2108 लोगों को सरकारी फ्लैट मिलने की तारीख तय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) ने सेक्टर-63 के जनरल सेल्फ फाइनेंस हाउसिंग स्कीम के तहत ड्रॉ की दो तारीख तय कर दी है। सोमवार को घोषित योजना के अनुसार, चार और पांच जुलाई को सेक्टर-9 में ही ड्रॉ निकाला जाएगा।
उधर, हाउसिंग बोर्ड की ओर से सभी फ्लैटों के बाहर नंबरिंग का काम भी किया जा रहा है। सभी फ्लैट के बाहर नंबर प्रिंट किए जा रहे हैं। पिछले शुक्रवार को चेयरमैन सहित कई अधिकारियों ने इस प्रोजेक्ट का दौरा भी किया था।
इतने फ्लैट हैं यहां
सेक्टर-63 में 2108 फ्लैट का निर्माण किया गया है, जिनमें 336 तीन कमरों वाले फ्लैट हैं, जबकि 888 टू बेड रूम और 564 वन बेड रूम वाले फ्लैट हैं। इनके अलावा 320 यूनिट ईडब्ल्यूएस कैटगरी के लिए बनाए गए हैं। सीएचबी के अनुसार, फ्लैट के नंबरों के हिसाब से ड्रॉ निकालने के बाद अगले माह तक सभी को कब्जा दे दिया जाएगा। मालूम हो कि यहां साल 2008 से ही निर्माण कार्य चल रहा है, जो अब जाकर पूरा होने जा रहा है।
पांच और छह मंजिला फ्लैट हैं यहां
यहां जो पांच मंजिला फ्लैट हैं, उनके ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग की जगह छोड़ी गई है, जबकि जो छह मंजिला फ्लैट हैं, उनके ग्राउंड फ्लोर में भी फ्लैट बनाए गए हैं। ये फ्लैट शारीरिक रूप से अक्षम लोगों के लिए रिजर्व रखे गए हैं। उन्हें इस ड्रॉ में शामिल नहीं किया जाएगा।
फ्लैट के साथ पार्किंग स्पेस के भी मालिक बनेंगे
किस्तें जमा कराने का आखिरी मौका
हाउसिंग बोर्ड के अनुसार, उन लोगों का नाम ड्रॉ में शामिल नहीं किया जाएगा, जिन्होंने देर होने पर ब्याज सहित किस्तें जमा नहीं करवाई हैं। ऐसे लोगों की सूची कार्यालय के ब्लाक सी के नोटिस बोर्ड पर लगा दी गई है। ऐसे आवेदक एक जुलाई तक राशि जमा करवा सकते हैं। इस अवधि में जिनकी राशि जमा नहीं होगी, उनके फ्लैट के दावे को खारिज कर दिया जाएगा। ऐसे फ्लैटस को ओपन नीलामी में बेचा जाएगा।
यह होगा ड्रॉ का समय
कैटगरी सी के वन बेड रूम वाले सफल आवेदकों को ड्रॉ के लिए चार जुलाई को आना होगा। सुबह 9.30 से एक बजे तक ड्रॉ निकाला जाएगा, जबकि कैटगरी ए के तीन कमरों वाले फ्लैट का ड्रॉ दोपहर दो से शाम पांच बजे तक निकाला जाएगा। कैटगरी बी के टू बेड रूम फ्लैटस के लिए पांच जुलाई को सुबह 9.30 से दोपहर एक बजे तक ड्रॉ निकाला जाएगा। इसी दिन दोपहर दो से शाम पांच बजे तक वन बेड रूम (ईडब्ल्यूएस) फ्लैट्स का ड्रा निकाला जाएगा।
पार्किंग स्पेस के भी मालिक बनेंगे
सेक्टर-63 के प्रोजेक्ट में फ्लैट धारक पार्किंग के भी मालिक बनेंगे। सभी को पार्किंग की जगह अलॉट की जाएगी। हाउसिंग बोर्ड के अनुसार, भविष्य में जो भी प्रोजेक्ट बनाए जाएंगे, वहां हर फ्लैट के हिसाब से पार्किंग की जगह अलाट की जाएगी। यह पहला मौका है, जब इस तरह की अलॉटमेंट हो रही है।
वन बेड रूम के फ्लैट धारक को दोपहिया वाहन की पार्किंग ई-मार्क करके दी जाएगी, जबकि इससे ऊपर के फ्लैट धारक को एक-एक कार पार्क करने की जगह अलाट की जाएगी। इसके अलावा ओपन एरिया अलग से होगा, जहां बाहर से आने वाले लोग वाहन पार्क कर सकते हैं।