राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा कल, यहां से करें प्रवेश पत्र डाउनलोड, 36 हजार मिलेगी स्कॉलरशिप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के सिरसा में 4 अलग-अलग स्कूलों में 4 नवंबर को राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा के तहत प्रथम चरण की परीक्षा होगी। परीक्षा का आयोजन दो सत्र में होगा। मानसिक क्षमता परीक्षण संबंधी परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक व शैक्षिक योग्यता टेस्ट संबंधी परीक्षा सांय डेढ़ बजे से साढ़े 3 बजे तक करवाई जाएगी। परीक्षा में 10वीं के वे छात्र भाग लेंगे, जिन्होंने अगस्त व सितंबर में राज्य शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) हरियाणा की वेबसाइट पर आवेदन किया था। सिरसा जिला से उक्त परीक्षा में 1050 विद्यार्थी बैठेंगे।
छात्र एससीईआरटी की वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। संबंधित स्कूलों के मुखिया इस कार्य में छात्रों की मदद करेंगे। प्रवेश पत्र को डाउनलोड करने के लिए छात्रों को अपने नाम और जन्मतिथि की आवश्यकता होगी। प्रवेश पत्र में परीक्षार्थी का अनुक्रमांक और परीक्षा केंद्र की जानकारी दी गई है। ऐसे में प्रवेश पत्र के बिना किसी भी छात्र को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रथम चरण की परीक्षा उत्तीर्ण करने पर मिलेगा दूसरी में बैठने का मौका
प्रथम चरण में उत्तीर्ण होने वाले परीक्षार्थियों को 4 मई 2019 को होने वाली दूसरे चरण की प्रतियोगिता में बैठने का अवसर मिलेगा। वहीं प्रथम लेवल की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले प्रदेश के 1000 विद्यार्थियों, जिनमें 750 हरियाणा बोर्ड व 250 सीबीएसई बोर्ड के विद्यार्थियों को हरियाणा साइंस टेलेंट सर्च स्कॉलरशिप द्वारा दो वर्ष तक 18-18 हजार यानि 36 हजार रुपए की स्कॉलरशिप दी जाएगी। वहीं विद्यार्थी स्कॉलरशिप लेने के तभी हकदार होंगे, जब उनके पास 11 वीं व 12 वीं कक्षा में साइंस विषय होगा।
शहर के इन स्कूलों में होगी परीक्षा
जिला शिक्षा विभाग द्वारा राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा को लेकर 4 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। जिनमें आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिरसा, राजकीय गर्ल्ज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शाह सतनाम मार्ग सिरसा, राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिरसा व आरकेपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नेहरु पार्क सिरसा शामिल हैं। उक्त सभी परीक्षा केन्द्रों पर करीब 1050 विद्यार्थी स्कॉलरशिप हेतु परीक्षा देंगे। वहीं विभाग ने परीक्षा के औचक निरीक्षण को लेकर भी टीमों का गठन कर दिया गया है।
दो चरणों में होगी परीक्षा
राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन एक ही दिन में दो चरणों में होगा। प्रथम चरण में सुबह 10 से 12 बजे तक विद्यार्थियों की मानसिक क्षमता परीक्षण होगा। उक्त परीक्षा 100 अंकों की होगी। इसके पश्चात दोपहर बाद करीब 1:30 बजे शैक्षिक योग्यता टेस्ट संबंधी परीक्षा होगी। उक्त परीक्षा भी 100 अंकों की होगी। जिसमें गणित व साइंस विषय के 40-40 अंकों के प्रश्र पूछे जाएंगे। जबकि भाषा यानि हिंदी व अंग्रेजी विषय से 20 अंकों के प्रश्र होंगे।
स्कूल स्तर पर प्रतिभा को खोजने की दिशा में शिक्षा विभाग का यह बेहतरीन प्रयास है। सफल छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति उन्हें आगामी जीवन में श्रेष्ठ शिक्षा प्राप्त करने में सहायक होगी। परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। -नीरज पाहूजा, नोडल ऑफिसर एवं जिला गणित विशेषज्ञ, सिरसा।