Haryana Urban Body Election: नगर निकायों के सीधे चुने गए चेयरमैन को पद से हटाना नहीं होगा आसान, जानिए क्या है प्रक्रिया
अविश्वास प्रस्ताव पर संबंधित जिले के डीसी या उनके अधिकृत किसी सरकारी अधिकारी न्यूनतम 14 दिनों के नोटिस पर विशेष बैठक बुलाकर निर्वाचित सदस्यों के तीन चौथाई बहुमत से पारित होने पर अविश्वास प्रस्ताव को पारित मानेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में पहली बार 46 निकायों (18 नगर परिषद एवं 28 नगर पालिकाओं) में सीधे चुने गए चेयरमैन को पद से हटाना आसान नहीं है। अविश्वास प्रस्ताव से चेयरमैन को हटाने के लिए सदन में सदस्यों का तीन चौथाई बहुमत होना आवश्यक है।
दिसंबर, 2020 में हरियाणा नगरपालिका (दूसरा संशोधन ) कानून, 2020 के लागू होने के फलस्वरूप हरियाणा म्यूनिसिपल कानून, 1973 में डाली गई धारा-17 ए अस्तित्व में आ चुकी है। इसमें प्रावधान है कि मतदाताओं के प्रत्यक्ष रूप से निर्वाचित नगर निकाय चेयरमैन को पद से हटाने के लिए कम से कम आधे निर्वाचित सदस्य (पार्षदों) विश्वास प्रस्ताव ला सकते हैं। निर्वाचित सदस्यों की संख्या की गणना करते समय संबंधित निकाय के चेयरमैन को भी शामिल किया जाएगा।
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट हेमंत कुमार ने बताया कि अविश्वास प्रस्ताव पर संबंधित जिले के डीसी या उनके अधिकृत किसी सरकारी अधिकारी न्यूनतम 14 दिनों के नोटिस पर विशेष बैठक बुलाकर निर्वाचित सदस्यों के तीन चौथाई बहुमत से पारित होने पर अविश्वास प्रस्ताव को पारित मानेंगे। इसकी सूचना राज्य सरकार को भेजी जाएगी, जिसे सरकार राज्य निर्वाचन आयोग को भेजेगी। उसके बाद आयोग अविश्वास प्रस्ताव पारित कर पद से हटाए नगर निकाय अध्यक्ष का नाम डी-नोटिफाई करेगा। उसके स्थान पर नए अध्यक्ष के निर्वाचन की कवायद शुरू की जाएगी। अगर पहला अविश्वास प्रस्ताव पारित नहीं हो पाता, तो आगामी छह माह तक सदस्य दोबारा प्रस्ताव नहीं ला सकेंगे।
नूंह से नवनिर्वाचित निकाय चेयरमैन मनोचा ने पार्षदों सहित डिप्टी सीएम से की मुलाकात
नूंह नगरपरिषद से जजपा-भाजपा गठबंधन के नवनिर्वाचित चेयरमैन संजय मनोचा शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से मिलने दिल्ली स्थित जेजेपी केंद्रीय कार्यालय पर पहुंचे। मनोचा ने जीत की खुशी में उपमुख्यमंत्री का मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। डिप्टी सीएम ने नूंह सीट जीतने पर नवनिर्वाचित चेयरमैन संजय मनोचा सहित आधा दर्जन पार्षदों को जीत की बधाई देते हुए नूंह नगरपरिषद क्षेत्र के विकास, जनता की सहूलियत और जरूरत का विशेष ध्यान रखने की बात कही।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार की ओर से नूंह क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव सहायता की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने गठबंधन की जीत पर जेजेपी-बीजेपी कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी। इस अवसर पर जेजेपी के वरिष्ठ नेता अनंतराम तंवर, पूर्व मंत्री हर्ष कुमार, दिनेश डागर, दलबीर धनखड़, बदरूद्दीन, जेजेपी जिला अध्यक्ष इकबाल जैलदार, नवनिर्वाचित पार्षद नियामत खान, सुनीता अदलखां, गौरव गुप्ता, सभा परवीन, सन्नी गुप्ता, घनश्याम बागड़ी मौजूद रहे।