प्रिंसिपलों की बैठक तीन अगस्त को होगी। पहले यह बैठक 27 जुलाई को बुलाई गई थी। मालवा के कुछ इलाकों में हुई भारी बारिश के कारण बैठक की तारीख में परिवर्तन किया गया है।
इस बात की जानकारी सेमिनार के आयोजन के लिए गठित कमेटी के मुखिया एसजीपीसी के पूर्व अध्यक्ष प्रो करपाल सिंह बडूंगर ने दी। उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व के दौरान 13 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का प्रबंध किया जाना है। इन सेमिनारों की रूप रेखा तैयार करने के लिए एसजीपीसी द्वारा संचालित सभी स्कूलों प्रिंसिपलों को गर्ल्स कॉलेज तलवंडी साबो में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। यह बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी।