ISI की महिला एजेंट के साथ अश्लील चैट के चस्के ने गौरव को बनाया पाकिस्तानी जासूस
देश के सैन्य ठिकानों की गोपनीय जानकारी आईएसआई को देने वाले गौरव को अश्लील चैट के चस्के ने पाकिस्तानी जासूस बना दिया। रिमांड अवधि में आरोपी ने खुलासा कि वह आईएसआई एजेंट अमिता के साथ दिन में करीब चार से पांच बार अश्लील चैट करता था। धीरे-धीरे अश्लील चैट गौरव की लत बन गई। इसी तरह के हनीट्रेप में फंसने के बाद गौरव पाकिस्तान का जासूस बन गया। जांच में पता चला कि आईएसआई की महिला एजेंट के द्वारा हनीट्रेप के माध्यम से देश के युवाओं को फंसाकर उनसे सेना की गोपनीय जानकारी ली जा रही है।
मामले में गठित एसआईटी के सदस्य और सिविल लाइन थाना प्रभारी श्रीभगवान ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी गौरव से हर पहलू पर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में गौरव ने खुलासा किया कि उसे आईएसआई की एजेंट अमिता ने सेक्स चैट करके अपने हनीट्रेप में फंसाया। इसके बाद शादी करने और दुबई बसने का लालच देकर सेना की खुफिया जानकारी मांगी थी। आरोपी के फेसबुक मैसेंजर में भी दिन में कई बार वीडियो कॉल का रिकार्ड दर्ज है। फिलहाल पुलिस की साइबर सेल गौरव के ईमेल आईडी, फेसबुक, व्हाट्सअप की जांच पड़ताल में जुटी है।
गौरव ने 15 दिन पहले खुलवाया था दूसरा बैंक खाता, दोनों में जीरो बैलेंस
एसआईटी ने मंगलवार को गौरव के बैंक खातों की डिटेल जुटाई। जांच में पता चला कि गौरव के दो बैंक खाते हैं। इनमें से एक खाता गौरव ने करीब 15 दिन पहले गन्नौर के इंडियन बैंक में खुलवाया था। इसके अलावा उसका पहला बैंक खाता काफी समय से निष्क्रिय है। पुलिस को गौरव के दोनों बैंक खातों का बैलेंस जीरो मिला है। पुलिस को आशंका थी कि आईएसआई ने गौरव के खाते में रुपये जमा करवाए है। इस कारण खातों को खंगाला गया था।
सेना ने पुलिस और इंटेलीजेंस विभाग से इनपुट लेकर शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय सेना ने भी गौरव की गतिविधियों के बारे में पुलिस और इंटेलीजेंस टीम से इनपुट लिया है। पुलिस की तरफ सेना को गौरव के बैंक खाते, फेसबुक, व्हाट्सअप, मोबाइल नंबर सहित अन्य जानकारी मुहैया करवा दी गई है। सेना ने अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है। गौरव के बारे में सेना के मेरठ, अंबाला, हिसार और दिल्ली कैंप को जानकारी भेज दी गई है।
दो ईमेल खाते चला रहा था गौरव, रविवार 4.28 बजे बंद हो गया व्हाट्सअप
पूछताछ में गौरव ने पुलिस को बताया कि वह दो ईमेल खाते चला रहा था। पुलिस ने उससे दोनों खातों का पासवर्ड लेकर छानबीन शुरू कर दी है। साथ ही जांच में पता चला कि गौरव का व्हाट्सअप अकाउंट रविवार शाम 4 बजकर 28 मिनट पर बंद हो गया था। गौरव ने 8 अप्रैल को ही दूसरा मोबाइल नंबर लिया था। इसके बारे में उसने अपने व्हाट्सअप स्टेटस पर भी लिखा है। पुलिस गौरव के मोबाइल की डिटेल जुटाने में लगी हुई है। मोबाइल को लैब में भेजा गया है। आरोपी दो मोबाइल नंबर प्रयोग कर रहा था।
पंजाब से पकड़े एजेंट ने दुबई में की थी आईएसआई के अधिकारी से बैठक
पंजाब के अमृतसर से पकड़े गये एजेंट रवि ने आईएसआई के अधिकारियों ने दुबई में बैठक की थी। आईएसआई की तरफ से उसके बैंक खाते में कुछ रुपये भी जमा किये गये थे। बता दें कि आरोपी रवि की निशानदेही पर ही पुलिस ने गौरव को दबोचा था। आईएसआई एजेंट अमिता आहलुवालिया रवि से भी लगातार बात कर रही थी। आईएसआई की तरफ से उसे भी जल्द ही दुबई बुलाया जाने वाला था। हालांकि इससे पहले अमिता ने उससे सेना की महत्वपूर्ण गोपनीय जानकारी मांगी थी।