मोहाली में कराया मैच, श्रीलंका का बताया, अंतरराष्ट्रीय बुकी गिरफ्तार, बीसीसीआई करेगी पूछताछ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस के मुताबिक, रविंदर डंडीवाल ने खुलासा किया है कि विदेशों में कराए गए टूर्नामेंट में पाकिस्तान, साउथ अफ्रीका समेत कई देशों के नामी क्रिकेटर, कोच, ट्रेनर, फिजियोथैरपिस्ट हिस्सा ले चुके हैं। पुलिस को अंदेशा है कि काली कमाई के इस खेल में कुछ नामी खिलाड़ी या रसूखदारों के नाम सामने आ सकते हैं। सोमवार को एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने प्रेस कांफ्रेंस में उसकी गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने आरोपी की नामी खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें भी दिखाईं।
इसके दो साथियों राजेश गर्ग निवासी वृंदावन गार्डन सोसाइटी पीर मुच्छला व पकंज कुमार निवासी विक्टोरिया सोसाइटी पीरमुच्छला को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। इनके पास से दो लैपटॉप, सात मोबाइल बरामद हुए हैं। एसएसपी ने बताया कि केस में अब चंडीगढ़ निवासी हैप्पी और कुज्जू को भी नामजद किया है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी रविंदर डंडीवाल मूलरूप से नोहर जिला हनुमानगढ़ राजस्थान का निवासी है। करीब पांच साल से वह मोहाली फेज-3बी1 में अपने चाचा के साथ रह रहा था।
पुलिस ने उसे वहीं से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बताया कि साल 2009 में उसने क्रिकेट काउंसिल ऑफ इंडिया के नाम से क्लब रजिस्टर कराया था। इसके बाद उसने मोहाली, अमृतसर व भोपाल में कई मैच कराए। यही नहीं, उसने पांच साल में आठ बड़े टूर्नामेंट श्रीलंका, आस्ट्रेलिया, नेपाल, थाइलैंड, अफगानिस्तान में भी कराए हैं और ऑनलाइन सट्टे से करोड़ों रुपये कमाए हैं। कुछ समय पहले ऑस्ट्रेलिया की विक्टोरिया पुलिस ने उसके भतीजों को पकड़ा था। उन्होंने भी रविंदर के नाम का खुलासा किया था। दूसरी तरफ बीसीसीआई 2017 से ही अपने खिलाड़ियों को इससे दूर रहने की सलाह दे रही थी। साथ ही पुलिस के संपर्क में थी।
बीसीसीआई भी करेगी पूछताछ
मंगलवार को बीसीआई के एंटी करप्शन सेल के ज्वाइंट कमिश्नर मोहाली आ रहे हैं। वह आरोपी से पूछताछ करेंगे। आरोपी के तार किस-किस से जुड़े हैं, यह भी तलाशा जा रहा है। कहीं किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में भी इसका दखल तो नहीं रहा, इस बात की भी जांच होगी।
मोहाली के फेज-2 में रहता है आरोपी
आरोपी मूलरूप से राजस्थान का रहने वाला है। लेकिन पिछले चार-पांच साल से वह मोहाली के फेज- दो में रह रहा है और यही से ही सट्टे का खेल विदेश तक चला रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी ज्यादातर विदेश में रहता है।
दो की पहले हो चुकी गिरफ्तारी
इस मामले में मोहाली पुलिस ने पहले ही दो आरोपियों को धर दबोचा है। उनसे भी पूरे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं आरोपियों के सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल की डिटेल्स को भी खंगाला जा रहा है।
ऐसे सजाया गया था स्टेडियम
जानकारी के मुताबिक स्वाड़ा के जिस ग्राउंड को श्रीलंका का ग्राउंड बताया गया था। पता चला है कि उसे श्रीलंका के ग्राउंड के रूप में दिखाया गया था। इस ग्राउंड के किनारों पर बाकायदा फ्लैग लगाए गए थे। जो कि नीले रंग के थे। इन पर एसआई लिखा हुआ था। इसी तरह ग्राउंड के बाहरी साइड पर गजीबों भी लगाए गए थे। जहां पर आकर खेलने वाले खिलाड़ी आराम करते थे। इसके अलावा दर्शकों का इंतजाम भी किया गया था। इन सभी चीजों की जांच की जा रही है।
हाई रेजोल्यूशन कैमरों से होता था प्रसारण
आरोपी ने पंजाब के खरड़ में टी-20 मैच का आयोजन किया था। हाई रेजोल्यूशन कैमरों के जरिए मैच की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग कई वेबसाइटों पर की गई। दावा यह किया गया कि मैच श्रीलंका में खेला जा रहा है। जबकि वास्तविकता यह थी कि मैच चंडीगढ़ के पास एक गांव में खेला जा रहा था।
