अब बिना रजिस्ट्रेशन चंडीगढ़ में नहीं मिलेगी एंट्री, थर्मल स्क्रीनिंग भी अनिवार्य
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ में कोरोना के मामले एक बार फिर से बढ़ने लगे हैं। ज्यादातर मामले हाल ही में पड़ोसी राज्यों से आए लोगों की वजह से आए हैं। ऐसे में अब प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लेते हुए यह तय किया है कि अब शहर में सिर्फ उन्हीं लोगों को दाखिल होने की इजाजत मिलेगी, जिन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन की वेबसाइट पर अपना रजिस्ट्रेशन कराया होगा।
चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने गुरुवार को ट्राइसिटी के अधिकारियों के साथ एक बैठक की। बैठक में प्रशासक ने शहर में बढ़ रहे कोरोना के मामलों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शहर में कोरोना के जो नए मामले सामने आए हैं, उनमें से ज्यादातर मामले हाल ही में दूसरे राज्यों से लौटे लोगों की वजह से सामने आए हैं। ऐसे में यह बेहद जरूरी है कि पड़ोसी राज्यों से आने वाले संक्रमण को रोका जाए।
प्रशासक ने चंडीगढ़ के डीजीपी को आदेश दिए कि वह शहर के सभी एंट्री प्वाइंट्स पर कड़ी निगरानी रखें और सिर्फ उन्हीं लोगों को शहर में दाखिल होने दिया जाए, जिन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन की वेबसाइट पर अपना रजिस्ट्रेशन कराया हो। प्रशासक ने यह भी कहा कि बॉर्डर पर सभी व्यक्तियों की थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य रूप से की जाए। इसके अलावा सभी के मोबाइल में चेक किया जाए कि आरोग्य सेतु एप डाउनलोड है या नहीं।
बाहर से आने वालों को होम क्वारंटीन करने पर विचार
प्रशासक ने स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता को आदेश दिए कि वह जांच करें कि पड़ोसी राज्यों से आने वाले लोगों को सेल्फ क्वारंटीन करने की बजाय, क्यों न उन्हें सेल्फ होम क्वारंटीन किया जाए। इससे बाहर से आने वाले लोगों के शहर के विभिन्न हिस्सों में घूमने पर लगाम लगाई जा सके।
प्रशासक ने यह भी कहा कि जो लोग सेल्फ-क्वारंटीन के नियमों को तोड़ रहे हैं, क्यों न उन्हें सजा के तौर पर प्रशासन की तरफ से तैयार किए गए क्वारंटीन सेंटर में ले जाया जाए और उन्हें वहां पर क्वारंटीन किया जाए। हालांकि यह तय करने के लिए प्रशासक ने फैसला एडवाइजर मनोज परिदा पर छोड़ दिया।
शहर के रुके हुए प्रोजेक्ट्स को पूरा करने के आदेश
बैठक में वित्त सचिव अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से एक स्पेशल श्रमिक ट्रेन चलाई जा रही है, जो कि चंडीगढ़ में फंसे प्रवासी मजदूरों व अन्य लोगों को उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ जिलों में लेकर जाएगी।
प्रशासक ने नगर निगम के कमिश्नर केके यादव को आदेश दिए कि आने वाले मानसून को लेकर वह सभी तरह की तैयारियों को सुनिश्चित करें, ताकि शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके अलावा प्रशासक ने चंडीगढ़ के चीफ इंजीनियर को आदेश दिए कि वह लंबित पड़े कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट जिनमें कि शूटिंग रेंज, विंटेज कार म्यूजियम, इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, साइकिल ट्रैक के मरम्मत व सड़क के रिकारपेंटिंग के कार्य को जल्द से जल्द पूरा करें।