इसे लेकर श्रीलंका किक्रेट बोर्ड ने शिकायत की थी। जिसके बाद मोहाली पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई। इस मामले पर बीसीसीआई ने भी अपनी नजरें बनाए रखी थीं। आरोपी मैच कराने के लिए कैमरों की सेटिंग कुछ ऐसे करते थे कि वह मैच वास्तविक जैसा लगता था। फर्जी दावों के साथ कई वेबसाइटों पर प्रसारित करते थे और सट्टे के जरिए मोटी कमाई करते थे। आरती पटेल, संदीप जैन, गुल्लू जैन निवासी दिल्ली समेत कई लोग आरोपी के साथी हैं।
खरड़ में चार टीमें बनाकर कराया था टूर्नामेंट
इन सट्टेबाजों की रही अहम भूमिका
आरोपी ने बताया कि उसे क्रिकेट के इंटरनेशनल मैच कराने का अनुभव है। क्रिकेट की दुनिया में सट्टेबाजी करने वाले दिल्ली निवासी बुकी राहुल पटेल, संदीप जैन, कुल्लू जैन, गूगल भी उसके गोरखधंधे में शामिल थे।
जालंधर से बनवाई श्रीलंका जैसी ड्रेस, सारा रिकॉर्ड पुलिस के पास
आरोपी ने टूर्नामेंट से पहले फुलप्रूफ तैयार की थी। उसने श्रीलंका के खिलाड़ियों जैसी हूबहू ड्रेस जालंधर में तैयार कराई थी। इसका आर्डर ऑनलाइन दिया था। पुलिस ने उस फर्म का सारा रिकार्ड कब्जे में ले लिया है, जहां से उसने वर्दियां बनवाई थीं।
स्वाड़ा के मैदान को यूं दिखाया श्रीलंका
खरड़ के गांव स्वाड़ा के मैदान को श्रीलंका का दिखाने के लिए भी रविंदर ने बहुत सर्च की। मैच को कवर करने के लिए हाई रेेज्योलेशन वाले हाईटैक कैमरे लगवाए गए थे। ताकि सोशल एप पर चलता हुआ मैच श्रीलंका का दिखे। लाइव कवरेज दिखाने के लिए इंटरनेट का टावर तक लगाया गया था। इसके अलावा ग्राउंड के किनारे पर बैठने के लिए शानदार हट बनवाईं थीं। सेलिब्रेशन व लीग के फ्लैग भी लगाए हुए थे।
श्रीलंका से लेकर ऑस्ट्रेलिया तक सक्रिय था डंडीवाल का नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक, पिछले सप्ताह ऑस्ट्रेलिया की विक्टोरिया पुलिस की गिरफ्त में आए उसके भतीजे वहां कुक का काम करते हुए मैच फिक्सिंग और सट्टेबाजी में सक्रिय थे। इतना ही नहीं ब्राजील और इजिप्ट में हुई टेबल टेनिस सीरीज में भी उन्होंने कई मैच फिक्स कराए थे। पुलिस ने रविंदर डंडीवाल का पासपोर्ट जब्त कर लिया है। इससे साफ हुआ कि वह पहले जीरकपुर रहता था, फिर मोहाली आया। ज्यादातर समय विदेशों में बिताता था।
पहली बार टीम लेकर गया था श्रीलंका
आरोपी ने बताया कि साल 2016 के अगस्त-सितंबर महीने में वह पहली बार 18 सदस्यीय टीम लेकर श्रीलंका गया था। इसमें खिलाड़ी, फिजियो कोच, मैनेजर व खुद शामिल था। साल 2016 के दिसंबर में अपने क्लब की टीम को लेकर ऑस्ट्रेलिया भी गया था। जहां पर बिलो फेस्ट नाम पर हर साल होने वाले क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था। इस टूर्नामेंट में मैच फिक्सिंग को लेकर बड़े स्तर पर स्कैंडल होने पर उसका नाम जुड़ा था। इसकी जानकारी गूगल पर उपलब्ध है। मार्च 2017 में आरोपी अपने क्लब सीसीआई के अधीन टीम लेकर क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लेने दुबई गया था। वहां पर क्रिकेट में दिलचस्पी रखने वाले स्पॉन्सर व बुकी से उसका संपर्क हुआ था।
नेपाल में करवाए मैचों में खूब पैसा कमाया
रविंदर ने पुलिस को बताया कि उसने एशियन क्लब प्रीमियर लीग (एपीएल) टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट अपनी अल्टीमेट स्पोर्ट्स मैनेजमेंट कंपनी के अधीन काठमांडू कराया था। इस टूर्नामेंट को रविंदर ने स्पांसर किया था। इसमें बड़े स्तर के बुकी शामिल हुए थे। इस टूर्नामेंट में बड़े स्तर पर सट्टेबाजी होने की एक वजह यह भी थी कि इस टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण एक नामी चैनल पर किया गया था।
थाईलैंड में टेनिस टूर्नामेंट कराया
आरोपी ने अप्रैल 2018 में अपने एक जानकार के साथ मिलकर थाईलैंड ओपन के नाम से लॉन टेनिस एसोसिएशन ऑफ थाईलैंड के अधीन भी टूर्नामेंट कराया था।
अफगानिस्तान प्रीमियम लीग में हुआ था शामिल
आरोपी ने पुलिस को बताया कि अक्तूबर 2018 में वह अफगानिस्तान प्रीमियर लीग में केबल जबनान नाम की टीम के सीईओ (चीफ ऑपरेटिंग अफसर) के रूप में दुबई जा चुका है। लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने किसी कारण के चलते उसे टीम से हटा दिया था। रविंदर के मुताबिक इस टूर्नामेंट को शारजाह यूएआई के असीम सेठी नाम के व्यक्ति ने आर्गेनाइज किया था। उसकी कंपनी का अफगानिस्तान बोर्ड से टाईअप था। इसमें कंपनी का हिस्सा 49 फीसदी व बोर्ड का 51 फीसदी रहा है।